चोरी की योजना बनाते चार गिरफ्तार : तमंचा और औजार बरामद
Wed, Sep 9, 2026
बशी
रतगंज में ज्वैलर्स की दुकान को बनाने वाले थे निशाना, ई-रिक्शा में बैठे मिले आरोपी
उन्नाव। दही थाना पुलिस ने चोरी की योजना बनाते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, लोहे का सब्बल, कटर, ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, लोहे की आरी, लोहा काटने की कैंची और चार्जेबल टॉर्च बरामद हुई है। पुलिस ने तीन एंड्रॉयड मोबाइल और 700 रुपये भी बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से मिले ई-रिक्शा को कागजात न होने पर सीज कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात उपनिरीक्षक शिवपाल सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सोनिक अंडरपास के नीचे चार लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। अंडरपास के पास ई-रिक्शा में चार लोग बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. हाशिम निवासी नवयुग वाली गली तालिब सराय, आफताफ उर्फ बिट्टन निवासी तालिब सराय, इमरान निवासी जामा मस्जिद एबी नगर और अल्ताफ निवासी मुहमदिया मस्जिद तालिब सराय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तलाशी में मो. हाशिम के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, मोबाइल और 500 रुपये मिले। आफताफ के पास लोहे का सब्बल और मोबाइल बरामद हुआ। इमरान के पास ग्राइंडर, कटर, ड्रिल मशीन, लोहे की आरी, लोहा काटने की कैंची और मोबाइल मिला। अल्ताफ के पास चार्जेबल टॉर्च और 200 रुपये बरामद हुए। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने बशीरतगंज स्थित ओम ज्वैलर्स की दुकान में चोरी करने की योजना की बात स्वीकार की। हाशिम ने खुद को गिरोह का सरगना बताया। उसके खिलाफ तमंचा बरामद होने पर आर्म्स एक्ट की भी कार्रवाई की गई है। अल्ताफ के कब्जे से मिले ई-रिक्शा का नंबर यूपी 35 बीटी 3861 है। वाहन के कागजात नहीं दिखाने पर पुलिस ने उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
क्लासरूम से बाहर निकली लीडरशिप की क्लास : युवाओं ने समझी लोकतंत्र की पाठशाला
Wed, Sep 9, 2026
बोले विधायक पंकज गुप्ता-आज के विद्यार्थी ही कल संभालेंगे जिम्मेदारियां
उन्नाव। किताबों और क्लासरूम तक सीमित रहने वाली पढ़ाई से अलग विद्यार्थियों को नेतृत्व की असली समझ देने की पहल की गई। सदर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘स्कूल से संसद तक’ युवा छात्र परिषद में अलग-अलग शिक्षण संस्थानों से पहुंचे छात्र-छात्राओं को अपनी बात रखने, फैसले लेने और समाज के प्रति जिम्मेदारी समझने का मौका मिला। विशाल कांटीनेंटल में हुए कार्यक्रम में 93 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी और शिक्षक शामिल हुए। कार्यक्रम में इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। करीब 80 इंटर व डिग्री कॉलेज समेत 93 संस्थानों की सहभागिता से आयोजन में युवाओं की अच्छी मौजूदगी रही। एसवीएम इंटर कॉलेज, विवेकानंद इंटर कॉलेज, किंगसन पब्लिक स्कूल, अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी विद्यालय जूनियर इंटर कॉलेज, भारत माता बाल विद्या मंदिर और जनता शिक्षा निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय समेत कई संस्थानों के छात्र-छात्राएं पहुंचे।
सिर्फ पढ़ाई नहीं, फैसले लेना भी सीखें युवा
आयोजन का फोकस विद्यार्थियों को यह समझाने पर रहा कि भविष्य में समाज और देश की जिम्मेदारी संभालने के लिए केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। नेतृत्व करने के लिए सही फैसला लेने, अपनी बात रखने, दूसरों की राय सुनने और सामाजिक मुद्दों को समझने की क्षमता भी जरूरी है। छात्र परिषद के जरिए युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और उनकी भूमिका से जोड़ने की कोशिश की गई। विद्यार्थियों को ऐसा मंच देने पर जोर रहा, जहां वे अपने विचार खुलकर सामने रख सकें और भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए खुद को तैयार कर सकें।
युवा आगे आएंगे, तभी मजबूत होगा नेतृत्व : पंकज गुप्ता
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि युवाओं में ऊर्जा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही दिशा और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य आज के विद्यार्थियों के हाथ में है। अगर युवा सामाजिक विषयों को समझेंगे और अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आएंगे तो लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी करने की अपील की। उनका कहना था कि मजबूत सोच और जिम्मेदारी की भावना रखने वाला युवा ही आगे चलकर बेहतर नेतृत्व दे सकता है।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में ज्ञानेंद्र शुक्ला, सभासद ब्रजेश पांडेय, गोलू चंदेल, रामजी यादव, रानू, शुभम, राधेश्याम शुक्ल, नवीन सिंह, धनंजय सिंह, अतुल वर्मा, गोपाल अवस्थी, भूपेंद्र सिंह, सुनील काका, आलोक सिंह, शुभम गोयल समेत शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
93 संस्थान, एक मंच
सदर विधानसभा क्षेत्र के 93 शिक्षण संस्थानों की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की मौजूदगी के चलते कार्यक्रम स्थल पर पूरे समय उत्साह का माहौल रहा। आयोजकों के मुताबिक, ऐसे आयोजनों का मकसद युवाओं को केवल दर्शक बनाए रखना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयार करना है।
अटल पार्क का मंच खुद नहीं गिरा : मशीन से खींचे जाने का दावा
Wed, Sep 9, 2026
पीडब्ल्यूडी की जांच में बीम के दोनों सिरे सही मिले
नगर पंचायत ने अराजक तत्वों पर लगाया सरकारी संपत्ति क्षतिग्रस्त करने का आरोप
उन्नाव। मौरावां नगर पंचायत के नवनिर्मित अटल पार्क में मंच के क्षतिग्रस्त होने का मामला अब विवादों में आ गया है। नगर पंचायत ने मंच के क्षतिग्रस्त होने को हादसा मानने के बजाय इसे जानबूझकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला बताया है। नगर पंचायत की ओर से मौरावां थाने में शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायत के साथ पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता की तकनीकी जांच आख्या भी संलग्न की गई है। नगर पंचायत की ओर से आठ सितंबर को थाने में दिए गए शिकायती पत्र के मुताबिक अटल पार्क में नगर पंचायत ने मंच का निर्माण कराया था। मंच के क्षतिग्रस्त होने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से पीडब्ल्यूडी से इसकी तकनीकी जांच कराई गई। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता प्रमोद कुमार की सात सितंबर की जांच आख्या में मंच की दाहिनी ओर की दीवार क्षतिग्रस्त मिली।
दोनों सिरे सही, न बैठाव मिला न दरार
तकनीकी जांच आख्या में बताया गया है कि दाहिनी तरफ की दीवार के दोनों सिरे बिल्कुल ठीक हैं। इनमें न कोई बैठाव मिला और न ही दरार दिखाई दी। इसी आधार पर रिपोर्ट में दीवार के अपने आप गिरने की संभावना नहीं बताई गई है। जांच में क्षतिग्रस्त बीम से ईंटों की चुनाई भी अच्छी तरह चिपकी मिली। ईंटों की चुनाई का क्षतिग्रस्त हिस्सा बड़े-बड़े ब्लॉक में था और चुनाई भरभराई हुई नहीं मिली। रिपोर्ट में इसे निर्माण कार्य की गुणवत्ता अच्छी होने के संकेत के तौर पर दर्ज किया गया है।
मशीन से बीम खींचने का दावा
पीडब्ल्यूडी की आख्या में बताया गया है कि मौके पर आरसीसी बीम दो स्थानों से क्षतिग्रस्त मिली। रिपोर्ट के मुताबिक इसे तोड़ने के बजाय किसी मशीन से दीवार से बीम को खींचकर गिराए जाने की स्थिति प्रतीत होती है। नगर पंचायत ने इसी तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर आरोप लगाया है कि कुछ अराजक तत्वों ने जानबूझकर सरकारी कार्य को क्षतिग्रस्त किया। शिकायत में कहा गया है कि इससे नगर पंचायत अध्यक्ष की छवि धूमिल करने के साथ सरकारी धन को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
सोशल मीडिया से छवि खराब करने का भी आरोप
नगर पंचायत की शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ लोगों की ओर से नगर पंचायत और उसके विकास कार्यों की छवि खराब करने तथा निकाय के विकास कार्यों को अवरुद्ध करने की लगातार कोशिश की जा रही है। नगर पंचायत ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी पुरवा और तहसीलदार पुरवा को भी भेजी गई है। नगर पंचायत ने भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए आरोपियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने का अनुरोध किया है। पुलिस का कहना है कि नगर पंचायत की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।