हंगामे के बाद कार्रवाई : भैंसों से भरे लोडर रोकने पर हुए बवाल के मामले में चार पर रिपोर्ट
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, Nov 3, 2026
बजरंग दल कार्यकर्ता से मारपीट और धमकी देने का आरोप, तीन नामजद समेत कंडक्टर भी शामिल

आरटीओ कार्यालय के सामने वाहन रोकने पर हुआ था विवाद
उन्नाव। बजरंग दल कार्यकर्ता के साथ रविवार की रात को मारपीट के मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि पशुओं से भरे लोडर को रोकने पर दो युवकों ने कार्यकर्ता के साथ मारपीट की, जबकि चालक और कंडक्टर ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को दी तहरीर में लोडर में क्षमता से अधिक करीब पांच भैंसें ठूंसकर भरने और उनमें से एक के मरणासन्न हालत में पड़े होने की बात भी कही है। नवाबगंज निवासी वैभव श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि एक नवंबर को उन्हें और बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं को एक वाहन में पशुओं का अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने वाहन संख्या यूपी 71 बीटी 4897 का पीछा किया। आरोप है कि चालक तेज रफ्तार से वाहन भगाते हुए आरटीओ कार्यालय के सामने पहुंचा और वहां वाहन रोक दिया। कार्यकर्ताओं ने देखा कि लोडर में क्षमता से अधिक करीब पांच भैंसें ठूंसकर भरी थीं। इनमें एक भैंस मरणासन्न हालत में पड़ी थी। तहरीर के मुताबिक, वाहन रुकते ही अंकित यादव और नितिन यादव मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने वैभव के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट किया। वहीं, वाहन चालक असगर और अज्ञात कंडक्टर ने भी गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वाहन और उसमें लदे पशुओं को रोके रखा और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने अंकित यादव, नितिन यादव, फतेहपुर के बिंदकी निवासी लोडर चालक असगर और अज्ञात क्लीनर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
रात में जाम लगाकर कार्यकर्ताओं ने किया था प्रदर्शन
घटना से नाराज बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने रविवार रात करीब 10 बजे उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। कार्यकर्ता आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। संयोजक नितिन शुक्ल के मुताबिक, गदनखेड़ा चौराहे पर पशुओ से भरा वाहन ले जाए जाने की सूचना पर कार्यकर्ताओं ने उसे रोकने का प्रयास किया था। आरोप है कि चालक वाहन लेकर एआरटीओ कार्यालय के सामने एक घर के पास पहुंच गया। इसकी जानकारी पर वैभव श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद एक युवक ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उनसे मारपीट की। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया और जाम खुलवाकर यातायात सामान्य कराया।
ठूंसे जाते हैं पशु, कार्रवाई की जगह विवाद
पशुओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए वाहनों की क्षमता और परिवहन संबंधी नियम तय हैं, लेकिन जिले में कई बार पशुओं को भूसे की तरह भरकर ले जाने की शिकायतें मिलती हैं। इससे उनके घायल होने और अनावश्यक तकलीफ पहुंचने का खतरा रहता है। दूसरी ओर, ऐसे वाहनों को रोकने के नाम पर कुछ लोगों की ओर से अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। इधर, बजरंग दल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पशुओं की सप्लाई से जुड़े लोग वाहन रोके जाने पर थानों और कोतवाली पहुंचकर उन्हें छुड़वाने की पैरवी करते हैं।
दूध देने वाली भैंसें भी मिलीं, बच्चों से बिछड़ने पर जताई चिंता
बजरंग दल के संयोजक नितिन शुक्ल ने बताया कि वाहन में दूध देने वाली भैंसें भी थीं। पशुओं को इस हालत में ले जाने पर उन्होंने चिंता जताई। संगठन ने पशु परिवहन के निर्धारित मानकों का पालन कराने और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सप्लायरों के हैंडलर्स की सक्रियता भी चर्चा में
पशुओं की ढुलाई करने वाले वाहनों को रोके जाने पर सप्लायरों के निजी हैंडलर्स का मौके पर पहुंचकर वाहन छुड़वाने की पैरवी करना भी चर्चा का विषय है। कई बार इसी वजह से विवाद की स्थिति बन जाती है। जबकि परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और वाहनों की जांच कर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी पुलिस व संबंधित विभागों की है। रविवार रात की घटना में भी लोडर को लेकर हुए विवाद में राजनीतिक पहचान बताने वाले युवक की भूमिका भी सामने आई है। कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र के मुताबिक, मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन