पांच करोड़ की सीएचसी पांच साल में ही बदहाल : दीवारों से झड़ रहा प्लास्टर
Wed, May 20, 2026
फतेहपुर चौरासी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की गुणवत्ता पर उठे सवाल, पानी टंकी भी बनी शोपीस
उन्नाव। सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। फतेहपुर चौरासी स्थित अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की इमारत महज कुछ वर्षों में ही जर्जर हालत में पहुंचने लगी है। करोड़ों रुपये खर्च कर तैयार कराई गई बिल्डिंग में जगह-जगह प्लास्टर टूटकर गिर रहा है, जबकि कई हिस्सों में सरिया तक बाहर दिखाई देने लगी है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और कर्मचारियों में भी चिंता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 में फतेहपुर चौरासी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिया गया था। इसके बाद स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नए भवन निर्माण की योजना शुरू हुई। राजकीय निर्माण निगम रायबरेली की ओर से करीब 5.45 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल और आवासीय भवन का निर्माण कराया गया। दिसंबर 2021 में भवन स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया गया था।लेकिन भवन हस्तांतरण के कुछ ही साल बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। अस्पताल परिसर में कई जगह दीवारों का प्लास्टर उखड़ चुका है। कुछ कमरों की छतों से भी प्लास्टर गिरने की शिकायत सामने आई है। हालात ऐसे हैं कि कई हिस्सों में सरिया तक साफ नजर आने लगी है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी लागत से बने सरकारी अस्पताल की हालत इतनी जल्दी खराब होना गंभीर मामला है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई होगी, तभी भवन कुछ वर्षों में ही जवाब देने लगा। अस्पताल में पेयजल व्यवस्था भी पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सकी है। परिसर में लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई ओवरहेड पानी टंकी आज तक उपयोग में नहीं आ पाई। बताया जा रहा है कि टंकी के संचालन के लिए मोटर की व्यवस्था नहीं हो सकी, जिसके कारण पूरी प्रणाली बंद पड़ी है। फिलहाल अस्पताल में पानी की आपूर्ति सबमर्सिबल पंप के जरिए की जा रही है।सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि भवन से प्लास्टर गिरने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ओवरहेड टैंक को चालू कराने के लिए कई बार विभाग से मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पुलिस में बड़ा बदलाव : कई थानों से जवान डायल-112 में भेजे गए
Wed, May 20, 2026
बढ़ती इमरजेंसी कॉल और त्वरित रिस्पॉन्स को देखते हुए पुलिस विभाग ने लिया फैसला
उन्नाव। जिले में आपातकालीन पुलिस व्यवस्था को और तेज व प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने जिले के अलग-अलग थानों में तैनात 115 पुलिसकर्मियों को डायल-112 सेवा में तैनात करने के आदेश जारी किए हैं। इस फैसले को जिले की इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जारी आदेश के मुताबिक, स्थानांतरित किए गए पुलिसकर्मियों में आरक्षी और मुख्य आरक्षी दोनों श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि संबंधित कर्मियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर नई तैनाती के लिए रवाना किया जाए। साथ ही अनुपालन रिपोर्ट भी पुलिस कार्यालय को भेजने के लिए कहा गया है। यह फेरबदल जिले के करीब 20 थानों से किया गया है। जिन थानों से पुलिसकर्मियों को डायल-112 में भेजा गया है, उनमें सदर कोतवाली, गंगाघाट, दही, माखी, सफीपुर, फतेहपुर चौरासी, बेहटा मुजावर, औरास, अजगैन, पुरवा, असोहा, बीघापुर, बिहार, बारासगवर, मौरावां, अचलगंज, बांगरमऊ, आसीवन, हसनगंज और सोहरामऊ प्रमुख हैं। स्थानांतरित पुलिसकर्मियों में आरक्षी प्रशांत कुमार, शाने आलम, प्रिंस कुमार, विवेक कुमार, मोहित यादव, अमित सिंह, देवेश कुमार, अंकुर यादव, राहुल कुमार, सुनील कुमार, प्रताप चौहान, रवि कुमार, नितिन कुमार हरिद्वा और राजाराम समेत कई नाम शामिल हैं। वहीं मुख्य आरक्षी श्रेणी से पुष्पेंद्र यादव, विमल मिश्रा, गुलाब चंद्र, संतोष कुमार, विनोद पाल, मंजूर यादव, शिव शंकर, मो. इरशाद और फूलचंद्र सरोज को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बीते कुछ समय में डायल-112 पर आने वाली शिकायतों और आपातकालीन कॉल की संख्या बढ़ी है। ऐसे में मौके पर समय से पुलिस पहुंचाने और प्रतिक्रिया समय कम करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा तबादला किया गया है। माना जा रहा है कि इस बदलाव के बाद सड़क हादसों, झगड़े, चोरी, महिला सुरक्षा और अन्य आपात मामलों में पुलिस की प्रतिक्रिया पहले से अधिक तेज होगी। विभाग को उम्मीद है कि डायल-112 में बढ़े पुलिस बल से लोगों को त्वरित सहायता मिलेगी और कानून-व्यवस्था व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
अचलगंज में लूट की तीन वारदातों से हड़कंप : पुलिस रातभर करती रही दबिश
Wed, May 20, 2026
सीओ और थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच, हाईवे के सीसीटीवी खंगाले जा रहे
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बदमाशों ने करीब एक घंटे के भीतर अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए। बाइक सवार बदमाशों ने दो लोगों से उनकी मोटरसाइकिलें लूट लीं, जबकि दो अन्य घटनाओं में राहगीरों को निशाना बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर दो युवकों के साथ मारपीट की गई, जिनमें एक के सिर पर तमंचे की बट मार दी गई। लगातार हुई घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई।पहली वारदात जमेल नहर के पास हुई। बीघापुर थाना क्षेत्र के गणेशखेड़ा गांव निवासी कौशल, विजय और मनीष बाइक से नेवरना गांव स्थित अपनी मौसी के घर जा रहे थे। रास्ते में दो बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने तमंचा तानकर तीनों को रोक लिया और मोबाइल फोन छीनने लगे। इसके बाद बदमाश उनकी बाइक लेकर भागने लगे। मनीष ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उसके सिर पर कट्टे की बट से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में मनीष लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पीआरवी पुलिस घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां उसका इलाज किया गया। इसके कुछ देर बाद अचलगंज-सैदपुर मार्ग पर दाउदपुर निवासी अविरल भी बदमाशों का शिकार बन गया। वह अपनी बाइक से जा रहा था, तभी भट्ठे के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने धमकाते हुए उसकी बाइक छीन ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। तीसरी घटना कोलुहागाड़ा मार्ग पर झउहा शराब ठेके के पास हुई। यहां बदमाशों ने एक अन्य राहगीर को रोककर लूट का प्रयास किया। पीड़ित ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बीघापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक के बाद एक हुई घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी मधुप नाथ मिश्र और थाना प्रभारी बृजेश कुमार शुक्ल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ने भी अचलगंज थाने पहुंचकर अधिकारियों से जानकारी ली। जांच के दौरान पुलिस उन्नाव-लालगंज हाईवे स्थित जियो पेट्रोल पंप समेत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में कुछ संदिग्ध बाइक सवार दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस बदमाशों के हुलिए और भागने के रास्तों के आधार पर उनकी तलाश में दबिश दे रही है। दिनदहाड़े लगातार हुई इन वारदातों के बाद ग्रामीणों और राहगीरों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है, क्योंकि मुख्य मार्गों पर भी अब लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।