सैनिक की जमीन पर कब्जे का आरोप : कलेक्ट्रेट पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
Mon, Apr 27, 2026
विरोध करने पर धमकी देने का आरोप, डीएम ने जांच के दिए निर्देश
उन्नाव। जिले के नवाबगंज कस्बे से जमीन कब्जे का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक भारतीय सैनिक ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाया है। ड्यूटी पर तैनात सैनिक जब घर की जमीन के हालात से परेशान हुआ तो सोमवार को अपनी मां के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित का कहना है कि उसकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा कर लिया। जब परिवार की ओर से इसका विरोध किया गया तो कथित तौर पर धमकियां भी दी गईं। सैनिक ने आरोप लगाया कि मामला सामने आने के बावजूद स्थानीय स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे दबंगों के हौसले बढ़े हुए हैं। सैनिक ने यह भी कहा कि वह देश की सेवा में सीमाओं पर तैनात रहता है, ऐसे में पीछे उसकी संपत्ति सुरक्षित रहना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लेकिन यहां उल्टा हाल यह है कि उसकी पुश्तैनी जमीन ही कब्जे में चली गई। मामले में हसनगंज तहसील प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक न तो कब्जा हटवाया गया और न ही आरोपियों पर कोई सख्त कार्रवाई की गई। कलेक्ट्रेट में फरियाद लेकर पहुंचे सैनिक की बात सुनने के बाद जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने मामले को गंभीर माना है। उन्होंने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं और कहा है कि यदि शिकायत सही पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। अब देखने वाली बात यह होगी कि जांच कितनी जल्दी पूरी होती है और पीड़ित सैनिक को उसकी जमीन वापस मिल पाती है या नहीं।
दर्दनाक सड़क हादसा : अंतिम संस्कार से लौट रहे दंपती की बाइक भिड़ी, तीन की मौत
Mon, Apr 27, 2026
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह, जांच में जुटी पुलिस
उन्नाव। जिले के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुआ सड़क हादसा सोमवार तक तीन परिवारों के लिए गहरा दुख बन गया। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान तीन की मौत हो गई, जबकि एक महिला की हालत अब भी बेहद गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के पीखी गांव निवासी 47 वर्षीय रहीसुद्दीन अपनी पत्नी सादिया (45) के साथ एक अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। रहीसुद्दीन बांगरमऊ क्षेत्र के रूरी रसूलपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वार्ड बॉय के पद पर तैनात थे। रविवार शाम वह पत्नी के साथ बाइक से वापस ड्यूटी के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर चौरासी क्षेत्र में शारदा नहर के पास चौधरी खेड़ा पुल के आगे सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर हरदोई जिले के बालामऊ निवासी 30 वर्षीय शिवमोहन द्विवेदी अपने साथी शोभित (28) के साथ सवार थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शोभित के ननिहाल जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों लोग सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में लेकर गए। रहीसुद्दीन और उनकी पत्नी सादिया को मियागंज सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं शिवमोहन और शोभित को पहले सफीपुर सीएचसी और फिर जिला अस्पताल उन्नाव भेजा गया। सोमवार को इलाज के दौरान रहीसुद्दीन ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। उधर, जिला अस्पताल उन्नाव में शिवमोहन द्विवेदी और शोभित की भी मौत हो गई। हादसे में घायल सादिया की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इस हादसे के बाद तीन परिवारों में मातम पसरा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना अक्सर हादसों की वजह बनता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चोरी का खुलासा : जिस घर में किराए पर रही, वहीं से कर गई बड़ी चोरी
Sun, Apr 26, 2026
महिला समेत दो गिरफ्तार, 20 लाख के आभूषण और नकदी बरामद
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस घर में चोरी हुई, उसी घर में रह चुकी किराएदार महिला ने भरोसे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से बड़ी मात्रा में जेवरात और नकदी बरामद की है। एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि 23 अप्रैल को शहर के एबी नगर निवासी मनीष शुक्ला उर्फ सौरभ ने घर से जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान शक की सुई पुराने किराएदारों पर गई। टीम बनाकर की गई पड़ताल में पुलिस को अहम सुराग मिले। प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत मिश्र के नेतृत्व में सदर कोतवाली, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हुसैन नगर नहर पटरी के पास से इंदू पांडेय और कुलदीप सोनी को दबोच लिया। तलाशी में करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, 1.75 लाख रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, तराजू से जेवरों का वजन कर उनकी बिक्री की तैयारी थी। पूछताछ में इंदू पांडेय ने बताया कि वह तीन साल पहले पीड़ित के घर में किराए पर रहती थी। उसी दौरान उसने घरवालों का विश्वास जीता और चाबी का इस्तेमाल कर स्टोर रूम से जेवर पार कर दिए। आरोपी महिला ने यह भी कबूला कि कुछ जेवर पहले ही लखनऊ में एक सर्राफा कारोबारी को बेच चुकी है और उस रकम से प्लॉट खरीदा। बाकी जेवर बेचने के लिए उसने कुलदीप सोनी से संपर्क किया था। सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर संबंधित धाराएं बढ़ा दी हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और अन्य कड़ियों को खंगाला जा रहा है।