15 हजार की अनुमति, जुट गई थी कई गुना भीड़ : लापरवाही पर एसडीएम बीघापुर हटाए गए
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Aug 31, 2026
रविवार को हाईवे पर लगा था जाम, डीएम-एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर संभाली थी व्यवस्था

उन्नाव। बीघापुर थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित मानपुर मोड़ पर रविवार को आयोजित रक्षाबंधन महोत्सव में अनुमति से कई गुना अधिक भीड़ जुटने के मामले में प्रशासन ने सोमवार को कार्रवाई की। भीड़ का पर्याप्त आकलन नहीं करने और व्यवस्थाओं में लापरवाही के आरोप में एसडीएम बीघापुर आनंद कुमार नायक का कार्यक्षेत्र बदल दिया गया। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने सोमवार को उनका तबादला एसडीएम न्यायिक बांगरमऊ के पद पर कर दिया। उनके स्थान पर एसडीएम न्यायिक बांगरमऊ धर्मेंद्र कुमार सिंह को बीघापुर का नया एसडीएम बनाया गया है।
15 हजार महिलाओं की थी अनुमति
रविवार को पुष्प फाउंडेशन की ओर से आयोजित रक्षाबंधन महोत्सव में करीब 15 हजार महिलाओं के जुटने के अनुमान के आधार पर प्रशासन से अनुमति ली गई थी। कार्यक्रम शुरू होने के बाद आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया। देखते ही देखते भीड़ अनुमति से कई गुना अधिक हो गई। कार्यक्रम स्थल के साथ हाईवे और आसपास के क्षेत्र में भी भीड़ का दबाव बढ़ गया।
हाईवे तक पहुंचा भीड़ का दबाव
रविवार को महिलाओं की संख्या बढ़ने के साथ कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था की आशंका बढ़ गई। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से हाईवे पर भी यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। भीड़ का दबाव बढ़ने से संभावित भगदड़ को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया।
डीएम-एसएसपी पहुंचे थे मौके पर
रविवार को भीड़ बढ़ने और हाईवे पर जाम की सूचना पर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जेपी सिंह मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और आसपास की स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल को सक्रिय किया गया और महिलाओं को व्यवस्थित तरीके से बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
छह थानों की पुलिस ने संभाली व्यवस्था
कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए सर्किल के चार थानों के अलावा असोहा और दही चौकी थाने की पुलिस तथा अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया था। एएसपी अखिलेश सिंह, शैलेन्द्र सिंह और सीओ बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ हाईवे पर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया।
साड़ी वितरण पर लगाई गई रोक
भीड़ अनुमति से कई गुना अधिक पहुंचने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता दी। अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए साड़ी वितरण की अनुमति नहीं दी गई। अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम को बीच में नहीं रोका गया, बल्कि आयोजन पूरा होने के बाद उसका समापन कराया गया।
रविवार की घटना के बाद सोमवार को कार्रवाई
रक्षाबंधन महोत्सव में रविवार को सामने आई स्थिति के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और भीड़ के आकलन की समीक्षा की गई। इसमें एसडीएम बीघापुर आनंद कुमार नायक पर संभावित भीड़ का पर्याप्त आकलन नहीं करने और व्यवस्थाओं में लापरवाही का आरोप लगा। इसके बाद जिलाधिकारी ने सोमवार को उनका कार्यक्षेत्र बदल दिया।
धर्मेंद्र कुमार सिंह बने नए एसडीएम
जिलाधिकारी के आदेश के तहत आनंद कुमार नायक को एसडीएम न्यायिक बांगरमऊ भेजा गया है। वहीं एसडीएम न्यायिक बांगरमऊ धर्मेंद्र कुमार सिंह को बीघापुर का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। रविवार की घटना के बाद सोमवार को हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन