Fri 19 Jun 2026

ब्रेकिंग

मेयर विनोद अग्रवाल रहे विशिष्ट अतिथि PM मोदी का मिला वर्चुअल मार्गदर्शन, युवाओं से कौशल और परिश्रम से राष्ट्र निर्माण

ससुराल जाते समय हादसे का शिकार हुआ अधेड़

एंटी करप्शन टीम द्वारा कैंटीन में जाल बिछाकर गिरफ्तार करने से क्षेत्र में फैली सनसनी

साधु हत्याकांड के आरोपी के एनकाउंटर की होगी पड़ताल

570 करोड़ की 101 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

हत्या या हादसा? : हाईवे किनारे कूड़े के ढेर में मिली युवती की जली लाश, जांच में जुटी पुलिस

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Mon, May 18, 2026
Post views : 232

कूड़ा डंपिंग स्थल की सुरक्षा और निगरानी पर उठे सवाल

उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब कानपुर-लखनऊ हाईवे किनारे एआरटीओ कार्यालय के सामने सुलग रहे कूड़े के ढेर में एक युवती का जला हुआ शव मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि मौके पर मौजूद लोग उसकी पहचान तक नहीं कर सके। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में हत्या कर शव जलाए जाने की चर्चा तेज हो गई है, हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, सांवरिया होटल के पास नगर पालिका का कूड़ा डंप किया जाता है। शहर से आने वाला कूड़ा यहां रोज फेंका जाता है और पिछले कई महीनों से कूड़े के ढेर में अंदर ही अंदर आग सुलग रही है। हालात ऐसे हैं कि आसपास खड़े कई पेड़ भी जलकर खराब हो चुके हैं। सोमवार दोपहर करीब एक बजे स्थानीय लोगों ने कूड़े के ढेर से तेज धुआं और बदबू उठती देख पास जाकर देखा तो वहां एक युवती का जला शव पड़ा मिला। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। शव पूरी तरह झुलसा हुआ था, जिससे पहचान कर पाना मुश्किल हो गया। पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनसान जगह होने के कारण देर रात यहां शव लाकर फेंका गया हो सकता है। कुछ लोगों ने इसे हत्या के बाद पहचान मिटाने की कोशिश बताया। वहीं पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र के अनुसार शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका मानसिक रूप से कमजोर हो सकती है। पुलिस को जानकारी मिली है कि एक युवती पिछले कुछ समय से इसी इलाके में घूमती दिखाई देती थी और रविवार के बाद से नजर नहीं आई। आशंका जताई जा रही है कि शव उसी का हो सकता है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव वहां कैसे पहुंचा। इसके साथ ही जिले के सभी थानों में युवती की फोटो भेजी गई है और पिछले एक महीने में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान किया जा रहा है। आसपास के जिलों से भी संपर्क किया गया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। हाईवे किनारे खुले में लंबे समय से सुलग रहे कूड़े के ढेर को लेकर भी अब सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद यहां कूड़ा जलाने पर रोक नहीं लगाई गई, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन