Mon 14 Sep 2026

ब्रेकिंग

गणपति को नमन कर लिया आशीर्वाद

मजदूर की डूबकर मौत

खुला नौकरी के नाम पर ठगी का मामला

पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच

मदद के साथ बढ़ाया लोगों का भरोसा

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

तेज रफ्तार बनी काल : चेतावनी बोर्ड से टकराई बाइक, तीन युवकों की जान गई

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Sat, Jan 24, 2026
Post views : 357

शादी की तैयारी, नवजात की खुशी और फिर मातम, सड़क हादसे ने सब छीन लिया

उन्नाव। पुरवा-अचलगंज मार्ग पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए। भूलेमऊ गांव के पास लोन नदी मोड़ पर तेज रफ्तार से दौड़ रही अपाचे बाइक चेतावनी साइन बोर्ड से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क किनारे रखे सीमेंट के बोल्डर से जा भिड़े और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया गया कि बाइक पर सवार किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। हादसा रात करीब 11:45 बजे हुआ। राहगीरों ने जब सड़क पर गिरे युवकों को देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुरवा कोतवाल अमरनाथ ने तीनों को जीवित समझकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरवा भिजवाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बीघापुर क्षेत्र के अढौली गांव निवासी 31 वर्षीय अनुराग पाल पुत्र रमेश, उनके ममेरे भाई बीघापुर के बैसनखेड़ा गांव निवासी 26 वर्षीय राहुल और दोस्त 25 वर्षीय सौरभ निवासी तौरा, पुरवा के रूप में हुई है। तीनों युवक बाजीखेड़ा की ओर से पुरवा की तरफ आ रहे थे। परिजनों के मुताबिक राहुल के मौसा के घर मोहनलालगंज, लखनऊ में शुक्रवार को भंडारे का आयोजन था। दिन में समय न मिल पाने के कारण तीनों ने रात में वहां जाने का फैसला किया था। योजना थी कि रात वहीं रुकेंगे और शनिवार को घर लौट आएंगे, लेकिन रास्ते में यह हादसा सब कुछ छीन ले गया। घटना की सूचना मिलते ही गांवों में मातम पसर गया। पोस्टमार्टम हाउस पर शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अनुराग की पत्नी ने कुछ दिन पहले ही एक बेटी को जन्म दिया था। अनुराग पेशे से ट्रक चालक था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से मां मुन्नी देवी और भाई अजीत व अनूप सदमे में हैं। राहुल बुलडोजर चलाने का काम करता था। उसके असमय चले जाने से मां रेनू और भाई रोहित बदहवास हैं। वहीं सौरभ दूध बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी आगामी 28 अप्रैल को तय थी। शादी की तैयारियों के बीच सौरभ की मौत ने घर में कोहराम मचा दिया। परिजन बार-बार बेहोश हो रहे थे और चीख-पुकार से माहौल गमगीन बना रहा।स्थानीय लोगों ने बताया कि लोन नदी मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। मोड़ खतरनाक है और रात में दृश्यता कम होने से जोखिम बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से वहां पर्याप्त रोशनी, रिफ्लेक्टर और स्पीड कंट्रोल के इंतजाम करने की मांग की है। यह दुर्घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और सुरक्षा उपायों की अनदेखी के खतरनाक नतीजों की याद दिला गई।
पुरवा कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि तीनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मोड़ पर बाइक की गति काफी तेज थी, जिससे चालक संतुलन नहीं बना सका और यह दर्दनाक हादसा हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन