प्रदूषण के आरोपों पर घिरी फैक्टरी : जांच के बाद बंद कराई गई यूनिट
Tue, Oct 13, 2026
स्थानीय लोगों ने की थी दुर्गंध और प्रदूषण की शिकायत, बिजली कनेक्शन भी कटा
उन्नाव। चमड़े की कतरन और रसायनों से जैविक खाद तैयार करने वाली दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र के पास चांदपुर स्थित एए ऑर्गेनिक मैन्योर फैक्टरी का संचालन मंगलवार को बंद करा दिया गया। जिलाधिकारी घनश्याम मीना के निर्देश पर जांच के बाद मंगलवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्रशासन की संयुक्त टीम ने फैक्टरी का संचालन बंद कराकर उसे सील कर दिया। टीम ने पहले मशीनें बंद कराईं, फिर बिजली कनेक्शन काटा और अंत में मुख्य गेट सील कर दिया, ताकि चोरी छुपे यूनिट में कामकाज दोबारा शुरू न हो सके। फैक्टरी के आसपास रहने वाले लोगों ने दुर्गंध और प्रदूषण को लेकर शिकायत की थी। जांच के दौरान खुले परिसर में ऐसी सामग्री सुखाए जाने की बात सामने आई, जिससे तेज दुर्गंध और जहरीला धुआं फैलने की आशंका थी। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने फैक्टरी संचालक को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर जवाब मांगा था। तय समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।
मशीनें बंद कर काटी बिजली
मंगलवार को संयुक्त टीम फैक्टरी पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। टीम ने सबसे पहले संयंत्र की मशीनों को टेप लगाकर बंद कराया। इसके बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर ही बिजली कनेक्शन काट दिया। कार्रवाई के अंतिम चरण में फैक्टरी के मुख्य प्रवेश द्वार को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम के तहत की गई। मौके पर उपजिलाधिकारी राजेश विश्वकर्मा, नायब तहसीलदार अनुपमा सिंह, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी शशिबिंदकर, सहायक अभियंता उपेंद्र समेत विद्युत विभाग के कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहा।
शिकायत से कार्रवाई तक ऐसे बढ़ा मामला
फैक्टरी से निकलने वाली दुर्गंध और प्रदूषण की शिकायतें मिलने के बाद जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने फैक्टरी संचालक से जवाब मांगा। निर्धारित समय में जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर विभाग ने अगला कदम उठाया। मंगलवार को मशीनों से लेकर मुख्य गेट तक बंद कराकर फैक्टरी का संचालन रोक दिया गया।
साइबर ठगी : मोबाइल हैक होने के बाद खाते से निकले 1.63 लाख
Tue, Oct 13, 2026
दो दिन में पांच बार यूपीआई ट्रांजेक्शन, सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। मोबाइल पर आए मैसेज के साथ फाइल खोलने की सहमति देना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और पंजाब नेशनल बैंक के खाते से यूपीआई के जरिए 1,63,010 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइंस निवासी दीपक पांडेय का पंजाब नेशनल बैंक की कचहरी रोड शाखा में बचत खाता है। दीपक के मुताबिक, मोबाइल पर मैसेज के साथ एपीके फाइल आने के संबंध में सहमति देने के बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और अपडेट होने लगा। इसके बाद खाते से अलग-अलग तारीखों में ऑनलाइन धोखाधड़ी कर रुपये निकाल लिए गए। दीपक की शिकायत के अनुसार, सात अगस्त को शाम 6:18 बजे खाते से 93 हजार रुपये निकाले गए। इसके 11 मिनट बाद शाम 6:29 बजे 10 रुपये का दूसरा ट्रांजेक्शन हुआ। इसके बाद नौ अगस्त की रात 10:59 बजे 50 हजार रुपये निकाले गए। रात 11:01 बजे 10 हजार और 11:02 बजे 10 हजार रुपये का लेनदेन हुआ। इस तरह पांच ट्रांजेक्शन में कुल 1,63,010 रुपये खाते से निकल गए।
साइबर पोर्टल पर भी दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित ने बताया कि मामले की जानकारी होने पर उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। तहरीर में शिकायत की तारीख 11 अगस्त और समय शाम 6:18 बजे दर्ज है। इसके बाद उन्होंने सदर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर रकम जिन बैंक खातों में गई, उनसे जुड़े लेनदेन को रोकने और संबंधित खातों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर : मोबाइल और जेवर समेटे
Tue, Oct 13, 2026
दो घरों को बनाया निशाना, पांच हजार रुपये भी ले गए
उन्नाव। बीघापुर क्षेत्र के गौरी गांव में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाकर मोबाइल, सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। घटना की जानकारी सुबह करीब पांच बजे सीसीटीवी फुटेज देखने पर हुई। पीड़ित की तहरीर पर बीघापुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरी गांव निवासी राम सिंह के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब तीन बजे चोर छत के रास्ते उनके घर में घुसे। चोर वहां रखा वनप्लस मोबाइल फोन ले गए। इसके बाद चोरों ने उनके सगे भाई स्वर्गीय सुमेर सिंह के घर को भी निशाना बनाया। वहां उनकी बेटी के पर्स में रखी सोने की चेन, सोने की अंगूठी, चांदी का ब्रेसलेट और पांच हजार रुपये चोरी कर लिए। सुबह करीब पांच बजे घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज चेक किया। उनके मुताबिक, चोरी की घटना फुटेज में कैद हुई है, जिसे पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।