विशेष रोल प्रेक्षक की दो टूक : मतदाता सूची में गड़बड़ी नहीं चलेगी
Thu, Jan 22, 2026
संजय अग्रवाल ने कहा, बीएलओ की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, घर-घर सत्यापन किया जाए
उन्नाव। मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 को लेकर गुरुवार को जिले में अहम समीक्षा हुई। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए भारत सरकार के विशेष रोल प्रेक्षक संजय कुमार अग्रवाल उन्नाव पहुंचे, जहां जिलाधिकारी गौरांग राठी ने डीएम कार्यालय में उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इसके बाद डीएम कार्यालय स्थित पन्नालाल सभागार में एसआईआर अभियान की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विशेष रोल प्रेक्षक ने मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्यों की एक-एक बिंदु पर समीक्षा की और अधिकारियों को साफ निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह सही, अपडेट और भरोसेमंद बनाना ही इस अभियान का मकसद है। यह लोकतंत्र की बुनियाद है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि जिन पात्र लोगों के नाम अब तक नहीं जुड़े हैं, उन्हें जोड़ा जाए। वहीं, मृत या अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएं। साथ ही प्रवासी मतदाताओं की प्रविष्टियों की भी गंभीरता से जांच की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस पूरे काम में बीएलओ की भूमिका सबसे अहम है। बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन पूरी जिम्मेदारी के साथ करना होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बीएलओ के काम की नियमित निगरानी की जाए। अगर जांच में कहीं भी लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने भरोसा दिलाया कि एसआईआर अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी ईमानदारी से चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी टीम भावना के साथ काम कर रहे हैं, ताकि मतदाता सूची का यह अहम काम समय पर, पारदर्शी और सही तरीके से पूरा हो सके। समीक्षा बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और तहसील स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एसआईआर अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से न छूटे। बैठक के बाद विशेष रोल पर्यवेक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने तहसील सदर में बनाए गए वीआरसी (वोटर रजिस्ट्रेशन सेंटर) का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर चल रही व्यवस्थाओं को देखा और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीआरसी केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो और उनके आवेदन समय पर निस्तारित किए जाएं।
अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद तड़प रहे गौवंश : पुलिस सहायता से गौरक्षकों ने अस्पताल पहुंचाया
Thu, Jan 22, 2026
उत्तर प्रदेश बरेली
: दरअसल जनपद के थाना फतेहगंजपूर्वी क्षेत्र में स्थित ग्राम निकसुआ पेट्रोल पम्प समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार अँधेरे तड़के किसी अज्ञात वाहन ने एक गौवंश नंदी को टक्कर मार दी जिससे गौवंश का एक पैर एवं कूलाह टूट व फट गया जिस कारण वह नेशनल हाइवे किनारे तड़प रहा था।
घटना की सूचना पर पहुँचे गौरक्षक अचल ने तड़पते गौवंश की जानकारी विकास ठाकुर को दी जहाँ कुछ देर बाद मौके पर पहुँचे विकास ठाकुर ने घटना की जानकारी पशु चिकित्सा अधिकारी व थाना पुलिस को दी जहाँ पहुँचे चिकित्सक ने घायल गौवंश का उपचार कर राहत पहुंचाने का सरहानीय कार्य किया।उसके बाद मौके पर पहुँचे थाना पुलिसकर्मियों और गौरक्षक विकास ठाकुर द्वारा घायल गौवंश को अस्पताल से वाहन बुलाकर छोटा हाथी माध्यम से चौवारी अस्पताल भेज दिया जहाँ उपचार किया जा रहा है।
गौरक्षक विकास ठाकुर व पुलिस कर्मियों ने काफी प्रयास कर अस्पताल भिजवाए घायल गौवंश के प्रति उम्मीद जताई कि तड़पते गौवंश की जान अब बच जाएगी।सरहानीय कार्य में गौरक्षक विकास ठाकुर व अचल समेत थाना फतेहगंजपूर्वी के हलका इंचार्ज संगम चौधरी,सिपाही शैलेंद्र प्रताप,दीपक चौधरी,112 पीआरबी कर्मी ठाकुर साहब आदि शामिल रहे।
शहीद आज़ाद को नमन : सर्वधर्म मंच से धर्मगुरुओं ने दिया एकता का संदेश
Thu, Jan 22, 2026
23 जनवरी को रामलीला मैदान में होगा मुख्य कार्यक्रम, देश विदेश से पहुंचेंगे धर्मगुरु
उन्नाव। सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्नाव में देश को समर्पित सर्वधर्म महोत्सव की भव्य शुरुआत हुई। गुरुवार को बदरका क्षेत्र से इस आयोजन का शुभारंभ हुआ, जहां सर्वधर्म संसद से जुड़े विभिन्न धर्मों के प्रमुख धर्मगुरु पहुंचे। पहले दिन आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘रंग दे बसंती’ के जरिए मंच से भाईचारे, प्रेम और देशभक्ति का साझा संदेश दिया गया। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन उन्नाव में अपनी तरह का पहला प्रयास है, जिसमें अलग अलग धर्मों के प्रतिनिधि एक साथ मंच साझा कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य साफ है। समाज में आपसी समझ बढ़े, मतभेद कम हों और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत हो।
कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की स्मृतियों को नमन के साथ हुई। सभी धर्मगुरुओं ने बदरका स्थित अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद स्मारक पर पहुंचकर माल्यार्पण किया और देश की आज़ादी के लिए दिए गए बलिदान को याद किया। इस दौरान माहौल पूरी तरह देशभक्ति और एकता के रंग में रंगा नजर आया।
सर्वधर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोस्वामी सुशील महाराज ने कहा कि उन्नाव के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब सभी प्रमुख धर्मों के धर्मगुरु एक मंच पर आकर समाज को एकजुट रहने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस आयोजन का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। इसका उद्देश्य केवल सामाजिक समरसता और देश की एकता को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के प्रमुख आयोजक सुरेंद्र वर्मा ‘बाबा जी’ ने बताया कि 23 जनवरी को रामलीला मैदान में सर्वधर्म महोत्सव का मुख्य आयोजन होगा। इस दिन देश और विदेश से आए विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु ‘रंग दे बसंती’ सम्मेलन में लोगों को संबोधित करेंगे। उन्होंने इसे उन्नाव के लिए ऐतिहासिक और अभूतपूर्व आयोजन बताया।आयोजकों का कहना है कि सर्वधर्म महोत्सव के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि भारत की ताकत उसकी विविधता में है। जब सभी धर्म, वर्ग और समुदाय मिलकर चलते हैं, तभी एक मजबूत और एकजुट राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में आचार्य लंकेश जी महाराज, सदर विधायक प्रतिनिधि प्रखर गुप्ता, सौरभ वर्मा, राजेश शुक्ला, सनी सरदार, सभासद मुन्ना सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।