Fri 19 Jun 2026

ब्रेकिंग

साधु हत्याकांड के आरोपी के एनकाउंटर की होगी पड़ताल

570 करोड़ की 101 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप

नयन ज्योति अभियान: 166वें निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 113 मरीजों का परीक्षण

परिवार ने लगाए हत्या के आरोप

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

अलविदा जुमा : मस्जिदों में अकीदत के साथ अदा हुई नमाज, रोज़ेदारों ने अमन-चैन और मुल्क की तरक्की की मांगी दुआ

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Fri, Mar 13, 2026
Post views : 431

मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात, ड्रोन कैमरे से भी रखी गई निगरानी

नगर पालिका ने कराई सफाई, ईद की तैयारियों से गुलजार हुए बाजार

उन्नाव। माह-ए-रमजान के आखिरी जुमे यानी अलविदा जुमा पर शुक्रवार को शहर की मस्जिदों में अकीदत और इबादत का माहौल नजर आया। सुबह से ही नमाजियों का मस्जिदों की ओर रुख शुरू हो गया था। रोज़ेदारों ने पूरे एहतराम के साथ नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, भाईचारे, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। शहर की जामा मस्जिद में सबसे अधिक नमाजी पहुंचे। इसके अलावा छोटी ईदगाह मस्जिद, ऊंटसार मस्जिद, ईक मिनारी मस्जिद, किला मस्जिद, शेखवाड़ा मस्जिद, मक्का मस्जिद और कंजी मस्जिद समेत तालिब सराय मोहल्ला, अनवार नगर, स्टेशन रोड, ईदगाह और कासिम नगर सहित कई इलाकों की मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने अलविदा जुमा की नमाज अदा की। अलविदा जुमा को लेकर लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। कई लोग नए कपड़े पहनकर मस्जिदों में नमाज पढ़ने पहुंचे।

बच्चों में भी इस दिन को लेकर अलग ही उत्साह दिखाई दिया। छोटे-छोटे बच्चे अपने परिजनों के साथ नए कपड़ों में मस्जिद पहुंचे और नमाज में शामिल हुए। नमाज के दौरान उलेमाओं ने रमजान के आखिरी दिनों की अहमियत पर रोशनी डाली। शहर काज़ी निसार अहमद मिसबाही ने कहा कि ज़कात और फितरा देने से इंसान का रिश्ता अल्लाह से और मजबूत होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ईद से पहले फितरा और जकात निकालकर जरूरतमंदों तक जरूर पहुंचाएं, ताकि गरीब और असहाय लोग भी ईद की खुशियां मना सकें।

अलविदा जुमा के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। प्रमुख मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके साथ ही कई स्थानों पर ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई, ताकि पूरे इलाके पर नजर रखी जा सके और किसी तरह की अव्यवस्था न होने पाए। वहीं नगर पालिका प्रशासन की ओर से सुबह से ही मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नमाजियों की सुविधा को देखते हुए रास्तों पर चूना भी डलवाया गया, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उधर ईद-उल-फितर करीब आते ही शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। रेडीमेड कपड़ों, जूते-चप्पलों और श्रृंगार के सामान की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ दिखाई दे रही है। टोपी, अत्तर, सुरमा और इत्र की दुकानों पर भी लोग खरीदारी करते नजर आ रहे हैं। मुख्य बाजारों में कई जगह सेवइयों की अस्थायी दुकानें भी सज गई हैं। लोग ईद की तैयारी के लिए जमकर सेवइयां और अन्य सामान खरीद रहे हैं। शाम होते-होते दादा मियां चौराहा, छिपयाना चौराहा और आसपास के बाजारों में चहल-पहल और बढ़ जाती है और लोग देर रात तक खरीदारी करते दिखाई देते हैं। खरीदारों की बढ़ती भीड़ के कारण धवन रोड से लेकर सदर बाजार तक कई जगह जाम की स्थिति भी बनी रही। इसके बावजूद ईद की तैयारियों को लेकर लोगों में खासा उत्साह है और पूरा बाजार इन दिनों रौनक से भरा नजर आ रहा है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन