सरकार ने बढ़ाया मानदेय : 365 अनुदेशकों को मिला लाभ, मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, May 17, 2026
मंत्री नितिन अग्रवाल बोले, शिक्षा व्यवस्था मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता
उन्नाव। विकास भवन सभागार में रविवार शाम माहौल पूरी तरह शिक्षकों और अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान के नाम रहा। मंच पर जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे, जबकि सभागार में बड़ी संख्या में शिक्षक और अनुदेशक जुटे। मौका था अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह का, जहां सरकार की ओर से बढ़े हुए मानदेय के चेक वितरित किए गए और बेहतर काम करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान सदर विधायक पंकज गुप्त, डीएम घनश्याम मीणा और एसएसपी जयप्रकाश सिंह समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह में उन शिक्षकों और अनुदेशकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया है। कार्यक्रम के दौरान पांच अंशकालिक अनुदेशकों को 17-17 हजार रुपये के चेक दिए गए। इसके अलावा 100 से ज्यादा अन्य लाभार्थियों को भी विभिन्न योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता वितरित की गई। मंत्री नितिन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां उन्हें 9 हजार रुपये मिलते थे, अब यह बढ़ाकर 17 हजार रुपये कर दिया गया है। उन्होंने इसे शिक्षकों के सम्मान और उनके योगदान की सराहना बताया। मंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं और उन्नाव में करीब 365 अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ मिला है। उनके मुताबिक सरकार शिक्षा से जुड़े लोगों को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत करने की दिशा में लगातार फैसले ले रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी डिजिटल माध्यम से दिखाया गया। सभागार में मौजूद लोगों ने इसे ध्यान से सुना। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक ही समाज और भविष्य की नई पीढ़ी तैयार करते हैं, इसलिए उनका सम्मान और मनोबल बढ़ाना बेहद जरूरी है। समारोह खत्म होने के बाद जब मंत्री नितिन अग्रवाल से विपक्ष के बयानों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीधे राजनीतिक टिप्पणी से बचते हुए कहा कि उनकी सरकार केवल काम पर भरोसा करती है। उन्होंने कहा कि 2017 से प्रदेश सरकार लगातार जनता के लिए काम कर रही है, इसी वजह से जनता ने 2022 में दोबारा मौका दिया। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भी प्रदेश में उनकी सरकार बनेगी। कार्यक्रम के दौरान सभागार में मौजूद शिक्षकों और अनुदेशकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे अनुदेशकों के लिए यह आयोजन राहत और सम्मान दोनों लेकर आया।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन