पुलिस की दबिश : टावर की बाउंड्रीवाल में सज रही थी जुए की फड़, सात गिरफ्तार
Wed, Nov 4, 2026
शहर से गांव तक कथित बुकी नेटवर्क की चर्चा, बड़े ठिकानों पर कार्रवाई का इंतजार
उन्नाव। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के जोगीकोट गांव में बीती रात को टावर की बाउंड्रीवाल के अंदर जुआ खेल रहे सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 5,520 रुपये की फड़ और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों की तलाशी में 1,710 रुपये मिले। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को उपनिरीक्षक नरेंद्र प्रताप पुलिस टीम के साथ बिनावर-संडीला अंडरपास पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने ग्राम जोगीकोट में टावर की बाउंड्रीवाल के अंदर कुछ लोगों के ताश के पत्तों से रुपये की बाजी लगाकर जुआ खेलने की सूचना दी। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जोगीकोट निवासी विजय कुमार, अकील, ननकू, आसार, नीरज, अखिलेश कुमार और गोवर्धन के रूप में हुई। पुलिस को मौके पर फड़ से 5,520 रुपये और 52 ताश के पत्ते मिले। वहीं, तलाशी के दौरान सातों के पास से अलग-अलग रकम बरामद हुई। पुलिस ने बरामदगी को कब्जे में लेकर सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम तहत कार्रवाई की है।
छोटी फड़ों पर छापे, बड़े पर चुप्पी
जनपद में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस की छापेमारी का सिलसिला जारी है। हाल ही में असोहा क्षेत्र के कालूखेड़ा में पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई, जबकि बेहटा मुजावर के जोगीकोट में सात जुआरी पकड़े गए। इन कार्रवाइयों के बीच जिले के अलग-अलग इलाकों में बड़े स्तर पर जुआ संचालित होने की चर्चाएं भी लगातार सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच लाखों रुपये के दांव लगवाने वाली फड़ों और उनके संचालकों को लेकर चर्चाएं हैं। हालांकि, इन बड़े ठिकानों पर कार्रवाई को लेकर अब तक कोई बड़ी पुलिस कार्रवाई सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है। छोटे स्तर पर जुआ खेलते पकड़े जा रहे लोगों के बीच बड़े नेटवर्क को लेकर बनी चर्चाएं भी चर्चा का विषय हैं।
अधिकारियों के कार्यालयों वाले क्षेत्र में भी जुए की चर्चा
जिले के आला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों वाला सदर कोतवाली क्षेत्र भी कथित बुकी जुए के संचालन की चर्चाओं से अछूता नहीं है। लोकनगर रेलवे क्रॉसिंग, रहमान फैक्ट्री के पास, चौरा बाजार और करोवन समेत कई स्थानों पर जुए की फड़ संचालित होने की चर्चाएं हैं। कहीं पेड़ के नीचे पीला तिरपाल बिछाकर बड़े दांव लगाए जाने की बात कही जाती है तो कहीं ठिकाने बदलकर गतिविधियां संचालित होने की चर्चा है। हाल ही में शहर के कहारों का अड्डा स्थित माली वाली गली में कथित बुकी जुए से जुड़ी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। हालांकि, इन तस्वीरों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इन स्थानों को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं बनी हुई हैं।
बाहरी जुआरियों की पसंद उन्नाव, सुरक्षा भी चुनौती
उन्नाव के गंगाघाट, माखी क्षेत्र के रुपऊ गांव के आसपास जंगलों, सफीपुर और बीघापुर क्षेत्र में भी जुए की फड़ संचालित होने की चर्चाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इन स्थानों पर कानपुर, फतेहपुर और रायबरेली समेत आसपास के जिलों से भी जुआरी पहुंचते हैं। कुछ चर्चाओं में आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की आवाजाही का भी जिक्र होता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है। दूसरी ओर त्योहार का सीजन होने से बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में चोरी, टप्पेबाजी और जेब कटने जैसी घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। बाहरी लोगों की आवाजाही वाले इलाकों में पुलिस की निगरानी और गश्त की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।
दिनदहाड़े कार से दो बैग गायब : चार लाख रुपये भी ले गए चोर
Tue, Nov 3, 2026
बैंक में रुपये जमा करने निकले थे प्रशांत, स्कूल के जरूरी दस्तावेज भी गायब; रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए चोर अब रात के अंधेरे का इंतजार भी नहीं कर रहे। मंगलवार को शहर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े एक कार को निशाना बनाकर दो बैग पार कर दिए गए। इनमें चार लाख रुपये नकद के साथ स्कूल के महत्वपूर्ण कागजात रखे थे। प्रमुख चौराहों से गुजरने वाले मार्ग पर हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सदर कोतवाली क्षेत्र के डीह गांव निवासी प्रशांत द्विवेदी मंगलवार सुबह बैंक में कुछ रुपये जमा करने और अन्य जरूरी काम निपटाने के लिए कार से घर से निकले थे। गांधी नगर तिराहा, छोटा चौराहा और बड़ा चौराहा होते हुए वह वापस लौट रहे थे। कलेक्ट्रेट गंज फाटक के पास कार का अगला बायां पहिया पंचर हो गया। टायर बदलने के लिए गांधी नगर तिराहे पर गाड़ी रोकी तो पता चला कि उसमें जैक-पाना नहीं है। इसके बाद वह सरकारी अस्पताल के बगल में स्थित पंचर की दुकान पर पहुंचे। टायर बदलवाने की तैयारी के दौरान पिछली सीट पर रखे दोनों बैग नदारद मिले।
नीले बैग में रखे थे चार लाख रुपये
प्रशांत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक बैग काले रंग का चमड़े का था, जिसमें स्कूल से जुड़े कागजात रखे थे। दूसरा बैग नीले रंग का था। इसके अंदर लाल रंग के झोले में चार लाख रुपये रखे हुए थे। दोनों बैग में मार्कशीट, प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज भी थे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद प्रशांत ने सदर कोतवाली पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा वारदात का राज
पुलिस अब कार के गुजरने वाले प्रमुख रास्तों और पंचर की दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है। संदिग्धों की पहचान के साथ बैग बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। सदर कोतवाली इंस्पेक्टर सीके मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
40 मिनट के बीच आखिर कहां गायब हुए बैग
?
प्रशांत ने तहरीर में घटना का समय सुबह 10:50 से 11:30 बजे के बीच बताया है। इस दौरान उनकी कार शहर के कई प्रमुख रास्तों से गुजरी। कलेक्ट्रेट गंज फाटक पर पंचर होने के बाद वह गांधी नगर तिराहे पर टायर बदलने के लिए रुके थे। जैक-पाना नहीं मिलने पर उन्हें सरकारी अस्पताल के पास दुकान तक जाना पड़ा। इसी घटनाक्रम के बीच दोनों बैग गायब हो गए। अब पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि चोरों ने किस स्थान पर मौका पाकर कार से बैग निकाले। सीसीटीवी फुटेज से इस कड़ी को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
त्योहार पर बाजारों में भीड़, सुरक्षा की चुनौती
त्योहार का सीजन चल रहा है। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में नकदी और कीमती सामान लेकर निकलने वालों को चोरी और टप्पेबाजी का डर भी सता रहा है। हर साल त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर चोरी, जेबकतरी और टप्पेबाजी की घटनाएं सामने आती हैं। इस बार भी शहर में दिनदहाड़े कार से चार लाख रुपये और दो बैग चोरी होने की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की नियमित गश्त और सतर्क निगरानी बनाए रखना अब बड़ी चुनौती है।
पदयात्रा : लोकतंत्र की आवाज बुलंद करने लखनऊ पहुंचे प्रवीण भानु
Tue, Nov 3, 2026
लखनऊ में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चले, जनहित के मुद्दों पर रखी बात
उन्नाव। लोकतंत्र की मजबूती और जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा की ओर से लखनऊ में निकाली गई पदयात्रा में उन्नाव से भी पार्टी नेताओं की भागीदारी रही। भाजपा नेता प्रवीण भानु मिश्रा ने भी इस आयोजन में शामिल होकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाया। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत निकली यह पदयात्रा लोकभवन से शुरू होकर परिवर्तन चौक तक पहुंची। इस दौरान प्रवीण भानु मिश्रा ने पदयात्रा में सहभागिता करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम लोगों तक जनहित से जुड़े मुद्दे पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया। उनका कहना था कि लोकतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी, आपसी संवाद और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का माध्यम भी है। इसकी मजबूती के लिए समाज के हर वर्ग को जागरूक रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के साथ समाज में शांति, सद्भाव और संवाद का माहौल बनाए रखने का संदेश लोगों तक पहुंचना चाहिए। पदयात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल रहे।
वीडियो संदेश से जताया खेद, जल्द आने का किया वादा
बीघापुर में आयोजित पंडित प्रदीप मिश्र की श्री शिवदीप शिवमहापुराण कथा से लौटते समय सांसद एवं भोजपुरी गायक मनोज तिवारी का नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा के कैंप कार्यालय पहुंचने का कार्यक्रम था। हालांकि, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम और दिल्ली से शाम की फ्लाइट होने के चलते वह कार्यालय नहीं पहुंच सके। उन्होंने रास्ते से ही वीडियो संदेश भेजकर प्रवीण भानु मिश्रा की पत्नी एवं पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा सहित वहां उनका इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं, क्षेत्रवासियों और पत्रकारों से खेद जताया। साथ ही जल्द ही उन्नाव आने का भरोसा दिलाया और सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।