शादी के तीन साल बाद बढ़ा विवाद : बुजुर्ग दंपती ने एसपी से लगाई गुहार
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Sep 21, 2026
गंगाघाट के पिपरी निवासी सास-ससुर का आरोप, बहू घर से अलग रहने के बावजूद दे रही मुकदमे में फंसाने की धमकी
उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव में घरेलू विवाद का मामला एसपी की चौखट तक पहुंच गया। यहां रहने वाले एक बुजुर्ग दंपती ने अपनी बहू पर मानसिक रूप से परेशान करने और दहेज के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दंपती का कहना है कि बहू के व्यवहार से वह और उनका दूसरा बेटा परेशान हैं। थाने में शिकायत के बाद भी राहत न मिलने पर उन्होंने एसपी से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित दंपती के मुताबिक, उनके बेटे की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही परिवार में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि बहू आए दिन सास-ससुर और देवर से विवाद करती है। विरोध करने पर उन्हें दहेज के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है। दंपती का यह भी आरोप है कि बहू अब घर में नहीं रहती, इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ है। बुजुर्ग दंपती ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि लगातार विवाद और मुकदमे की धमकी से वह मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें राहत दिलाने की मांग की है। साथ ही बहू की ओर से लगाए जा सकने वाले आरोपों की भी जांच कराने की बात कही है। दंपती का कहना है कि वह उम्रदराज हैं और पारिवारिक विवाद को बढ़ाने के बजाय उसका समाधान चाहते हैं। उनका आरोप है कि पहले भी संबंधित थाने में शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से उन्हें पुलिस अधीक्षक के सामने अपनी बात रखनी पड़ी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन