: तेज रफ्तार कार ने छीनी मासूम की जिंदगी, अस्पताल में मचा हंगामा
Fri, Oct 3, 2025
जिला अस्पताल पहुंचे सीओ सिटी और एसडीएम, परिजनों को दिलाया कार्रवाई का भरोसा
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के चौसन्धा गांव में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के आंगन में खेल रही मासूम बच्ची की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। परिजनों के आंसू और गुस्से से अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
गांव निवासी प्रेमशंकर की डेढ़ साल की नातिन चाहत दोपहर में घर के बाहर खेल रही थी। तभी तेज रफ्तार इको स्पोर्ट कार अचानक बेकाबू होकर बच्ची से जा टकराई। जोरदार टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घबराए परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार शुरू होते ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
बच्ची की मौत की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गम और गुस्से से भरे परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और आरोपी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी दीपक यादव और एसडीएम क्षितिज द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाकर स्थिति शांत कराई और भरोसा दिया कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अचलगंज पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान गदोखा गांव निवासी अनुज पुत्र अनिल के रूप में की है। सीओ सिटी दीपक यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
: कांग्रेस होर्डिंग विवाद: राहुल राम और राजनीतिक रावण, लखनऊ में विजयदशमी पर अनोखे चित्रण से मचा बवाल!
Fri, Oct 3, 2025
कांग्रेस होर्डिंग विवाद: राहुल राम और राजनीतिक रावण, लखनऊ में विजयदशमी पर अनोखे चित्रण से मचा बवाल!
https://youtu.be/qiHYMJbGsLMउत्तर प्रदेश लखनऊ : लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में विजयदशमी के अवसर पर लगाई गई एक होर्डिंग ने राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इस अनोखे प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता आर्यन मिश्रा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को पौराणिक पात्रों के रूप में चित्रित कर आज की राजनीतिक बुराइयों के खिलाफ संघर्ष का संदेश दिया है। दरअसल होर्डिंग में भगवान राम के रूप में: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी को भगवान श्री राम के रूप में दर्शाया गया है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक हैं लक्ष्मण के रूप में: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को राहुल गांधी के छोटे भाई और सहायक लक्ष्मण के रूप में चित्रित किया गया है। रावण के दस सिरों पर बुराइयाँ: होर्डिंग में रावण की तस्वीर के दस सिरों पर आज के दौर की प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक समस्याओं को सूचीबद्ध किया गया है। इनमें 'महंगाई', 'बेरोजगारी', 'भ्रष्टाचार', 'वोट चोर', 'पेपर लीक' और 'तानाशाही' जैसे ज्वलंत मुद्दे शामिल हैं।संदेश और विवादइस होर्डिंग के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी वर्तमान सरकार की इन बुराइयों और समस्याओं के खिलाफ संघर्ष कर रही है, ठीक वैसे ही जैसे भगवान राम ने रावण का वध कर धर्म की स्थापना की थी। हालांकि, राजनीतिक विरोधियों ने इस चित्रण को लेकर आपत्ति जताई है और इसे धर्म का राजनीतिकरण बताया है, जबकि कांग्रेस समर्थक इसे जनता के मुद्दों को उठाने का रचनात्मक तरीका बता रहे हैं। यह होर्डिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और चर्चा का विषय बनी हुई है।
: जुमे की नमाज के दौरान पुलिस की मुस्तैदी, माहौल रहा शांत
Fri, Oct 3, 2025
ड्रोन से निगरानी, मस्जिदों के बाहर तैनात रहा भारी पुलिस बल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। शुक्रवार को जिलेभर में जुमे की नमाज शांति और सौहार्द के माहौल में अदा की गई। सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। शहर की प्रमुख जामा मस्जिद और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अजगैन और दही थानों की फोर्स भी सुरक्षा व्यवस्था में जुटी रही। जिले के नौ संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर वहां विशेष चौकसी की गई। तीन इंस्पेक्टर और आठ दरोगाओं को अलग-अलग इलाकों की जिम्मेदारी दी गई। नमाज के दौरान मस्जिदों के आसपास पुलिस जवान तैनात रहे और हर आने-जाने वाले पर नजर बनाए रखी। कई जगह अधिकारियों ने पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया।
बीते दिनों “आई लव मोहम्मद” प्रकरण के बाद जिले में तनाव का माहौल बना था। इसके चलते प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की व्यवस्था की।
एसपी जय प्रकाश सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग खुद की। वह विभिन्न स्थानों पर पहुंचे और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कंट्रोल रूम से भी हालात की समीक्षा लगातार होती रही। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से पुलिसकर्मियों का मनोबल ऊंचा रहा।
आईपीएस व सीओ सिटी दीपक यादव ने बताया कि जुमे की नमाज के दौरान मस्जिदों के बाहर और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त की गई। ड्रोन से भी निगरानी रखी गई। जिलेभर में शांति का माहौल है और लोगों ने पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग दिया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की मुस्तैदी और सजगता की सराहना की।