रक्षाबंधन से पहले मिलावट पर शिकंजा : 967 किलो माल जब्त-नष्ट
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Aug 21, 2026
रामपुर गड़ऊवा में छापेमारी से मचा हड़कंप, खोया-मिल्क पाउडर समेत कई चीजों के लिए नमूने

उन्नाव। रक्षाबंधन से पहले बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता परखने के लिए शुक्रवार को सहायक खाय आयुक्त प्रियंका सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को औरास क्षेत्र में अभियान चलाया। रामपुर गड़ऊवा बाजार में टीम की जांच के दौरान खाद्य कारोबार से जुड़े दस्तावेज और मानकों में खामियां मिलीं। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से लिए गए नमूनों के साथ बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया। दो परिसरों पर कारोबार बंद कराने की कार्रवाई हुई, जबकि एक कारोबारी को व्यवस्था सुधारने का नोटिस दिया गया। खाद्य विभाग की टीम सबसे पहले पवन गुप्ता के परिसर पहुंची। यहां खोया, वनस्पति ऑयल और दूध की जांच के लिए नमूने लिए गए। मौके पर रखे 20 किलो खोया और 15 लीटर वनस्पति ऑयल को नष्ट करा दिया गया। जांच में खाद्य कारोबार से संबंधित जरूरी पंजीकरण और निर्धारित मानकों की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इसके बाद टीम ने परिसर में खाद्य कारोबार बंद कराते हुए सीलिंग की कार्रवाई की। इसके बाद टीम राम विलास की दुकान पर पहुंची। यहां छेना मिठाई, रिकमंड मिल्क पाउडर और दूध के नमूने लिए गए। जांच के दौरान 16 किलो मिल्क पाउडर को सीज कर दिया गया। विभाग ने संबंधित कारखाने को भी बंद करा दिया। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान ग्राहकों तक मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री पहुंचाना है। इसी क्रम में टीम ने जनता ट्रेडर्स की भी जांच की। यहां से रिकमंड मिल्क और छेना पाउडर के नमूने लिए गए। इस प्रतिष्ठान पर तत्काल सीलिंग की कार्रवाई नहीं की गई, लेकिन खाद्य कारोबार में कमियां दूर करने के लिए कारोबारी को अंतरिम नोटिस जारी किया गया। विभाग ने साफ किया कि कमियां दूर नहीं होने पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान राजेंद्र प्रसाद, आशीष कुमार वर्मा, महेश कुमार, पंकज यादव, वीरन सिंह मौजूद रहे
967 किलो सामग्री हुई नष्ट
खाद्य विभाग के अनुसार शुक्रवार को हुई कार्रवाई में कुल 967 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.84 लाख रुपये बताई गई है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान जहां खाद्य मानकों और पंजीकरण से जुड़ी गंभीर कमियां मिलीं, वहां सीजर और सीलिंग की कार्रवाई की गई है। वहीं, जिन स्थानों पर सुधार की गुंजाइश मिली, वहां नोटिस देकर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच जांच तेज
रक्षाबंधन के आसपास खोया, दूध, मिल्क पाउडर और छेना से बनने वाली मिठाइयों की मांग अचानक बढ़ जाती है। इसी दौरान मिलावट की शिकायतें भी सामने आती हैं। खाद्य विभाग का अभियान इसी को देखते हुए चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। खाद्य विभाग ने कारोबारियों को भी चेताया है कि खाद्य सामग्री तैयार करने और बेचने के लिए जरूरी पंजीकरण, साफ-सफाई और तय मानकों का पालन करना जरूरी है। नियमों की अनदेखी मिलने पर नमूना लेने के साथ सामग्री जब्त करने और प्रतिष्ठान बंद कराने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन