किसानों को बड़ा मौका, : पीएम कुसुम योजना में 40 हजार से ज्यादा सोलर पंप आवंटित होंगे
Sun, Dec 7, 2025
26 नवंबर से 15 दिसंबर तक होंगे आवेदन, चयन पूरी तरह ई-लॉटरी से होगा
उन्नाव। जिले के किसानों को सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई की ओर ले जाने के लिए सरकार ने इस बार पीएम कुसुम योजना का दायरा और बड़ा कर दिया है। वित्तीय वर्ष
2025-26
में कुल 40 हजार 521 सोलर पंप सब्सिडी पर उपलब्ध कराए जाएंगे। चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी, ताकि आवेदन से लेकर आवंटन तक किसी तरह का दबाव या पक्षपात न दिखे। कृषि विभाग ने बताया कि इच्छुक किसान 26 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच निर्धारित पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करते समय 5 हजार रुपये टोकन मनी जमा करनी होगी। विभाग का कहना है कि यह राशि सिर्फ उन्हीं किसानों की समायोजित होगी, जिनकी बोरिंग जांच में सही पाई जाएगी।
उप निदेशक कृषि रविचंद्र प्रकाश ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसान के पास अपनी बोरिंग होना जरूरी है। अलग-अलग क्षमता के पंपों के लिए बोरिंग की मोटाई भी तय की गई है। 2 एचपी पंप के लिए 4 इंच, 3 और 5 एचपी पंप के लिए 6 इंच, जबकि 7.5 और 10 एचपी पंप के लिए 8 इंच की बोरिंग अनिवार्य होगी। सत्यापन के दौरान बोरिंग मानकों के अनुसार न मिलने पर किसान का आवेदन निरस्त हो जाएगा और जमा की गई टोकन मनी वापस नहीं की जाएगी। विभाग के अनुसार सोलर पंप मिलने से किसानों को सिंचाई पर होने वाला खर्च काफी कम होगा। डीजल या बिजली की निर्भरता खत्म होने से खेती की लागत घटेगी और सूखा प्रभावित क्षेत्रों में सिंचाई का विकल्प भी मजबूत होगा।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले अपनी बोरिंग की माप और स्थिति की खुद भी जांच कर लें, ताकि बाद में किसी तरह की समस्या न हो। विभाग ने यह भी कहा कि ई-लॉटरी से चयन होने के कारण किसी तरह की सिफारिश या दबाव का कोई असर नहीं पड़ेगा।
दोहरी राहत : तौरा नाला साफ होगा, पतारी माइनर में फिर बहेगा पानी
Sun, Dec 7, 2025
अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों जगह सफाई कार्य की शुरुआत
उन्नाव। बिछिया ब्लॉक क्षेत्र में किसानों की बरसों पुरानी मांग आखिर पूरी होती दिख रही है। तौरा नाले की सफाई के लिए प्रदेश सरकार से 69 लाख रुपये का बजट स्वीकृत होने के बाद शनिवार को पुरवा के विधायक अनिल सिंह ने नाले की सफाई कार्य का शुभारंभ किया। फीता काटकर शुरू की गई इस कार्यवाही से किसानों में राहत की उम्मीद बढ़ गई है।
तौरा नाले की सफाई से खेतों में भराव की समस्या खत्म होने की उम्मीद
दही चौकी से मीरपुर लोन नदी के समानांतर करीब चार किमी. तक फैला तौरा नाला लंबे समय से साफ नहीं हुआ था। खरपतवार की मोटी परत और धंसान के कारण नाला जाम जैसा हो गया था। शारदा नहर में पानी बढ़ने या ओवरफ्लो होने पर जब अतिरिक्त पानी इस नाले में छोड़ा जाता था, तो खांदी टूट जाती थी और आसपास के खेतों में पानी घुस जाता था। किसानों की फसलें बार-बार डूब जाती थीं। पिछले वर्ष नाले की सफाई का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है। एक्सईएन गगन कुमार शुक्ला ने बताया कि लगभग तीन माह में सफाई कार्य पूरा हो जाएगा। नाले की पटरी को मजबूत करने के लिए खड़ंजा भी डाला जाएगा, जिससे गांवों के बीच आवागमन पहले से आसान हो जाएगा। इस मौके पर अवर अभियंता अरशद खान, अजय पाल, राजन बाजपेई, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र साहू, बदलीखेड़ा प्रधान उमेश यादव समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
सदर क्षेत्र में पतारी माइनर की सफाई भी शुरू
उधर, शहर से लगी पतारी माइनर की सफाई के कार्य का शुभारंभ सदर विधायक पंकज गुप्ता ने किया। उन्होंने फीता काटकर और खुद फावड़ा चलाकर नहर की सफाई की शुरुआत की। 6.437 किलोमीटर लंबी इस माइनर नहर की सफाई को सिंचाई विभाग ने प्राथमिकता में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि नहर साफ होने से पानी की आवाजाही सुचारू होगी और सिंचाई में किसानों को बड़ा फायदा मिलेगा। इससे रबी फसलों की तैयारी और बेहतर तरीके से हो सकेगी। संसाधनों की निगरानी के लिए एक्सईएन गगन कुमार, प्रधान राजू अवस्थी और रामपाल लोधी समेत स्थानीय लोग मौजूद रहे। विधायक ने बताया कि नहरों की नियमित सफाई से किसानों का खर्च कम होता है और पैदावार पर सीधा असर पड़ता है।
किसानों के लिए दोहरी राहत
बिछिया और सदर दोनों क्षेत्रों में नालों और नहरों की सफाई शुरू होने से किसानों को उम्मीद जगी है कि इस बार खेतों में न तो अनियंत्रित पानी भरेगा और न ही सिंचाई में कमी होगी। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि यह कदम खेती को मजबूत बनाने और गांवों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में बड़ा प्रयास है।
भाजपा ने चलाया कुंडी खटकाओ अभियान : घर-घर जाकर भरे एसआईआर फॉर्म
Sat, Dec 6, 2025
सदर विधायक ने संभाली कमान, पूरन नगर में चला फॉर्म अभियान
उन्नाव। सदर विधानसभा क्षेत्र के पूरन नगर मोहल्ले में गुरुवार को मतदाता जागरूकता को लेकर एक खास पहल देखने को मिली। भाजपा द्वारा चलाए जा रहे कुंडी खटकाओ अभियान के तहत टीम सुबह से ही गलियों में सक्रिय रही। अभियान का संचालन सदर विधायक पंकज गुप्ता और डीसी–डीएफ उपसभापति प्रियंका शुक्ला के संयोजन में किया गया। दोनों नेताओं ने अभियान की निगरानी की और लोगों से सीधे संवाद भी किया। टीम के सदस्य मोहल्ले के हर घर तक पहुंचे और लोगों को एसआईआर फॉर्म भरने के लिए प्रेरित किया। कई जगह स्वयं विधायक ने रुककर नागरिकों से बातचीत की, दस्तावेजों के बारे में जानकारी ली और फॉर्म भरने की प्रक्रिया को आसान भाषा में समझाया। अभियान के दौरान घरों के बाहर जागरूकता वाले स्टीकर लगाए गए, जिससे पूरा इलाका चुनावी जागरूकता की भावना से भर गया।
स्थानीय निवासियों ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने डोर-टू-डोर जाकर मतदान के महत्व पर चर्चा की और लोगों से अपील की कि वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए समय पर फॉर्म भरकर बीएलओ को सौंप दें। टीम का कहना था कि लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य नागरिक नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। अभियान के दौरान मोहल्ला पूरे दिन काफी उत्साहित रहा। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक कई लोगों ने टीम का स्वागत किया और अपनी समस्याएं भी साझा कीं। कार्यकर्ताओं ने भरोसा दिलाया कि सभी मुद्दों को क्रमबद्ध तरीके से संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा।
आयोजन में सभासद राजेश शर्मा, राजेंद्र भारतीय, नगर अध्यक्ष अवनीश छोटे गुप्ता, संतोष पाल, प्रीति शर्मा, अतुल गौतम सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। टीम का कहना है कि आने वाले दिनों में इस तरह के जागरूकता अभियान अन्य वार्डों में भी चलाए जाएंगे, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट किया जा सके और जनता को उनके अधिकारों के प्रति पूरी जानकारी मिल सके।