Fri 31 Jul 2026

ब्रेकिंग

हरदोई पुल पर युवक के घायल होने के बाद पुलिस ने बढ़ाई सख्ती, पतंग दुकानों पर चली जांच

ऐतिहासिक ठाकुर द्वारा मंदिर को मिलेगा नया स्वरूप

ऐरा भदियार में 100 एमटी क्षमता के नए गोदाम का लोकार्पण

डीएम से लगाई न्याय की गुहार

2 अगस्त को होगा महर्षि वेदव्यास अंतर्राष्ट्रीय गुरुकुल विद्यापीठ का भव्य शुभारंभ

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

कांवड़ियों की राह में नहीं रहेगा कोई रोड़ा : सावन से पहले अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Fri, Jul 24, 2026
Post views : 56

गांधी नगर तिराहे से बड़ा चौराहा तक चला अभियान, सड़क-फुटपाथ और नालियों पर कब्जे साफ

उन्नाव। सावन में कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले शहर की सड़कों को खाली कराने का काम शुरू हो गया है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरी। गांधी नगर तिराहे से शुरू हुई कार्रवाई में सड़क और फुटपाथ तक फैली दुकानों को पीछे कराया गया। नालियों के ऊपर बनाए गए अस्थायी निर्माण भी जेसीबी से हटाए गए। अभियान के दौरान कई जगह दुकानदारों ने कार्रवाई शुरू होने से पहले ही अपना सामान समेट लिया। जहां सामान नहीं हटाया गया, वहां नगर पालिका की टीम ने उसे हटवाया। सड़क किनारे लगे टीन शेड, अस्थायी ढांचे और फुटपाथ पर रखे सामान को भी हटाया गया। नालियों पर किए गए कब्जों को हटाकर रास्ता साफ कराया गया।

गांधी चौराहे से बड़ा चौराहा तक चला अभियान

शुक्रवार को अभियान गांधी चौराहे से शुरू होकर बड़ा चौराहा होते हुए नगर पालिका कार्यालय तक पहुंचा। कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकानदारों को साफ चेतावनी दी कि दोबारा सड़क, फुटपाथ या नाली पर सामान रखकर रास्ता बाधित किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। इससे कार्रवाई के दौरान कहीं कोई विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।

नाली से नाली तक खाली कराई जाएगी सड़क

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राम आसरे कमल ने बताया कि शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान में नाली से नाली तक किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। सड़क पर रखा सामान, फुटपाथ पर कब्जा और नालियों के ऊपर किए गए निर्माण भी कार्रवाई के दायरे में हैं।

पहले मुनादी, फिर कार्रवाई

अधिकारियों के अनुसार, शहर के दूसरे इलाकों में अभियान चलाने से पहले मुनादी कराकर लोगों को अतिक्रमण स्वयं हटाने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद भी यदि किसी स्थान पर अतिक्रमण मिला तो नगर पालिका और प्रशासन की टीम नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

एक दिन का अभियान नहीं, आगे भी चलेगा

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई सिर्फ शुक्रवार तक सीमित नहीं रहेगी। शहर की प्रमुख सड़कों और कांवड़ यात्रा से जुड़े मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जाएगा। अगले चरण में किन इलाकों को शामिल किया जाएगा, इसकी रूपरेखा अधिकारियों की समीक्षा के बाद तय होगी। प्रशासन का कहना है कि श्रावण मास में कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में सड़कें खुली रहने से पैदल यात्रियों के साथ-साथ वाहनों की आवाजाही भी सुचारु रहेगी। अधिकारियों ने दुकानदारों और आम लोगों से सड़क, फुटपाथ और नालियों पर दोबारा कब्जा न करने की अपील की है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन