महिला ने लगाए मारपीट : छेड़छाड़ और नकदी लूटने के आरोप
Tue, Aug 4, 2026
पीड़िता बोली, मजदूरों की मजदूरी के लिए रखे थे 50 हजार रुपये, पर्स छीनकर भागे आरोपी
उन्नाव। थाना एफ-84 क्षेत्र में एक दुकान पर साफ-सफाई कराने पहुंची महिला और उसके साथ मौजूद अन्य महिलाओं के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और नकदी से भरा पर्स छीनने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद घायल महिलाओं का इलाज कराया गया, जबकि पीड़िता ने पूरी वारदात का वीडियो भी होने का दावा किया है। पीड़िता के मुताबिक, 2 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे वह लखनऊ-बांगरमऊ रोड किनारे स्थित अपनी दुकान पर कुछ मजदूरों के साथ सफाई का काम कराने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोग वहां आ गए। आरोप है कि आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता व छेड़छाड़ करने लगे। महिलाओं ने इसका विरोध किया तो मामला और बढ़ गया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने लाठी-डंडों, बेल्ट और धारदार वस्तुओं से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में पीड़िता समेत अन्य महिलाएं घायल हो गईं। एक महिला के सिर में गंभीर चोट आने पर उसे जिला अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। वहीं दूसरी महिला की चूड़ियां टूट गईं, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई और खून निकलने लगा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरों की मजदूरी देने के लिए अपने पर्स में 50 हजार रुपये नकद लेकर गई थी। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसका पर्स भी छीन लिया और उसमें रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जाते समय आरोपियों ने दोबारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी और बताया कि पूरी घटना का वीडियो भी मौजूद है, जिसे जांच में साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध कराया जा सकता है। पीड़िता ने पुलिस से वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बुजुर्गों के चेहरे पर दिखी खुशी : अयोध्या धाम के लिए रवाना हुईं दो बसें
Tue, Aug 4, 2026
तीर्थयात्रियों से मिलकर विधायक ने की कुशलक्षेम की जानकारी, सुरक्षित यात्रा की कामना
उन्नाव। अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम के दर्शन की इच्छा लिए मंगलवार को शहर के 110 बुजुर्ग श्रद्धालु दो बसों से रवाना हुए। सदर विधायक पंकज गुप्ता की ओर से निजी संसाधनों से संचालित 'पंकज गुप्ता श्रवण कुमार तीर्थाटन यात्रा' के तहत यह यात्रा गिरजाबाग स्थित गिरजेश्वर मंदिर से शुरू हुई। यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह साफ नजर आया, जबकि परिजनों ने फूल-मालाएं पहनाकर और शुभकामनाएं देकर उन्हें विदा किया। रवाना होने से पहले विधायक पंकज गुप्ता बसों में पहुंचे और सभी बुजुर्ग श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने यात्रा को लेकर आवश्यक जानकारी भी ली और सभी के सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय सफर की कामना की। इस मौके पर विधायक ने कहा कि माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा करना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्हें तीर्थ स्थलों के दर्शन कराने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि अयोध्या केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में क्षेत्र के बुजुर्गों को वहां दर्शन कराने का प्रयास उनके लिए आत्मिक संतोष देने वाला है। उन्होंने बताया कि 'पंकज गुप्ता श्रवण कुमार तीर्थाटन यात्रा' का उद्देश्य उन बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक तीर्थ यात्रा कराना है, जो किसी कारणवश स्वयं यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि समाज में बुजुर्गों का अनुभव और आशीर्वाद सबसे बड़ी पूंजी है। आगे भी इस तरह की यात्राएं लगातार आयोजित की जाती रहेंगी ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु धार्मिक स्थलों के दर्शन का लाभ उठा सकें।
यात्रा के शुभारंभ के दौरान पूर्व सभासद बृजेश वर्मा, संतोष उर्फ सन्तू पाल, नगर अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, सभासद बृजेश पाण्डेय, दीपांकर, सतीशचन्द्र मिश्रा, राकेश कुमार मिश्रा, करुणाशंकर तिवारी, अन्नू सविता, नरेश कुमार मिश्रा, पत्रकार रिंकू तिवारी, हनुमान प्रसाद, नामित सभासद दिनेश चौरसिया (भंडारी), श्रीकान्त तिवारी, मनोज अवस्थी, राकेश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला।
हुसैनगंज के खाली प्लॉट में मिला युवक का शव : पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा
Tue, Aug 4, 2026
मौत के कारणों पर अभी सस्पेंस, आसपास के लोगों से की पूछताछ
उन्नाव। शहर कोतवाली क्षेत्र के हुसैनगंज मोहल्ले में मंगलवार सुबह उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब एक खाली प्लॉट में एक युवक का शव पड़ा मिला। सुबह टहलने और आसपास से गुजर रहे लोगों ने शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की पीआरवी और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि हुसैनगंज में शराब की दुकान के पास स्थित एक खाली प्लॉट में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान मुकीम (35) पुत्र नसीम निवासी हरी मस्जिद, थाना कोतवाली सदर, उन्नाव के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल गमगीन हो गया। पुलिस को मृतक के भाई ने बताया कि मुकीम लंबे समय से शराब पीने का आदी था। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कोतवाली सदर प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यदि जांच या पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है तो उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों का इंतजार किया जा रहा है।