रेडिको खेतान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस सांस्कृतिक कार्य : रेडिको खेतान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया ब्यूरो रिपोर्
आसिम अज़ीज़
Thu, Sep 3, 2026
रेडिको खेतान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया
ब्यूरो रिपोर्ट, रामपुर
रामपुर। रेडिको खेतान द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रेडिको खेतान कौशल विकास केन्द्र के अभ्यर्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ यूनिट हेड, अमर सिंह एवं सीएसआर चेयरपर्सन श्रीमती अनीता चौहान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर रेडिको खेतान कौशल विकास केन्द्र के अभ्यर्थियों ने नाट्य रूपांतरण के माध्यम से अत्यंत सुंदर एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम श्रीकृष्ण-सुदामा मिलन की मार्मिक कथा का नाट्य मंचन किया गया, जिसने सच्ची मित्रता और निश्छल प्रेम का संदेश दिया। इसके पश्चात भगवान विष्णु के दस अवतारों पर आधारित प्रस्तुति ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान पर केंद्रित प्रस्तुति ने कर्म, धर्म एवं जीवन के गूढ़ रहस्यों को सरल शब्दों में दर्शकों तक पहुँचाया।
एक विशेष प्रस्तुति में आधुनिक युग के युवाओं के समक्ष मार्गदर्शन की कमी और उससे उत्पन्न चुनौतियों को बड़ी संवेदनशीलता से प्रदर्शित किया गया, जिसने समाज को आत्मचिंतन हेतु प्रेरित किया। इसी क्रम में शिक्षकों के छात्रों के जीवन-निर्माण में महत्व को रेखांकित करती एक भावपूर्ण प्रस्तुति ने शिक्षक दिवस की सार्थकता को चरितार्थ किया।
कार्यक्रम में श्रीकृष्ण द्वारा द्रौपदी की रक्षा के प्रसंग का भी मार्मिक मंचन हुआ, जिसने नारी सम्मान एवं ईश्वरीय कृपा के महत्व को दर्शाया। समारोह का समापन गोपालों द्वारा पारंपरिक "हांडी फोड़" कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसने संपूर्ण वातावरण को उल्लासमय एवं भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर सीएसआर चेयरपर्सन, अनीता चौहान, श्रीमती कविता, रामपुर यूनिट हेड श्री अमर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एकाउंट्स एवं फाइनेंस , अलोक अग्रवाल, उपाध्यक्ष इंजीनियरिंग एवं प्रोजेक्ट्स विकास सक्सेना, सह उपाध्यक्ष एकाउंट्स एवं फाइनेंस अजय मोहता तथा सह उपाध्यक्ष कार्मिक एवं प्रशासन अजय प्रताप सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए अभ्यर्थियों की प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
अपने संबोधन में अनीता चौहान ने कहा कि रेडिको खेतान कौशल विकास केन्द्र के सभी अभ्यर्थियों ने आज जिस भावना और समर्पण के साथ प्रस्तुतियाँ दी हैं, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने अभ्यर्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक है कि व्यक्ति अपने कार्य के प्रति शत-प्रतिशत योगदान दे और पूर्ण निष्ठा के साथ अपना दायित्व निभाए। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता से अधिक प्रतिस्पर्धा के पीछे भागने की बजाय, प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यों को श्रेष्ठतम बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, क्योंकि निरंतर आत्म-सुधार ही सच्ची सफलता की कुंजी है।
इसी क्रम में यूनिट हेड अमर सिंह ने भी अभ्यर्थियों की प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा एवं कड़ी मेहनत के संयोग से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने अभ्यर्थियों से आह्वान किया कि वे दूसरों से तुलना करने के बजाय अपने आप को निरंतर बेहतर बनाने का प्रयास करें और अपने हर कार्य में उत्कृष्टता लाने का संकल्प लें, यही सच्ची प्रगति का मार्ग है।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों हेतु सम्मानित किया गया। साथ ही रेडिको खेतान कौशल विकास केन्द्र के समस्त अध्यापकों के अथक प्रयासों की भी सराहना की गई, जिनके मार्गदर्शन में अभ्यर्थियों ने इतनी सुंदर प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कीं।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष अल्कोहल मैन्युफैक्चरिंग राजेन्द्र कुमार तिवारी, उपाध्यक्ष इंजीनियरिंग एवं प्रोजेक्ट्स विकास सक्सेना, उपाध्यक्ष बॉटलिंग मैन्युफैक्चरिंग श्री जी बी सिंह, महाप्रबंधक एच एस बाजवा, उप महाप्रबंधक मुकेश शर्मा सहित दीपक मलिक, दीपक चौधरी, विकास पाण्डेय, आर के शर्मा आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम पूर्णतः सफल रहा तथा इसने संस्कृति, संस्कार और शिक्षा के प्रति रेडिको खेतान की प्रतिबद्धता को एक बार पुनः प्रदर्शित किया।
Tags :
Rampur news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन