: अल्लाना ग्रुप की बड़ी घोषणा, उन्नाव को मिलेगी अत्याधुनिक पोल्ट्री यूनिट
Sun, Sep 28, 2025
200 करोड़ का निवेश, उन्नाव-अलीगढ़ में उद्योग से बढ़ेंगे अवसर
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। खाद्य प्रसंस्करण और एग्रो प्रोडक्ट्स के क्षेत्र में देश-विदेश में अपनी पहचान बना चुके अल्लाना ग्रुप ने उन्नाव में 100 करोड़ रुपये का निवेश करने का ऐलान किया है। यह निवेश जिले में रोजगार और कारोबार के नए अवसरों को जन्म देगा। समूह ने पोल्ट्री उद्योग में नया उपक्रम इंडियन पोल्ट्री एलायंस (आईपीए) शुरू किया है। इसकी औपचारिक घोषणा कंपनी के एसोसिएट डायरेक्टर फौजान अल्वी ने नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में की।
200 करोड़ का निवेश, उन्नाव को बड़ा हिस्सा
कंपनी के कॉर्पोरेट प्रबंधक नीरज त्रिवेदी ने बताया कि अल्लाना ग्रुप उन्नाव और अलीगढ़ में मिलाकर 200 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। इसमें से उन्नाव में स्थापित होने वाली अत्याधुनिक पोल्ट्री प्रोसेसिंग यूनिट पर 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां निर्यात योग्य गुणवत्ता वाला पोल्ट्री फूड तैयार किया जाएगा, जिसमें हाइजेनिक सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकों का इस्तेमाल होगा।
एकीकृत सप्लाई चेन और बड़े लक्ष्य
आईपीए इस प्रोजेक्ट को केवल एक यूनिट तक सीमित नहीं रखेगा बल्कि इसके लिए ब्रीडर फार्म, हैचरी, फीड प्लांट और प्रोसेसिंग यूनिट को जोड़कर एकीकृत सप्लाई चेन विकसित की जाएगी। साथ ही कंपनी ने उपभोक्ताओं तक सीधी पहुंच बनाने के लिए देश भर में चार हजार से अधिक रिटेल स्टोर खोलने की योजना बनाई है।
रोजगार और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा
इस परियोजना से उन्नाव जिले को सीधा फायदा मिलेगा। बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। केवल प्रोसेसिंग यूनिट ही नहीं, बल्कि परिवहन, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़े कार्यों में भी व्यावसायिक अवसर बढ़ेंगे। इससे जिले में औद्योगिक माहौल को नई गति मिलेगी।
160 साल पुरानी विरासत
कॉर्पोरेट प्रबंधक नीरज त्रिवेदी ने बताया कि 1865 में शुरू हुआ अल्लाना ग्रुप आज देश का सबसे बड़ा प्रोसेस्ड फूड और एग्रो-प्रोडक्ट्स एक्सपोर्टर है। ग्रुप का कारोबार कॉफी, आइसक्रीम और पोल्ट्री फूड सहित कई क्षेत्रों में फैला है। अब उन्नाव को इस औद्योगिक विस्तार में अहम स्थान मिल रहा है।
: दो साल का जीएसटी बकाया नहीं चुकाया तो सिटी पैलेस गेस्ट हाउस सील
Sun, Sep 28, 2025
26 लाख रुपये की वसूली के लिए राज्य कर विभाग की बड़ी कार्रवाई
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। दो वित्तीय वर्षों से लंबित जीएसटी बकाया और उस पर ब्याज मिलाकर करीब 26 लाख रुपये जमा न करने पर राज्य कर विभाग ने सख्ती दिखाते हुए शनिवार को शहर के चर्चित सिटी पैलेस गेस्ट हाउस को कुर्क कर सील कर दिया। इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया।
नोटिस पर भी नहीं चुकाया बकाया
अपर आयुक्त राज्य कर, कानपुर जोन प्रथम के निर्देश पर छह सदस्यीय टीम शनिवार दोपहर तकी नगर स्थित गेस्ट हाउस पहुंची। टीम ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को बकाया वसूली से जुड़े आदेश दिखाए और फिर प्रतिष्ठान को सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि गेस्ट हाउस पर वित्तीय वर्ष
2021-22
और
2022-23
का बकाया जीएसटी व ब्याज मिलाकर 26 लाख रुपये की रकम बकाया थी।
कार्रवाई की कमान देवर्षि दुबे के हाथ
कई बार नोटिस भेजने के बावजूद भुगतान न करने पर यह कार्रवाई की गई। टीम का नेतृत्व स्टेट जीएसटी अफसर देवर्षि दुबे ने किया। उनके साथ पंकज कुमार, दिनेश कुमार सिंह, कुलदीप समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
व्यापारियों में चर्चा, वसूली पर नजर
अधिकारियों ने बताया कि गेस्ट हाउस मालिक मो. फारुख मुंबई में रहते हैं। विभाग की ओर से उन्हें बार-बार नोटिस भेजे गए, लेकिन तय समय में बकाया जमा नहीं किया गया। अंततः उच्चाधिकारियों के आदेश पर यह सख्त कदम उठाना पड़ा।कार्रवाई के बाद क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने गेस्ट हाउस को सील होते देखा तो शहरभर में चर्चा फैल गई। विभागीय अफसरों का कहना है कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्यवाही जारी रहेगी।
: स्थानीय निकाय समिति में उन्नाव को मिली अहम जिम्मेदारी
Sat, Sep 27, 2025
सदर विधायक पंकज गुप्ता सभापति, पुरवा विधायक अनिल सिंह सदस्य नामित
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। जिले के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश के स्थानीय निकायों के लेखा परीक्षा प्रतिवेदनों की जांच संबंधी समिति में उन्नाव से दो विधायकों को जिम्मेदारी मिली है। सदर विधायक पंकज गुप्ता को समिति का सभापति नामित किया गया है, जबकि पुरवा विधायक अनिल सिंह को समिति का सदस्य बनाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दोनों विधायकों को यह दायित्व सौंपा है।
भाजपा कार्यालय में बधाइयों का तांता
शनिवार को जैसे ही यह जानकारी सामने आई, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यालय में सदर विधायक पंकज गुप्ता का फूलमालाओं और पटिका भेंटकर स्वागत किया गया। बधाई देने वालों का देर तक तांता लगा रहा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, भाजपा नेता आनंद अवस्थी, नुरुल हक़, विमल द्विवेदी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने पंकज गुप्ता को बधाई दी।
तीसरी बार विधायक, पहले भी रह चुके सभापति
पंकज गुप्ता तीसरी बार उन्नाव सदर सीट से विधायक चुने गए हैं। इससे पहले भी वे इसी समिति के सभापति रह चुके हैं। उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए एक बार फिर पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है।
नेतृत्व का जताया आभार
विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए गर्व की बात है। वे पूरी निष्ठा से कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा और जिला प्रभारी व प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया।
अनिल सिंह बोले, जिले का मान बढ़ा
पुरवा विधायक अनिल सिंह ने समिति का सदस्य बनाए जाने पर विधानसभा अध्यक्ष सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिले के दो विधायकों को समिति में जगह मिलना उन्नाव के लिए गौरव की बात है। वे पूरी निष्ठा से समिति की जिम्मेदारी निभाएंगे और स्थानीय निकायों की पारदर्शिता व जवाबदेही को और मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले की जनता का मान बढ़ाना ही उनका संकल्प है।
सोशल मीडिया पर लगी बधाइयों की झड़ी
समिति में जिम्मेदारी मिलने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर भी समर्थकों ने विधायक पंकज गुप्ता और अनिल सिंह को बधाइयां दीं। फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाओं के संदेश पोस्ट किए। कई लोगों ने लिखा कि यह जिले के लिए गर्व का क्षण है। ट्विटर (एक्स) पर भी कार्यकर्ताओं ने हैशटैग बनाकर खुशी जताई और नेतृत्व के इस फैसले की सराहना की।