तेल बेचने से लेकर पैकिंग तक : हर कदम पर मिली गड़बड़ी
Sun, Nov 1, 2026
नवाबगंज में खाद्य विभाग की चार प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, 32.74 लाख के खाद्य पदार्थों का ब्योरा दर्ज
उन्नाव। त्योहारों और रोजमर्रा की जरूरतों में इस्तेमाल होने वाले खाद्य तेल और दूसरे खाद्य पदार्थों की बिक्री में नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। नवाबगंज क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चार प्रतिष्ठानों की जांच की तो कहीं बिना लाइसेंस खुला तेल बेचा जा रहा था, तो कहीं पैकिंग और लेबल पर जरूरी जानकारियां दर्ज करने में लापरवाही मिली। जांच के दौरान गंदगी और री-पैकिंग से जुड़ी अनियमितताएं भी सामने आईं। विभाग ने कार्रवाई करते हुए चारों प्रतिष्ठानों में संबंधित निर्माण कार्य बंद करा दिया। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय प्रियंका सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 13 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए। विभागीय रिकॉर्ड में करीब 32.74 लाख रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थ और तेल का विवरण दर्ज किया गया। इनमें 6,966 किलोग्राम खाद्य पदार्थ और 11,958 लीटर खाद्य तेल शामिल हैं।
कहीं लाइसेंस नहीं, कहीं पैकिंग में खेल
जांच के दौरान विजय कुमार के प्रतिष्ठान पर बिना लाइसेंस खुले खाद्य तेल की बिक्री किए जाने का मामला मिला। वहीं रामकिशोर साह के यहां साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं मिली। पैकिंग में भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। इस पर विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी किया।इसके अलावा प्रज्वल ट्रेडर्स और गणेश ट्रेडर्स में भी खाद्य पदार्थों की पैकिंग और लेबलिंग में कमियां पाई गईं। खाद्य सामग्री के पैकेट पर जरूरी जानकारियां और निर्धारित नियमों का पालन नहीं होने पर विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों में अनियमितताओं से जुड़े निर्माण कार्य बंद करा दिए हैं। टीम की ओर से लिए गए 13 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। सहायक आयुक्त प्रियंका सिंह के मुताबिक, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम : विधायक ने बढ़ाया हौसला
Sun, Nov 1, 2026
पंकज गुप्ता, बोले- पारंपरिक खेलों से युवाओं में बढ़ता है अनुशासन और साहस
उन्नाव। गांवों में लगने वाले दंगल आज भी लोगों के बीच खास आकर्षण रखते हैं। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच और जोर आजमाइश देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटते हैं। रविवार को सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक के करोवन, मैनी खेड़ा स्थित मनशेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। संजय प्रधान की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। सदर विधायक पंकज गुप्ता भी कार्यक्रम में पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान विधायक ने कहा कि कुश्ती भारतीय संस्कृति और पारंपरिक खेल विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर भी देते हैं। उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों से युवाओं में अनुशासन, साहस और शारीरिक क्षमता विकसित होती है। प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ मेहनत करने का जज्बा भी बढ़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए। विधायक ने अखाड़े में पहलवानों के मुकाबले देखे और उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजकों ने माला और पारंपरिक पगड़ी पहनाकर विधायक का स्वागत किया। इस मौके पर हरिगोबिन्द सिंह, उदन चौरसिया, आलोक तिवारी, शीलू यादव, अम्बुज गुप्ता, रविन्द्र यादव, राजेश चौधरी, हरिओम शुक्ला और ओम शुक्ला समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
देश को जोड़ने वाले पटेल : समाज को दिशा देने वाले आचार्य
Sat, Oct 31, 2026
सपा कार्यालय में महापुरुषों की जयंती पर उनके योगदान को याद किया गया
उन्नाव। राजनीति में विचारों और सिद्धांतों की अहमियत बताने के लिए समाजवादी पार्टी ने शनिवार को जिला कार्यालय में दो अलग-अलग विचारधाराओं से जुड़े महापुरुषों को एक साथ याद किया। मौका था लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और समाजवादी चिंतक आचार्य नरेंद्र देव की जयंती का। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने दोनों के योगदान को याद करते हुए देश की एकता, सामाजिक न्याय और शिक्षा के महत्व पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मल्लावां विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी ब्रजेश वर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने आजादी के बाद देशी रियासतों को भारतीय गणतंत्र में शामिल कराने में बड़ी भूमिका निभाई। उनकी मजबूत इच्छाशक्ति और फैसले लेने की क्षमता ने देश को एकजुट रखने में अहम योगदान दिया। वहीं आचार्य नरेंद्र देव ने शिक्षा और समाजवादी विचारधारा के जरिए समाज में बदलाव की राह दिखाई। उनके विचार आज भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। सपा जिलाध्यक्ष जयचन्द्र विमल ने कहा कि दोनों महापुरुषों का योगदान केवल इतिहास तक सीमित नहीं है। सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता और अखंडता की सीख देता है, जबकि आचार्य नरेंद्र देव के विचार सामाजिक बराबरी और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं। मौजूदा समय में भी समाज को उनके बताए रास्ते से सीख लेने की जरूरत है।
इस मौके पर पूर्व सांसद और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव अन्नू टंडन की मौजूदगी भी रही।
अन्नू टंडन ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। वहीं आचार्य नरेंद्र देव ने शिक्षा, सामाजिक समानता और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में उनके जीवन, संघर्ष और विचारों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुंदरलाल लोधी, राधेलाल रावत, अंकित सिंह परिहार, आंचल वर्मा, गोविंद यादव, वीरेंद्र शुक्ला, रमन पटेल, मंटू कटियार, सुरेश पाल, मो. इस्माइल, मंजीत यादव, राजेश यादव उर्फ साधु, धीरेंद्र यादव, राजेश मिश्रा, सभासद मनोज यादव, विनोद पाल और अशोक सिंह चंदेल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।