72 घंटे में चमकेगा शहर : जलभराव रोकने को नालों पर चला विशेष सफाई अभियान
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Jun 8, 2026
बरसात से पहले नगर पालिका की बड़ी तैयारी, 24 घंटे काम करेंगी टीमें

उन्नाव। बरसात के मौसम से पहले शहर को जलभराव की समस्या से मुक्त रखने के लिए नगर पालिका परिषद ने 72 घंटे का विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। पर्यावरण दिवस कार्यक्रमों के तहत चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत शहर की प्रमुख सड़कों और बड़े नालों की युद्धस्तर पर सफाई कराई जा रही है। नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा के प्रतिनिधि भानु मिश्रा ने अभियान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भानु मिश्रा ने बताया कि नाला सफाई का कार्य नगर पालिका द्वारा नियमित रूप से कराया जा रहा है, लेकिन मानसून को देखते हुए अब विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सामान्य रूप से नौ दिनों में पूरा होने वाला कार्य तीन दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कर्मचारियों और सफाई कर्मियों की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो लगातार 24 घंटे काम करेंगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य बारिश शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नालों की सफाई पूरी कर शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाना है, ताकि नागरिकों को बरसात के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अभियान के पहले दिन कुछ कर्मचारियों के देर से पहुंचने पर भानु मिश्रा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समय से ड्यूटी पर पहुंचना चाहिए। इस संबंध में नगर पालिकाध्यक्ष को अवगत कराया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। भानु मिश्रा ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में नगर पालिका ने शहर के अधिकांश हिस्सों में जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया है। उनके अनुसार नगर पालिका इस दिशा में करीब 95 प्रतिशत सफलता हासिल कर चुकी है और इस वर्ष 99 प्रतिशत सफलता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका ने हाल ही में एक अत्याधुनिक 4-इन-1 जेसीबी मशीन खरीदी है, जिसे जल्द ही जनता की सेवा में लगाया जाएगा। इसके अलावा 3DX, 2DX सहित अन्य मशीनें भी उपलब्ध हैं। पहले नालों की सफाई के लिए किराये की मशीनों और ठेकेदारों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश संसाधन नगर पालिका के पास होने से कार्य अधिक प्रभावी और कम खर्च में हो रहा है। भानु मिश्रा के अनुसार पिछले तीन वर्षों में नालों की सफाई पर करीब 1.11 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यह राशि मुख्य रूप से मजदूरी और डीजल मद में व्यय हुई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का बजट पहले जैसा ही है, लेकिन वर्तमान नेतृत्व में उसका बेहतर और पारदर्शी उपयोग किया जा रहा है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन