बजरंग दल का प्रदर्शन : गौ रक्षकों की रिहाई को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
Thu, Jun 25, 2026
नर्मदापुरम में 14 गौ रक्षकों को उम्रकैद दिए जाने के विरोध में उठाई आवाज
उन्नाव। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में 14 गौ रक्षकों को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के विरोध में गुरुवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। संगठन की ओर से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर गौ रक्षकों की रिहाई की मांग उठाई गई। जिला संयोजक नितिन शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि गौ रक्षा का कार्य करने वाले लोगों को कानूनी प्रक्रिया के नाम पर परेशान किया जाना उचित नहीं है। नितिन शुक्ला ने बताया कि नर्मदापुरम में एक न्यायालय द्वारा 14 गौ रक्षकों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है, जिसके विरोध में यह ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा गया है। उन्होंने मांग की कि सभी गौ रक्षकों को ससम्मान रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। संगठन ने यह भी मांग उठाई कि देशभर में गौ रक्षा से जुड़े कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह ने ज्ञापन स्वीकार कर शासन स्तर पर प्रेषित किए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की और जल्द कार्रवाई की अपील की।
पीपल के पेड़ से लटका मिला किसान का शव : मौत की वजह पर सस्पेंस
Thu, Jun 25, 2026
पुलिस आत्महत्या और अन्य पहलुओं पर कर रही जांच
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के जवाहर खेड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक किसान का शव गांव के बाहर पीपल के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जवाहर खेड़ा निवासी 40 वर्षीय होरीलाल पुत्र रग्घू का शव सुबह करीब सात बजे गांव के बाहर एक पीपल के पेड़ से लटका मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर सीके मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस परिवार के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।
मार्ग दुर्घटना : भंडारे से लौट रहे किसान की लोडर की टक्कर से गई जान
Thu, Jun 25, 2026
खेती-किसानी कर चलाते थे परिवार, पीछे छोड़ गए पत्नी-बेटा
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। हादसा सुब्बाखेड़ा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात लोडर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पदमरा गांव निवासी अमन कुमार उर्फ पिंटू यादव (40) पुत्र फूल सिंह चपरी गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गए थे। देर रात वह बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में सुब्बाखेड़ा गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अमन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों के मुताबिक अमन कुमार खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी, 10 वर्षीय बेटा अंकित, दो भाई और एक बहन हैं। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। अचलगंज थाना प्रभारी सुब्रत नारायण ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।