: जिला अस्पताल समेत 16 सीएचसी में 20 अक्तूबर से खुलेंगे जन औषधि केंद्र
Thu, Oct 2, 2025
बाजार से तीन गुना तक सस्ती होंगी दवाएं
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। मरीजों को महंगी दवाओं की मार से छुटकारा दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिला अस्पताल सहित जिले के 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर मरीजों को जेनरिक दवाएं बाजार से तीन गुना तक कम दाम पर मिल सकेंगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 20 अक्तूबर से सभी केंद्र मरीजों के लिए खोल दिए जाएंगे।
पहले बंद हो गया था केंद्र
जिला अस्पताल में वर्ष 2018 में पहला जन औषधि केंद्र खोला गया था। लेकिन अक्तूबर 2024 से नई टेंडर प्रक्रिया न होने के कारण इसका संचालन ठप हो गया। सीएमएस ने कई बार कोशिश की, मगर टेंडर न मिलने से केंद्र दोबारा शुरू नहीं हो सका। इस वजह से मरीजों को आवश्यक दवाएं बाजार से महंगे दामों पर खरीदनी पड़ रही थीं।
अब हर सीएचसी पर मिलेगी सुविधा
नई टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला अस्पताल और सभी 16 सीएचसी में केंद्र खोले जा रहे हैं। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और तय समय सीमा तक संचालन शुरू हो जाएगा। मरीजों को अब जरूरत की दवाएं आसानी से और किफायती दाम पर मिल सकेंगी।
सीएमओ का बयान
प्रभारी सीएमओ डॉ. एचएन प्रसाद ने बताया कि जन औषधि केंद्र संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही सभी केंद्र शुरू हो जाएंगे। इससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें बाजार से कम दाम पर दवाएं उपलब्ध होंगी।
: महोत्सव के माध्यम से हम नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं,डॉ० पुष्कर मिश्र
Wed, Oct 1, 2025
महोत्सव के माध्यम से हम नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं,डॉ० पुष्कर मिश्र
रिपोर्ट:- आसिम अज़ीज़
उत्तर प्रदेश रामपुर। दरअसल रज़ा पुस्तकालय एवं संग्रहालय के निदेशक डॉ० पुष्कर मिश्र ने आज एक पत्रकार वार्ता में आगामी 251वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले द्वितीय रामपुर रज़ा पुस्तकालय महोत्सव (3 से 7 अक्टूबर 2025) के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विविध साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्घाटन राज्यपाल एवं रामपुर रज़ा पुस्तकालय बोर्ड की अध्यक्षा आनंदीबेन पटेल द्वारा किया जायेगा । कहा कि महोत्सव का शुभारंभ 3 अक्टूबर को प्रातः 11:00 बजे एक दिवसीय राष्ट्रीय संवाद संगम से होगा, जिसका विषय है – “वसुधैव गांधी : तुलसी युग में स्वराज उद्घोष।” इस कार्यक्रम में देशभर से विद्वान, लेखक और शोधार्थी भाग लेंगे। इस अवसर पर प्रोफेसर हीरामन तिवारी, प्रख्यात इतिहासकार, ऐतिहासिक अध्ययन केंद्र, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के अध्यक्ष मुख्य वक्ता होंगे। स्वागत भाषण एवं बीज वक्तव्य डॉ० पुष्कर मिश्र विचारक एवं प्रख्यात समाजशास्त्री स्थापक, आश्रम परम्परा निदेशक, रामपुर रज़ा पुस्तकालय द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा। समारोह का संचालन डॉ० अनुराग पाण्डेय, एसोसिएट प्रोफेसर, राजनीति विज्ञान कमला नेहरु भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान, सुल्तानपुर करेंगे। कहा कि इस एक दिवसीय राष्ट्रीय संवाद संगम में दो सत्र रखे गए हैं। पहला सत्र दोपहर 2:30 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक होगा, जिसकी अध्यक्षता प्रख्यात इतिहासकार एवं लेखक प्रोफेसर नीरजा सिंह, (इतिहास विभाग, सत्यवती कॉलेज, दिल्ली) करेंगी। इस सत्र में विचारक और कवि प्रोफेसर आनंद कुमार सिंह (पूर्व प्रोफेसर, हिन्दी विभाग, बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय, भोपाल), राजनीतिक वैज्ञानिक एवं लेखक एसोसिएट प्रोफेसर नीरज कुमार झा (एसोसिएट प्रोफेसर, राजनीतिक विज्ञान एवं अंतर्राष्ट्रीय संबंध महारानी लक्ष्मीबाई कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, ग्वालियर), तथा लेखक डॉ० राजेश कुमार मिश्र (उप संग्रहाध्यक्ष, इलाहाबाद संग्रहालय, प्रयागराज) अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इस सत्र का संचालन डॉ० हफीजउर रहमान लेखक एवं वक्ता संस्थापक अध्यक्ष, सूफी शान्ति फाउंडेशन एवं संयोजक, खुसरो फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा किया जायेगा । दूसरा एवं समापन सत्र शाम 5:00 बजे से 6:30 बजे तक होगा, जिसकी अध्यक्षता एवं समापन उदघोष डॉ० पुष्कर मिश्र विचारक एवं प्रख्यात समाजशास्त्री स्थापक, आश्रम परम्परा निदेशक, रामपुर रज़ा पुस्तकालय द्वारा की जाएगी । इस सत्र के मुख्य वक्ता डॉ० ज्योतिष जोशी होंगे, जो विचारक, लेखक, उपन्यासकार, कवि, कला एवं साहित्य समीक्षक और रामपुर रज़ा पुस्तकालय बोर्ड के सदस्य भी हैं। इस सत्र का संचालन डॉ० हरिकृष्ण शर्मा करेंगे, जो लेखक एवं युवा चिंतक होने के साथ राजनीति विज्ञान विभाग लेडी श्रीराम महिला कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर हैं। कहा कि इसी दिन दो विशेष प्रदर्शनियों पहली रजा पुस्तकालय के दुर्लभ एवं बहुमूल्य संग्रह को प्रर्दशित करती हुई विशेष प्रदर्शनी गलियारा दूसरी दरबार हाल में महात्मा गाँधी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया जायेगा । साथ ही कहा कि रामपुर रज़ा पुस्तकालय अपने 251वें स्थापना वर्ष पर आयोजित द्वितीय रामपुर रज़ा पुस्तकालय महोत्सव के अंतर्गत 03 अक्टूबर से 07 अक्टूबर 2025 तक विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला भी प्रस्तुत कर रहा है। इन कार्यक्रमों में प्रतिदिन अलग-अलग विधाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी, जिनमें स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भाग लेंगे। 3 अक्टूबर 2025 को सायंकाल 7:30 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में गोस्वामी तुलसीदास एवं गाँधी जी के गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। भजन संध्या का संचालन डॉ. सोनरूपा विशाल द्वारा किया जाएगा, जो आकाशवाणी, दूरदर्शन एवं आईसीसीआर द्वारा अधिकृत कलाकार हैं। उनके साथ सहायक कलाकारों की भी प्रस्तुति रहेगी। 4 अक्टूबर 2025 को सांयकाल 6:30 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक रसलीला का आयोजन किया जाएगा। यह प्रस्तुति मिस श्रुतिपुरी एवं समूह, मथुरा द्वारा दी जाएगी। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रीकृष्ण लीला की झलक दर्शकों को देखने को मिलेगी, जिससे वातावरण भक्ति और उत्साह से परिपूर्ण होगा। 05 अक्टूबर 2025 को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत सायं 6:30 बजे से रात 8:00 बजे तक शाहिद सामी नियाज़ी एवं समूह, रामपुर द्वारा सूफ़ियाना रंगों से सराबोर क़व्वाली की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात रात 8:00 बजे से 9:30 बजे तक चंदन बोरा समूह, अल्मोड़ा (उत्तराखंड) द्वारा पारंपरिक रंगों और लोक संस्कृति से युक्त आकर्षक कुमाऊँनी लोक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। 06 अक्टूबर 2025 को सांयकाल 6:30 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक “शाम-ए-ग़ज़ल” का आयोजन किया जाएगा, जिसकी प्रस्तुति उस्ताद सख़ावत हुसैन खाँ, रामपुर द्वारा दी जाएगी। इसके उपरांत रात्रि 8:00 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक “ध्रुवस्वामिनी नाटक” का मंचन होगा, जिसकी प्रस्तुति मिस प्रियंका शर्मा, दिल्ली द्वारा दी जाएगी। 7 अक्टूबर 2025 को सायंकाल 6:30 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक बच्चों की शाम पुस्तकालय के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष प्रस्तुति दयावती मोदी एकेडमी, रामपुर द्वारा दी जाएगी। इस अवसर पर बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति भी की जाएगी। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में पठन-पाठन की रुचि को बढ़ावा देना और उन्हें पुस्तकालय के महत्व से अवगत कराना है। निदेशक डॉ० पुष्कर मिश्र ने अंत में कहा कि रामपुर रज़ा पुस्तकालय भारतीय संस्कृति, साहित्य और ज्ञान परंपरा का जीवंत प्रतीक है और इस महोत्सव के माध्यम से हम नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं और साथ ही इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से रामपुर रज़ा पुस्तकालय न केवल अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को प्रस्तुत कर रहा है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को भारतीय कला, संगीत और साहित्य की विविधता से भी जोड़ रहा है।
: महिला सम्मान से खिलवाड़ पर पुलिस का प्रहार
Wed, Oct 1, 2025
शहर में सुरक्षा का संदेश, बेटियों ने राहत की सांस ली
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर उन्नाव पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत कड़ा प्रहार किया है। इस कार्रवाई में सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र भाषा बोलने और फब्तियां कसने वाले 80 से अधिक मनचलों को पुलिस ने पकड़ा। इनमें बुजुर्ग भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान जिन क्षेत्रों को निशाना बनाया गया, वहां लंबे समय से महिलाओं से छेड़छाड़ और अभद्रता की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस की सख्ती ने मनचलों में खौफ पैदा कर दिया है। साथ ही आम नागरिकों के बीच यह संदेश गया है कि महिला सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सदर कोतवाली क्षेत्र में 21 मनचलों को पुलिस ने धर दबोचा और उनके खिलाफ धारा 170, 126 और 135 बीएनएसएस के तहत चालान किया गया। आईपीएस व सीओ सिटी दीपक यादव ने बताया कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उसी आधार पर मिशन शक्ति टीम ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। उन्होंने साफ कहा कि इस तरह की हरकतें कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
सदर कोतवाली के अलावा जिले के अन्य इलाकों में भी महिला आरक्षियों की विशेष टीमों ने छापेमारी की। इस दौरान 59 और व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस का कहना है कि ये लोग राह चलती महिलाओं से छेड़छाड़ और अभद्रता कर माहौल खराब कर रहे थे।
पुलिस की सख्ती से बढ़ा विश्वास
मिशन शक्ति की इस कार्रवाई के बाद शहर में सुरक्षा का संदेश गया है। छात्राओं और महिलाओं ने पुलिस की सख्ती का स्वागत किया। अभिभावकों ने भी कहा कि ऐसे तत्वों पर लगाम कसने से बेटियां अब बिना डर के स्कूल-कॉलेज और बाजार आ-जा सकेंगी।
सदर कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार कुशवाहा ने बताया कि अभियान के दौरान पकड़े गए मनचलों को सख्त हिदायत दी गई है और इनकी सूची बनाकर उन पर निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि कई बार स्थानीय लोगों से शिकायतें मिली थीं कि कुछ युवक स्कूल, कॉलेज और बाजार के आसपास खड़े होकर महिलाओं से अभद्रता करते हैं। इन सभी को चिन्हित कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता है कि क्षेत्र में बहन-बेटियां सुरक्षित महसूस करें। जो भी व्यक्ति महिला सम्मान के खिलाफ हरकत करेगा, उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इस तरह के तत्वों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा।
आगे और तेज होगा अभियान
सीओ सिटी दीपक यादव ने कहा कि पुलिस केवल मुकदमा दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ऐसे लोगों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। उनका कहना है कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति में महिलाओं की गरिमा से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान और तेज किया जाएगा। कोई भी व्यक्ति महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।