भरोसे से शुरू हुआ विवाद : मृतक आश्रित की रकम और संपत्ति हड़पने का आरोप, पांच पर रिपोर्ट
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, Sep 22, 2026
मकान और पिता की रकम को लेकर सौतेले भाई समेत पांच लोगों पर आरोप
उन्नाव। पिता की मौत के बाद शुरू हुआ परिवार के बीच संपत्ति और रुपये का विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। एबी नगर निवासी 26 वर्षीय दीपशिखा ने अपने सौतेले भाई, उसकी पत्नी, सौतेली बहन और दो अन्य लोगों पर धोखाधड़ी से रुपये व संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि जब उसने और उसकी बहन ने अपने हिस्से की संपत्ति और रकम के बारे में सवाल उठाए तो उन्हें धमकियां मिलने लगीं। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली सदर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दीपशिखा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता कृष्णपाल सिंह मैनहा स्थित पटेल जनहित महाविद्यालय में सहायक अध्यापक थे। परिवार में उनकी दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी से प्रदीप कुमार उर्फ दीपक, शालिनी, शिखा और अनुराधा तथा दूसरी पत्नी गायत्री देवी से दीपशिखा और नेहा हैं। कृष्णपाल सिंह की 16 फरवरी 2009 को सेवाकाल के दौरान मौत हो गई थी।
दोनों बहनें उस समय थीं नाबालिग
दीपशिखा का कहना है कि माता-पिता की मौत के बाद वह और उसकी बहन नेहा कम उम्र की थीं। इसी दौरान सौतेले भाई प्रदीप कुमार उर्फ दीपक, उसकी पत्नी अर्चना देवी, अनुराधा देवी और अरविंद कटियार उर्फ गुड्डू ने दोनों को भरोसे में लिया। आरोप है कि पिता के पीएफ, एफडी, आरडी और दूसरी रकम के साथ दोनों माताओं के जेवर भी आरोपियों ने अपने पास रख लिए।शिकायत के मुताबिक उस समय दोनों बहनों से कहा गया था कि पिता की रकम लेने के बदले एबी नगर स्थित मकान उनके नाम कर दिया जाएगा। आरोप है कि इसी भरोसे पर रकम आरोपियों के कब्जे में चली गई, लेकिन बाद में मकान का बैनामा दोनों बहनों के नाम नहीं किया गया।
बैंक खाते से रकम निकालने का भी आरोप
दीपशिखा ने आरोप लगाया कि उसकी बहन के इंडियन बैंक के खाते में जमा मृतक आश्रित की रकम में भी प्रदीप कुमार ने अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा लिया। इसके बाद खाते से रकम निकाल ली गई। इतना ही नहीं, ग्राम पहाड़पुर सुबस में पिता के नाम रही भूमि में भी कथित तौर पर प्रदीप कुमार ने खुद को अकेला वारिस बताते हुए नाम दर्ज करा लिया। मामले की जानकारी होने के बाद दीपशिखा और उसकी बहन ने भूमि में अपना हक लेने के लिए तहसीलदार न्यायालय में वाद दायर किया। इसके बाद परिवार के बीच विवाद और बढ़ गया।
मकान छोड़ने को कहा, विरोध पर धमकी का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने और उसकी बहन ने एबी नगर स्थित मकान में अपने हिस्से की बात की तो आरोपियों ने साफ कह दिया कि पिता की रकम और नौकरी से जुड़ा लाभ वे ले चुके हैं। मकान छोड़ने के लिए दबाव बनाया गया। शिकायत करने पर दोनों बहनों को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। विवाद के बीच वर्ष 2021 में दोनों बहनों के खिलाफ मकान से बेदखली का दीवानी मुकदमा भी दायर किया गया। यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
परिवार रजिस्टर को लेकर भी शिकायत
दीपशिखा ने प्रदीप कुमार और अनुराधा देवी पर परिवार रजिस्टर की कथित कूटरचित नकल तैयार कराने और उसका सरकारी काम में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में यह भी कहा है कि दस्तावेजों में पारिवारिक संबंधों को लेकर गलत जानकारी दर्ज कराई गई।पीड़िता के अनुसार 19 फरवरी 2026 को एक शादी समारोह के दौरान भी आरोपियों ने उसे और उसकी बहन को धमकाया। इसके बाद उसने कोतवाली में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। 23 फरवरी को एसपी को भी प्रार्थनापत्र दिया गया। वहां से भी राहत नहीं मिलने पर उसने न्यायालय की शरण ली।न्यायालय के आदेश पर कोतवाली सदर पुलिस ने प्रदीप कुमार उर्फ दीपक, अर्चना देवी, अनुराधा देवी, शशिशंकर और अरविंद कटियार उर्फ गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों, बैंक खातों, संपत्ति के दस्तावेजों और परिवार रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों की जांच कर रही है। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन