Fri 31 Jul 2026

ब्रेकिंग

घायल युवक के इलाज के लिए आगे आए

ट्रक और एस्कॉर्ट कार समेत छह तस्कर पकड़े गए

हरदोई पुल पर युवक के घायल होने के बाद पुलिस ने बढ़ाई सख्ती, पतंग दुकानों पर चली जांच

ऐतिहासिक ठाकुर द्वारा मंदिर को मिलेगा नया स्वरूप

ऐरा भदियार में 100 एमटी क्षमता के नए गोदाम का लोकार्पण

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

गारनेट की बोरियों में छिपाकर ले जा रहे थे 151 किलो गांजा : ट्रक और एस्कॉर्ट कार समेत छह तस्कर पकड़े गए

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Fri, Jul 31, 2026
Post views : 73

उड़ीसा से ऊधम सिंह नगर जा रही थी 75 लाख की खेप, आगे-आगे चल रही डिजायर कार कर रही थी ट्रक की निगरानी

उन्नाव। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ उन्नाव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बारासगवर थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गारनेट पाउडर से लदे ट्रक और उसकी एस्कॉर्ट कर रही स्विफ्ट डिजायर कार से 151 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से छह तस्करों को गिरफ्तार कर ट्रक और कार को कब्जे में लिया है। पूछताछ में उड़ीसा से उत्तराखंड तक फैले तस्करी नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि धानीखेड़ा चौराहे पर बारासगवर पुलिस और सर्विलांस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पाटन की ओर से एक ट्रक और उसके आगे चल रही स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही महेशखेड़ा चौराहे पर बैरियर लगाकर दोनों वाहनों को रोक लिया गया।

गारनेट की बोरियों के बीच छिपाई थी खेप

तलाशी के दौरान ट्रक में लदे गारनेट पाउडर की बोरियों के बीच चार प्लास्टिक की बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था। वहीं स्विफ्ट डिजायर कार से भी एक बोरी गांजा बरामद हुई। कुल पांच बोरियों से 151 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार तस्करों ने सामान की आड़ में इतनी सफाई से गांजा छिपाया था कि सटीक सूचना के बिना इसका पता लगाना मुश्किल था।

आगे-आगे चल रही थी एस्कॉर्ट कार

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि ट्रक उड़ीसा से वेल्डिंग सामग्री लेकर लौट रहा था। इसी दौरान बलांगीर क्षेत्र से गांजे की खेप ट्रक में लोड कराई गई। रास्ते में किसी प्रकार की बाधा या पुलिस जांच की जानकारी देने के लिए ट्रक के आगे स्विफ्ट डिजायर कार चलाई जा रही थी, जो पूरे रास्ते एस्कॉर्ट का काम कर रही थी।

ऊधम सिंह नगर में होनी थी सप्लाई

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गांजे की खेप उन्नाव के रास्ते उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर भेजी जा रही थी। वहां अशोक उर्फ जग्गा नाम के व्यक्ति को माल सौंपा जाना था, जो आगे अलग-अलग क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और खरीदारों की तलाश में जुटी है।

मोबाइल, नकदी बरामद, वाहन सीज

कार्रवाई के दौरान छह मोबाइल फोन और 5,550 रुपये नकद भी बरामद किए गए। ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार के वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिस पर दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपित

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें रायबरेली निवासी राहुल सिंह (34), ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) निवासी विशाल दास (29), उन्नाव के इंदिरानगर निवासी अभिषेक यादव (26) (मूल निवासी घनश्यामखेड़ा), सोहरामऊ थाना क्षेत्र के भजनखेड़ा निवासी राम सिंह (25), घनश्यामखेड़ा निवासी अरविंद यादव (37) तथा बिहार थाना क्षेत्र के मनिकापुर निवासी विशाल (22) शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।

कई आरोपितों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में कई पहले भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं। राहुल सिंह पर रायबरेली में सरकारी कार्य में बाधा और एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। विशाल दास पर मिर्जापुर, ऊधम सिंह नगर और उन्नाव में एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। अभिषेक यादव और अरविंद यादव पर एनडीपीएस एक्ट के साथ गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे भी दर्ज हैं, जबकि राम सिंह और विशाल पर भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

ऑपरेशन का नेतृत्व थाना प्रभारी धर्मेन्द्रनाथ मिश्र ने किया। टीम में उपनिरीक्षक राम कुमार यादव, हेड कांस्टेबल चन्द्रेश कुमार तथा कांस्टेबल पवन कुमार, नरेन्द्र सिंह, अभिषेक अहिरवार, बसंत कुमार पाल, प्रमोद कुमार शर्मा, रमाकांत यादव और भूपेंद्र यादव शामिल रहे। सर्विलांस टीम ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एसएसपी बोले

एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस गिरोह से जुड़े फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन