ग्राहक बनकर शराब दुकानों पर पहुंचे आबकारी अधिकारी : परखी बिक्री
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Nov 6, 2026
ओवररेटिंग और समय की पाबंदी परखी, दुकानदारों को चेताया

उन्नाव। दीपावली के त्योहार पर शराब की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने के साथ ही मनमानी कीमत वसूले जाने और निर्धारित समय के बाद बिक्री की आशंका को देखते हुए आबकारी विभाग सतर्क हो गया है। दुकानों पर होने वाली गतिविधियों की हकीकत जानने के लिए जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र ने खुद मैदान में उतरकर जांच की। खास बात यह रही कि वह अपनी पहचान छिपाकर चेहरे पर मास्क लगाकर एक आम ग्राहक की तरह शराब की दुकानों पर पहुंचे। अधिकारी ने दुकानों पर पहुंचकर शराब खरीदने के बहाने बिक्री व्यवस्था को परखा। इस दौरान यह जानने की कोशिश की गई कि कहीं निर्धारित समय से पहले शराब तो नहीं बेची जा रही है और ग्राहकों से बोतल पर अंकित कीमत से अधिक रुपये तो नहीं लिए जा रहे हैं। जिला आबकारी अधिकारी के मुताबिक, जांच के दौरान किसी भी दुकान पर समय से पहले शराब की बिक्री होती नहीं मिली। साथ ही दुकानदारों की ओर से निर्धारित कीमत पर ही शराब बेचे जाने की बात सामने आई। जिला आबकारी अधिकारी ने दुकानदारों को हिदायत दी है कि त्योहार के नाम पर ग्राहकों से अधिक रुपये वसूलने या निर्धारित समय के बाद शराब बेचने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों को किसी तरह की रियायत नहीं मिलेगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन