नहर में मिला शव : तीन दिन से लापता थी किशोरी
Sun, Aug 30, 2026
पुलिया में फंसा था शव, तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस-ग्रामीणों ने निकाला बाहर
उन्नाव। आसीवन थाना क्षेत्र के जारुल्लानगर गांव से तीन दिन पहले लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी का शव रविवार दोपहर शारदा नहर की आसीवन ब्रांच में मिला। शव खानपुर सुरौली गांव के पास कोठी पुलिया में फंसा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। परिजनों ने शव की पहचान राधा के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जारुल्लानगर निवासी सुखलाल ने शनिवार को आसीवन थाने में बेटी राधा की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 28 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे राधा शौच के लिए घर से निकली थी। वह गांव से करीब 200 मीटर दूर स्थित शारदा नहर की आसीवन ब्रांच की ओर गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू की थी। रविवार को खानपुर सुरौली गांव में शारदा नहर की आसीवन ब्रांच स्थित कोठी पुलिया के पास ग्रामीणों ने पानी में शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव मिलने की जानकारी होते ही मृतका के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी नहर के पास पहुंच गए। पुलिया के अंदर फंसा होने के कारण शव को निकालने में पुलिस और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब तीन घंटे बाद शव को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने परिजनों से शव की पहचान कराई। परिजनों ने उसकी पहचान राधा के रूप में की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी की मौत कैसे हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
सिद्धनाथ मंदिर के पीछे नाले में मिला युवक का शव : परिजनों ने लगाए आरोप
Sun, Aug 30, 2026
शनिवार रात पोस्टमार्टम नहीं हो सका, रविवार शाम चार बजे कराया गया पोस्टमार्टम, जांच में जुटी पुलिस
उन्नाव। सिद्धनाथ मंदिर के पीछे तालिब सराय वाले नाले में शनिवार देर रात 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हजारी टोला, सिद्धनाथ मंदिर निवासी पंकज गोस्वामी पुत्र स्व. अशोक गोस्वामी के रूप में हुई। परिजनों ने पत्नी से विवाद के बाद उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे पंकज का पत्नी दीक्षा गोस्वामी से घर के किसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद पंकज घर से निकल गया। देर रात करीब 10 बजे उसके एक दोस्त ने सिद्धनाथ मंदिर के पीछे तालिब सराय वाले नाले में पंकज का शव पड़ा देखा। उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पंकज को आनन-फानन अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। रविवार दोपहर परिजन शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। शाम करीब चार बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पत्नी से मारपीट का आरोप
मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि पंकज के साथ उसकी पत्नी दीक्षा उर्फ सुमन ने मारपीट की थी। परिजनों का कहना है कि पत्नी से विवाद के बाद पंकज ने पत्नी और मोहल्ले के लोगों से कहा था, "आज के बाद हम नहीं आएंगे घर।" इसके कुछ घंटे बाद उसका शव नाले में मिला। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
फूलों की दुकान लगाकर करता था परिवार का पालन
पंकज सिद्धनाथ मंदिर में फूलों की दुकान लगाता था और इसी से परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी वर्ष 2020 में दीक्षा गोस्वामी से हुई थी। दंपती की एक साल की बेटी है। पंकज की मां गुड्डी देवी हैं। उसकी तीन बहनें दुर्गा, निन्ही और सोनी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।
150 कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ पहुंचे पंकज गुप्ता : हरीश द्विवेदी का किया स्वागत
Sun, Aug 30, 2026
राष्ट्रीय महामंत्री के प्रथम लखनऊ आगमन पर दिखा उत्साह, कार्यकर्ताओं ने लगाए स्वागत के नारे
उन्नाव। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के पहली बार लखनऊ पहुंचने पर उन्नाव के भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सदर विधायक पंकज गुप्ता के संयोजन में जिले से करीब 150 पदाधिकारी और कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे। कार्यकर्ताओं में राष्ट्रीय महामंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। लखनऊ पहुंचने के बाद सदर विधायक पंकज गुप्ता ने हरीश द्विवेदी से मुलाकात कर उन्हें गुलदस्ता और प्रतीक चिह्न भेंट किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भी उनका अभिनंदन किया। काफी संख्या में उन्नाव से कार्यकर्ताओं के पहुंचने से कार्यक्रम में जिले की मौजूदगी खास तौर पर दिखाई दी।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि पार्टी में संगठन और कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को नई दिशा देने का काम करता है। हरीश द्विवेदी के अनुभव और संगठन के प्रति उनकी सक्रियता से पार्टी की गतिविधियों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के लिए वरिष्ठ नेताओं से मिलने और उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने के अवसर हमेशा उत्साह बढ़ाने वाले होते हैं। हरीश द्विवेदी के लखनऊ आगमन पर उन्नाव के कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत करना उनके लिए खुशी और सम्मान की बात है।
उन्नाव से बड़ी संख्या में पहुंचे पदाधिकारी
स्वागत कार्यक्रम में पूर्व हिंदू युवा वाहिनी लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, गोलू सिंह चंदेल, शुभम निगम, निशांत, अजीम, अभिषेक पाण्डेय, पवन सिंह, प्रदीप सिंह, आदित्य बजरंगी, कौशल, डब्बू सिंह और गुड्डू तनेजा समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री के आगमन को लेकर उत्साह जताया और संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी सक्रियता बनाए रखने की बात कही।