आरक्षित वन में रात को खोद डाली मिट्टी : टीम पहुंची तो भागे
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Nov 4, 2026
जेसीबी-डंपर लेकर फरार हुए लोग, चार नामजद आरोपियों पर रिपोर्ट
उन्नाव। असोहा क्षेत्र के कांथा तेजीखेड़ा स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में रात के अंधेरे में मिट्टी का अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो खनन में लगे लोग जेसीबी और डंपर लेकर भाग निकले। मौके पर खड़ी एक चार पहिया गाड़ी को भी लेकर लोग फरार हो गए। वन विभाग की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बीट प्रभारी मोहिनी तिवारी की ओर से असोहा थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक, एक नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कांथा तेजीखेड़ा के आरक्षित वन क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। इस पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम को दूर से आता देखकर खनन में लगे लोग जेसीबी और डंपर लेकर भाग गए। घटनास्थल के पास एक चार पहिया वाहन संख्या UP32NV 9292 खड़ा था। टीम के करीब पहुंचने से पहले ही उसे भी लेकर लोग फरार हो गए। तहरीर में पवन कुमार पुत्र सुजान निवासी छोटी बहेरिया, थाना असोहा और जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ जीतू पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी ग्राम हसनापुर, थाना सोहरामऊ पर वन विभाग की सरकारी जमीन पर मिट्टी खुदवाने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि खोदी गई मिट्टी लखनऊ के मोतीनगर चारबाग स्थित अनमोल इंटरप्राइजेज के संजीव कटियार और कृष्णानगर निवासी आदित्य कुमार के कुशेहरी भल्लाफार्म के पास स्थित प्लॉट में डाली गई थी। तहरीर के मुताबिक, प्लॉट पर मौजूद लोग भी वन विभाग की टीम को देखकर भाग गए थे।पुलिस ने तीन नवंबर 2026 को पवन कुमार, जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ जीतू, संजीव कटियार निवासी मोतीनगर चारबाग (अनमोल इंटरप्राइजेज) और आदित्य कुमार पुत्र रमेशचंद्र निवासी कृष्णानगर, लखनऊ के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 और 63 के साथ सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 2 और 3 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन