बंद कमरे में उठीं आग की लपटें : महिला की गई जान
Thu, Jun 25, 2026
कमरे में अकेली थी महिला, पुलिस आत्महत्या और हादसे दोनों एंगल पर जांच में जुटी
उन्नाव। मौरावां कस्बे में गुरुवार देर रात एक घर में लगी आग ने एक महिला की जान ले ली। पुरानी बाजार इलाके में संदिग्ध हालात में उठीं आग की लपटों के बीच घर में अकेली मौजूद 45 वर्षीय उर्मिला बाहर नहीं निकल सकीं और जिंदा जल गईं। शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह का मामला सामने आया है। पुलिस आत्महत्या और हादसे दोनों पहलुओं को खंगाल रही है।मौरावां के पुरानी बाजार निवासी जगदीश साहू और उनकी पत्नी उर्मिला के बीच पिछले कई महीनों से रिश्तों में तनाव चल रहा था। इसी वजह से पति अपने बच्चों के साथ बगल के मकान में रहने लगा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद जगदीश अपनी तीन बेटियों को लेकर दूसरे घर चला गया। उर्मिला घर में अकेली रह गई थीं।रात करीब एक बजे अचानक घर के भीतर से आग की तेज लपटें उठने लगीं। बगल के मकान में सो रहे जगदीश ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुलाया। साथ ही दमकल और पुलिस को सूचना दी गई। मोहल्ले के लोगों ने सबमर्सिबल चलाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई अंदर नहीं जा सका। करीब 25 मिनट बाद पुरवा अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए फायरकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कमरे की खिड़की तोड़कर भीतर पानी डाला गया। लगभग एक घंटे की कोशिश के बाद जब आग शांत हुई तो अंदर उर्मिला का जला हुआ शव मिला। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पोस्टमार्टम में शरीर के साथ हड्डियां तक जल जाने की पुष्टि हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। जगदीश ने पुलिस को बताया कि उसके दो बेटे ऋषि और अंशू मुंबई में नौकरी करते हैं, जबकि तीन बेटियां सुदीक्षा, नंदनी और सुरभि उसके साथ रहती हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि करीब 20 दिन पहले पति-पत्नी के विवाद के बाद उर्मिला अपने भाई लालता प्रसाद के साथ मायके चली गई थीं। पति के बुलाने पर वह 22 जून को वापस लौटी थीं। लेकिन लौटने के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरासोया ने बताया कि प्राथमिक जांच में महिला द्वारा खुद आग लगाने की आशंका सामने आई है, लेकिन अभी हर पहलू पर जांच जारी है। वहीं मौरावां थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि अब तक मायके पक्ष या परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के लिए अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आग खुद लगाई गई या किसी और वजह से यह हादसा हुआ। फिलहाल सच की परतें जांच के बाद ही साफ हो पाएंगी।
परमनी गांव में बरकोता ड्रेन सफाई कार्य का शुभारंभ : विधायक पंकज गुप्ता ने किया शिलापट्ट अनावरण
Thu, Jun 25, 2026
बोले विधायक, स्वच्छ और सुंदर गांव के लिए जनसहभागिता जरूरी
उन्नाव। सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड सिकंदरपुर सरोसी के ग्राम परमनी में बरकोता ड्रेन की साफ-सफाई कार्य का शुभारंभ गुरुवार को सदर विधायक पंकज गुप्ता ने शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ सफाई अभियान की शुरुआत कर क्षेत्रीय विकास और स्वच्छता पर जोर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर गांव की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि बरकोता ड्रेन की सफाई से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और गांव में स्वच्छता का वातावरण बनेगा, जिससे लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का उत्साह व सहभागिता यह साबित करता है कि सामूहिक प्रयासों से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग की अपील की।इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेश राजपूत, ग्राम प्रधान सुरेश, राजन पंडित, रामऔतार, छोटे मिस्त्री, रामभरत सिंह, धनंजय सिंह, सोनू पंडित, रामशंकर लोधी, रामू राजपूत, रामआसरे, घनश्याम राजपूत, संजय लोधी, डब्बू सिंह चंदेल, सुमित सिंह, पिंटू सिंह, जगत सिंह, बालू मिश्रा, कप्तान राना, प्रधान सुजीत, प्रधान बेचेलाल, प्रधान संदीप समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मजदूरी करने वाले युवक ने दी जान : घर में मिला शव
Thu, Jun 25, 2026
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शुरू की जांच
उन्नाव। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के बजेहरा गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। बजेहरा गांव निवासी 35 वर्षीय छेदी लाल पुत्र स्वर्गीय जगदेव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार सुबह काफी देर तक वह घर में नजर नहीं आए तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उनका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। यह देख परिवार के होश उड़ गए। आनन-फानन परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची सोहरामऊ थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, छेदी लाल परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और तीन बेटे हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।थानाध्यक्ष अरविंद पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।