मजदूर ने फांसी लगाकर दी जान : कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
Sat, Jun 13, 2026
गांव में शोक का माहौल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
उन्नाव। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के दरेहटा अंचली गांव में शनिवार को एक मजदूर ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। दरेहटा अंचली गांव निवासी राजेंद्र गौतम (50) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार को उन्होंने घर के पीछे स्थित स्थान पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक दिखाई न देने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उनका शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए। घटना की सूचना बेटे आशीष ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सोहरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार राजेंद्र गौतम शांत और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। वह रोजाना मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियां निभाते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। अचानक उठाए गए इस कदम से गांव के लोग भी हैरान हैं। परिजन भी आत्महत्या की वजह नहीं बता पा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सोहरामऊ थाना प्रभारी अरविंद पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मेयर की IMA के डॉक्टरों संग हुई चर्चा : 'स्वच्छता सेवा पखवाड़ा' के तहत प्रबुद्ध जन संवाद आयोजित,
Fri, Jun 12, 2026
मुरादाबाद।
स्मार्ट सिटी मुरादाबाद के संकल्प के तहत चल रहे स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईएमए के चिकित्सकों के साथ मेयर विनोद अग्रवाल की स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और नागरिक सहभागिता को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
कार्यक्रम में मेयर विनोद अग्रवाल डॉ. सी. पी. सिंह समेत नगर के कई वरिष्ठ और प्रतिष्ठित चिकित्सक मौजूद रहे। संवाद के दौरान स्वच्छ और स्वस्थ मुरादाबाद के निर्माण में चिकित्सा समुदाय की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।
मेयर विनोद अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त महानगर ही विकसित समाज की पहचान है। समाज के प्रबुद्ध वर्ग और चिकित्सा समुदाय का सहयोग जनजागरूकता और स्वच्छता अभियान को नई ऊर्जा दे रहा है। यह स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में घुसी कार : चार लोगों की मौत
Fri, Jun 12, 2026
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़े; मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
उन्नाव। गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। आसीवन थाना क्षेत्र के नंगाखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेसवे पर गुजर रहे वाहन चालकों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, हादसा शाम करीब पांच बजे किलोमीटर संख्या 387.6 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार गंगा एक्सप्रेसवे पर लखनऊ की ओर जा रही थी। इसी दौरान किसी कारणवश चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालना भी मुश्किल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसीवन थाना पुलिस और एक्सप्रेसवे की आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार प्रयागराज जनपद में पंजीकृत है। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि मृतक प्रयागराज के निवासी हो सकते हैं। हालांकि देर शाम तक सभी मृतकों की औपचारिक पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस वाहन के पंजीकरण संबंधी दस्तावेजों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर शिनाख्त की प्रक्रिया में जुटी रही। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं मृतकों के परिजनों तक सूचना पहुंचाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पहचान सुनिश्चित होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चंद सेकंड में चार जिंदगियां खत्म हो गई।