Fri 19 Jun 2026

ब्रेकिंग

साधु हत्याकांड के आरोपी के एनकाउंटर की होगी पड़ताल

570 करोड़ की 101 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप

नयन ज्योति अभियान: 166वें निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 113 मरीजों का परीक्षण

परिवार ने लगाए हत्या के आरोप

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

बिजली व्यवस्था चरमराई : भीषण गर्मी में लोगों का फूटा गुस्सा, आधी रात सड़क पर उतरे

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Tue, May 19, 2026
Post views : 239

लोक नगर और गणेश मंडपम में प्रदर्शन, घंटों कटौती, लो-वोल्टेज और एक फेज सप्लाई से लोग बेहाल

उन्नाव। शहर में भीषण गर्मी के बीच बिगड़ी बिजली व्यवस्था अब लोगों के सब्र का इम्तिहान लेने लगी है। लगातार घंटों की कटौती, लो-वोल्टेज और कई इलाकों में एक फेज की सप्लाई से परेशान लोगों का गुस्सा सोमवार देर रात फूट पड़ा। लोक नगर और गणेश मंडपम मोहल्ले के बड़ी संख्या में लोग रात करीब एक बजे घरों से बाहर निकल आए और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। बता दें कि पिछले दो दिनों से शहर के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आईबीपी चौराहा, दादामियां चौराहा, कासिमनगर, किला, गद्दियाना, ऊंटसार, तालिब सरांय, एबीनगर, छोटा चौराहा, जवाहरनगर और लोकनगर समेत कई मोहल्लों में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। कहीं घंटों बिजली गायब रहती है तो कहीं लो-वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर और अन्य उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे। कई क्षेत्रों में केवल एक फेज सप्लाई आने से लोगों की दिक्कत और बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक उमस भरी गर्मी में रातभर बिजली गुल रहने से घरों का माहौल असहनीय हो गया है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई परिवारों को छतों और गलियों में बैठकर रात गुजारनी पड़ रही है। बिजली संकट का असर पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। घरों में लगे मोटर और सबमर्सिबल पंप बंद पड़े हैं, जिससे पानी की किल्लत बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सुबह से लेकर देर रात तक पानी भरने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार फोन कर शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्रीय जेई को लगातार कॉल किए गए, मगर फोन तक नहीं उठाया गया। विभाग की इसी लापरवाही से नाराज होकर लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध शुरू कर दिया। रात में अचानक बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने से कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे और बातचीत के जरिए लोगों को शांत कराया। काफी देर बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, लेकिन लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।शहर में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। अलग-अलग इलाकों से ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और लंबे कटौती की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा। गौरतलब है कि बीते दिनों सदर विधायक पंकज गुप्ता ने भी बिजली विभाग के अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल समाधान करने की नसीहत दी थी। इसके बावजूद शहर की बिजली आपूर्ति में कोई खास सुधार दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन