झुग्गियों तक पहुंची खाकी : बच्चों के साथ मनाई दीपावली
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sat, Nov 7, 2026
करोवन गांव में एसएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने बांटे उपहार, मिठाई पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे

उन्नाव। त्योहार की खुशियां उन घरों तक भी पहुंचनी चाहिए, जहां संसाधनों की कमी के चलते दीपावली की रौनक कम रह जाती है। इसी सोच के साथ शनिवार को उन्नाव पुलिस के अधिकारी करोवन गांव की झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंचे। यहां पुलिस की वर्दी में पहुंचे अधिकारियों को अपने बीच देखकर बच्चे पहले तो उत्सुक नजर आए, लेकिन जब उन्हें मिठाई और उपहार मिले तो उनके चेहरों पर मुस्कान बिखर गई।

कोतवाली सदर क्षेत्र के करोवन गांव में आयोजित इस पहल के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात की। उनके साथ जनपदीय अध्यक्षा वामा सारथी नीतू सिंह, पुलिस अधीक्षक उत्तरी आयुष श्रीवास्तव, सीओ सिटी नगर विनी सिंह और सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा भी मौजूद रहें। अधिकारियों ने परिवारों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत की और दीपावली की खुशियों में शामिल हुए। इस दौरान बच्चों को मिठाई और गिफ्ट हैंपर दिए गए। उपहार मिलने पर बच्चों का उत्साह देखते ही बना।

पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से भी बातचीत कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। कुछ देर के लिए झुग्गियों में रहने वाले इन परिवारों के बीच पुलिस का यह अलग अंदाज चर्चा का विषय बना रहा। आमतौर पर पुलिस की पहचान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर कार्रवाई करने वाली संस्था के रूप में होती है, लेकिन इस पहल के जरिए पुलिस ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ा अपना दूसरा चेहरा भी सामने रखा। संदेश साफ था कि त्योहार की खुशियां समाज के किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं होनी चाहिए। जरूरतमंद परिवारों और बच्चों के साथ खुशियां बांटकर दीपावली को उनके लिए भी यादगार बनाया जा सकता है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन