रास्ते में पिलर खड़ा करने पर भिड़े : महिला को पीटा
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Sep 24, 2026
विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारने का आरोप, तीन के खिलाफ केस
उन्नाव। दही थाना क्षेत्र के कुईथर गांव में रास्ते में पिलर खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुईथर गांव निवासी तारादेवी पत्नी बसंत लाल के मुताबिक, उसके मकान के सामने सहन की जमीन पर आने-जाने का रास्ता है। आरोप है कि उसके देवर संदीप और श्यामलाल ने संदीप के साले रोहित के साथ मिलकर रास्ते में पिलर खड़े कर दिए। इससे आवागमन को लेकर परेशानी होने लगी। महिला ने पिलर लगाए जाने का विरोध किया तो मामला कहासुनी से बढ़ गया। तारादेवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि विरोध करने पर तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उसके मकान का बना लिंटर तोड़ दिया गया। घटना 21 सितंबर की शाम करीब 4:30 बजे की बताई गई है। पुलिस ने तारा देवी की तहरीर के आधार पर संदीप, श्यामलाल और रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन