बाबा श्याम के जागरण में उमड़े श्रद्धालु : रातभर गूंजते रहे भजन
Sun, Nov 16, 2025
विधायक पंकज गुप्ता व समिति के सदस्यों और शहर के समाजसेवियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम
उन्नाव। शहर का माहौल शनिवार रात पूरी तरह भक्ति में रंगा दिखा। कल्याणी मंदिर परिसर में श्री श्याम सेवा समिति की ओर से खाटू श्याम बाबा का जागरण हुआ, जिसमें देर रात तक भजन, कीर्तन और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। मंदिर के बाहर से लेकर मुख्य पंडाल तक आकर्षक सजावट की गई थी। रंग-बिरंगी लाइटें, फूलों की मालाएं और बाबा श्याम की भव्य झांकी देखते ही बनती थी। शाम होते ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया और रात बढ़ने के साथ भीड़ लगातार बढ़ती गई।
आरती से शुरू हुआ कार्यक्रम
जागरण की शुरुआत समिति के सदस्यों और मुख्य अतिथियों ने आरती और दीप प्रज्वलन के साथ की। इस दौरान धीरज तिवारी, प्रकाश शुक्ला, संजय वाजपेई, दुर्गेश दीक्षित, श्याम बहादुर, शिवशंकर प्रजापति, दीपक, मोहित द्विवेदी समेत कई सदस्य मौजूद रहे। सदर विधायक पंकज गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए और भक्तों के साथ बाबा श्याम से आशीर्वाद की कामना की। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शहर की खुशहाली, शांति और सबके कल्याण के लिए यह जागरण किया गया था।
भजनों ने बांधा समां
जागरण में पहुंचे भजन गायकों ने एक के बाद एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। “श्याम नाम रस बरसाए”, “हारे के सहारे श्याम हमारे” जैसे भजनों पर भक्त नाचते-झूमते नजर आए। पूरा परिसर भक्तिरस से भर गया। रात गहराती गई, लेकिन श्रद्धालुओं की ऊर्जा कम नहीं हुई। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी बाबा श्याम के जयकारों में शामिल रहे।
प्रसाद वितरण में जुटे हजारों भक्त
अंत में महाप्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। समिति ने कहा कि आगे भी ऐसे धार्मिक कार्यक्रम नियमित रूप से किए जाएंगे, ताकि समाज में सकारात्मक माहौल बना रहे। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता, भाजपा नेता विमल द्विवेदी, उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमित मिश्रा, भाजपा नेता अनुज पांडेय, साईं बाबा मंदिर के संस्थापक सुरेंद्र वर्मा सहित कई सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। पत्रकारों में धर्मेंद्र मिश्रा, विकास जायसवाल, मोना पांडेय, भुपेंद्र दीक्षित, आंशू सिंह, शैलेंद्र पांडेय, सागर, पंकज शर्मा, शिवम प्रजापति, क्षितिज बाजपेई, शिवम शुक्ला, कृष्णा तिवारी, रजत पांडे और अन्य मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। जागरण के दौरान पूरे समय श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह का माहौल बना रहा।
सरोसी ब्लॉक में वीरांगना उदन देवी पासी का शहादत दिवस : ग्रामीणों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
Sun, Nov 16, 2025
सदर विधायक पंकज गुप्ता बोले, उदन देवी का जीवन साहस और समर्पण की मिसाल
उन्नाव। सरोसी ब्लॉक परिसर में रविवार को वीरांगना उदन देवी पासी का शहादत दिवस गरिमा और सम्मान के साथ मनाया गया। सुबह से ही परिसर में लोगों का आना शुरू हो गया था। महिलाएं, बुजुर्ग, छात्राएं और स्थानीय प्रतिनिधि बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे सदर विधायक पंकज गुप्ता का स्वागत फूल-मालाओं से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वीरांगना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। विधायक पंकज गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि उदन देवी पासी स्वतंत्रता संग्राम की उन चुनिंदा वीरांगनाओं में थीं, जिन्होंने अंग्रेजी शासन के सामने कभी सिर नहीं झुकाया। उन्होंने कहा कि उदन देवी ने न सिर्फ अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई, बल्कि समाज की महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने का काम भी किया। उनका जीवन आज के युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह याद दिलाता है कि देशहित में किया गया हर त्याग अनमोल होता है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उदन देवी की जीवन यात्रा, संघर्ष और बलिदान को विस्तार से याद किया। कई महिला वक्ताओं ने कहा कि उदन देवी का संघर्ष सिर्फ आजादी के लिए नहीं था, बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए भी था। उन्होंने समाज में व्याप्त बंधनों को तोड़कर महिलाओं के आत्मसम्मान की नई राह दिखाई। मंच पर छात्राओं की देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक बना दिया। दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान यह भी मांग उठाई गई कि वीरांगना उदन देवी पासी के नाम पर स्मारक का निर्माण हो और उनके जीवन पर आधारित सामग्री को विद्यालयों की पढ़ाई में शामिल किया जाए ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान से परिचित हो सके।सदर विधायक ने कहा कि सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरोसी क्षेत्र में वीरांगना उदन देवी पासी की स्मृतिशिला स्थापित करने का प्रस्ताव आगे बढ़ाया जाएगा।
जिले में बड़ा बीज चेकिंग अभियान : 80 दुकानों की पड़ताल, 60 नमूने सील
Sun, Nov 16, 2025
बीघापुर, पुरवा, सदर, हसनगंज, सफीपुर और बांगरमऊ में छापेमारी से हड़कंप
उन्नाव में रबी सीजन से पहले किसानों को सही और प्रमाणित बीज मिल सके, इसके लिए प्रशासन ने शनिवार को पूरे जिले में अचानक अभियान चलाया। सुबह से ही बनी तीन संयुक्त टीमों ने अलग-अलग इलाकों में जाकर 80 से ज्यादा बीज दुकानों की जांच की। इसमें कई जगह रिकॉर्ड गड़बड़ मिले, जिस पर 60 नमूनों को मौके पर ही सील कर लैब भेजा गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बनी इन टीमों को साफ आदेश था कि किसी भी दुकान को पहले से खबर नहीं होनी चाहिए। इसलिए टीमें सीधे बाजारों में उतरीं और दुकानों में रखे स्टॉक से लेकर बिल, बारकोड, वैधता अवधि और रजिस्टर तक सब कुछ खंगाला। बीघापुर और पुरवा की जांच उप कृषि निदेशक रवि चंद्र प्रकाश की टीम ने संभाली। हसनगंज और सदर की दुकानों पर जिला कृषि अधिकारी शशांक पहुंचे। सफीपुर और बांगरमऊ में निरीक्षण का जिम्मा वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए (कृषि) और उप जिलाधिकारी अनुराग कुमार की टीम ने संभाला।
जांच के दौरान कई दुकानदार रजिस्टर और दस्तावेज सही तरीके से नहीं दिखा पाए। कुछ दुकानों पर स्टॉक का मिलान ही नहीं बैठा। इन गड़बड़ियों को गंभीर मानते हुए विभाग ने 6 दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें अन्नपूर्णा बीज भंडार, किसान बीज भंडार, शिवा बीज भंडार, रबी बीज भंडार (अचलगंज), बाजपेयी बीज भंडार (जटपुरवा, सफीपुर) और किसान बीज भंडार (बीघापुर) शामिल हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने साफ कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ एक दिन की औपचारिकता नहीं है। जिन दुकानों के नमूने जांच में सफल नहीं होंगे, उन पर नियमों के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे। विभाग का कहना है कि बीज में मिलावट, गलत लेबलिंग या कालाबाजारी जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में मंजूरी नहीं दी जाएगी। रबी सीजन की जरूरतों को देखते हुए कृषि विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज ही उपलब्ध हो और धोखाधड़ी की कोई गुंजाइश न बचे।