टप्पेबाजी : बाजार से लौटते समय महिला को बनाया निशाना
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Oct 29, 2026
बातों में उलझाकर जेवर उतरवाने का आरोप, 10 दिन बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
उन्नाव। बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही महिला को रास्ते में बातों में उलझाकर जेवर उतरवा लेने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि एक महिला समेत चार लोगों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाया और इसके बाद तीन अंगूठियां, सोने की चेन और पेंडल लेकर भाग गए। घटना 18 अक्टूबर की शाम की बताई गई है। मामले में 28 अक्टूबर को बांगरमऊ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। छोटी जमुनिहा बंगर गांव निवासी छेदाना उर्फ कुसमा पत्नी छेदी लाल के मुताबिक, वह 18 अक्टूबर को बांगरमऊ बाजार से घर लौट रही थीं। शाम करीब चार बजे वह बैंक ऑफ इंडिया की सीढ़ियों के पास पहुंचीं, तभी एक महिला और तीन पुरुष उनके पीछे लग गए। आरोप है कि चारों ने बातचीत के दौरान उन्हें अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद नशीला पदार्थ सुंघाकर उनके हाथ की तीन अंगूठियां उतरवा लीं। महिला का कहना है कि उनके पर्स में रखी सोने की चेन और पेंडल भी निकलवा लिया गया। वारदात के बाद चारों वहां से चले गए। पीड़िता के अनुसार, होश आने पर उन्होंने आसपास के लोगों को पूरी बात बताई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई, जिसमें एक महिला और अन्य संदिग्ध नजर आने की बात तहरीर में कही गई है। पीड़िता ने पुलिस से फुटेज की जांच कराकर जेवर बरामद कराने की मांग की। पुलिस ने 28 अक्टूबर को तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन