खेल के मैदान में दिखाया दम : मेडल जीतकर बढ़ाया मान
Sat, Oct 10, 2026
75वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन, विधायक पंकज गुप्ता ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
उन्नाव। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में आयोजित 75वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने खेल मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अलग-अलग स्पर्धाओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को खास बनाया। समापन समारोह में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने विजेता और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन और नियमित अभ्यास भी जरूरी है। मैदान पर सीखा गया अनुशासन विद्यार्थियों को जीवन के दूसरे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने में मदद करता है।
विधायक ने कहा कि खेलकूद से विद्यार्थियों का शारीरिक विकास होने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और मिलकर काम करने की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने प्रतिभागियों को हार-जीत से सीख लेते हुए आगे बढ़ने और भविष्य में जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।समापन समारोह में शिक्षक विधायक राजबहादुर सिंह चंदेल और हृदय राम वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त, जनपदीय क्रीड़ा सचिव नवीन सिन्हा, ओपीजेडी इंटर कॉलेज शुक्लागंज के प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह और जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सबरवाल समेत परमात्मा शरण, अजब सिंह यादव, कमलेश कुमार, दिनेश कुमार गुप्ता और निखिल कुमार त्रिवेदी मौजूद रहे।
नेताजी की पुण्यतिथि पर जुटे सपाई : संघर्ष के रास्ते पर चलने का लिया संकल्प
Sat, Oct 10, 2026
जय चन्द्र विमल और अन्नू टंडन ने मुलायम सिंह यादव के योगदान को किया याद
उन्नाव। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को पार्टी कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद किया। श्रद्धांजलि सभा में नेताजी के राजनीतिक सफर, गरीबों और वंचितों के हक की लड़ाई तथा समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने में उनके योगदान की चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष जय चन्द्र विमल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का राजनीतिक जीवन संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने किसानों, मजदूरों, नौजवानों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों को लेकर लगातार आवाज उठाई। उनके मुताबिक, नेताजी ने समाजवादी विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ ही सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती दी। उनके विचार आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं।
कमजोर और वंचित तबके के लिए किया
काम
पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में आम जनता के हितों को प्राथमिकता दी। समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के साथ अल्पसंख्यक समाज को मुख्यधारा से जोड़ने में भी उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि नेताजी का संघर्ष और जनसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। सभा में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। इस दौरान मोहम्मद इस्माइल, सुंदरलाल लोधी, राधेलाल रावत, मंटू कटियार, अंकित परिहार, सुरेश पाल, वीरेंद्र शुक्ला, रमन पटेल, मंजीत यादव, अशोक चंदेल, साधु यादव, अशोक यादव, राजकुमार चौरसिया, विनोद कुमार पाल, शैलेन्द्र कुमार, अवधेश सिंह, धीरेंद्र यादव, राजकुमार लोधी, मनोज यादव, सानू सभासद और उमाशंकर यादव समेत पार्टी के अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अस्पताल पहुंचे अंकित परिहार : मुलायम की पुण्यतिथि पर सेवा के जरिए दिया संदेश
Sat, Oct 10, 2026
अंकित परिहार ने मरीजों का जाना हाल, बांटीं पौष्टिक आहार किट
उन्नाव। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर विधानसभा क्षेत्र भगवंतनगर में इंजी. अंकित सिंह परिहार ने सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि देने के बाद वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचे। यहां भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और पौष्टिक आहार किट वितरित की।अंकित परिहार ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जीवनभर गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और कमजोर वर्गों के लिए आवाज उठाई। उनकी पुण्यतिथि पर सिर्फ श्रद्धांजलि देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर उनकी मदद करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि बीमारी के समय मरीज और उसके परिवार पर आर्थिक और मानसिक दोनों तरह का दबाव रहता है। ऐसे समय में छोटी सी मदद भी उनके लिए काफी मायने रखती है। भगवंतनगर क्षेत्र के लोगों को अपना परिवार बताते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना उनकी जिम्मेदारी है।
इससे पहले जिला कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सपा की राष्ट्रीय सचिव अन्नू टंडन और जिलाध्यक्ष जयचंद विमल की मौजूदगी में मुलायम सिंह यादव को पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष और समाजवादी विचारधारा को याद किया। इसके बाद अंकित परिहार के नेतृत्व में अस्पतालों में सेवा अभियान चलाया गया।