टूटी सड़कों पर जनता बेहाल : सभासदों ने उठाई आवाज
Wed, Nov 5, 2025
सभासद बोलें – अमृत योजना के नाम पर हो रही मनमानी, जनता भुगत रही नतीजा
उन्नाव। अमृत पेयजल योजना का काम शहरवासियों के लिए राहत के बजाय मुसीबत बन गया है। पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन मरम्मत का काम अब तक अधूरा है। जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलभराव से लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। मंगलवार को सभासद ब्रजेश पांडे के नेतृत्व में सभासदों का एक मंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा, जिसमें जलनिगम और कार्यदायी संस्था की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की गई।
सभासद बोले — टेंडर हो गए, काम ठप पड़ा है
सभासद यासीन अहमद शीबू ने बताया कि योजना के तहत जिन सड़कों की खुदाई हुई थी, उनका टेंडर तो हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ। कुछ जगहों पर नई बनी सड़कों को भी लीकेज सुधार के नाम पर बार-बार खोद दिया जाता है और फिर महीनों तक वैसे ही छोड़ दिया जाता है।
जलनिगम की लापरवाही से बिगड़ी शहर की सूरत
सभासदों ने कहा कि टेस्टिंग के दौरान पानी रिसने से सड़कों पर जलभराव हो जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी होती है। सभासदों ने आरोप लगाया कि जलनिगम के अधिकारी और कार्यदायी संस्था काम पूरा करने में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। बिना समतलीकरण और मानक सामग्री के काम छोड़ दिए जा रहे हैं, जिससे सड़कें कुछ ही दिनों में फिर उखड़ जाती हैं।
ब्रजेश पांडे बोले — जनता का सब्र अब टूट रहा है
सभासद मंडल का नेतृत्व कर रहे ब्रजेश पांडे ने कहा कि अमृत योजना की लापरवाही से जनता बुरी तरह परेशान है। शहर की गलियों में धूल और कीचड़ से लोग रोजाना जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमृत योजना का उद्देश्य पेयजल पहुंचाना था, लेकिन यहां जनता को परेशानी मिली है। अधिकारी सिर्फ फाइलों में काम दिखा रहे हैं। अब हम मजबूर होकर जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
सभासदों की छवि पर असर, जनता में नाराजगी
सभासदों का कहना है कि अधूरे काम और खराब सड़कों के कारण मोहल्लों में लोग सीधे उन्हीं से सवाल कर रहे हैं। यह स्थिति सभासदों की छवि पर असर डाल रही है। उन्होंने मांग की कि तकनीकी टीम से सभी सड़कों की जांच कराकर दोषी अधिकारियों और कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई की जाए।
मौके पर मौजूद रहे
सुशील तिवारी, अशोक कुमार सिंह मुन्ना, रवि कुमार, मनीष शुक्ला, स्वप्निल तिवारी, सतीश यादव, दिनेश वर्मा, राजेश कुमार, मो. आरिफ शानू, राजेंद्र यादव समेत कई सभासद और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लोकार्पण के साथ मिली राहत : वार्डों में पूरी हुई सड़क व नाली की मांग
Tue, Nov 4, 2025
अध्यक्ष ने कहा—हर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता
उन्नाव। शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा लगातार मैदान में सक्रिय हैं। मंगलवार को उन्होंने नगर के अलग-अलग वार्डों में बनी नई सड़कों और नालियों का लोकार्पण किया। लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत किया और क्षेत्र में हुए बदलाव के लिए उनका आभार जताया।
वार्ड संख्या 18 पीडी नगर में अध्यक्ष ने अनुराग त्रिपाठी के मकान से डॉ. मजूमदार के क्लिनिक तक बनी इंटरलॉकिंग सड़क का उद्घाटन किया। इस मौके पर सभासद प्रतिनिधि दिनेश लोधी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने कहा कि लंबे समय से यह मार्ग जर्जर था, अब सड़क बनने से आवागमन आसान हो गया है।
इसके बाद वार्ड संख्या 21 एबी नगर दक्षिणी में अमन लोधी के मकान से मुख्य मार्ग तक बनी नाली और इंटरलॉकिंग सड़क का लोकार्पण किया गया। कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों ने अध्यक्ष को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि बरसात में पानी भरने की समस्या से अब राहत मिलेगी।
इसी क्रम में वार्ड संख्या 4 आवास विकास में भी शुभम पांडे के मकान के पास निर्मित नाली और सड़क का लोकार्पण किया गया। यहां सभासद प्रतिनिधि मुन्नीलाल, राधेश्याम शर्मा सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में सड़क, नाली और जल निकासी से जुड़े कार्य प्राथमिकता पर पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई गई हैं, ताकि हर क्षेत्र में समान विकास दिखाई दे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र की तस्वीर बदली है और अब लोगों को आने-जाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।
उन्नाव : बांगरमऊ में खुला ग्राम न्यायालय, गांव के द्वार पर अब न्याय मिलेगा
Tue, Nov 4, 2025
जिला जज बोले— न्याय हर नागरिक का अधिकार
उन्नाव। बांगरमऊ क्षेत्र के लोगों को अब न्याय के लिए जिला मुख्यालय तक चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मंगलवार को बांगरमऊ नगर में ग्राम न्यायालय की शुरुआत के साथ ही यह सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलनी शुरू हो गई। हरदोई–उन्नाव मार्ग पर स्थित शहीद ठाकुर जसासिंह स्मारक भवन में इसका उद्घाटन जिला जज अनिल वर्मा ने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर किया। जिला जज ने बताया कि ग्राम न्यायालय की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीणों को शीघ्र, सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस न्यायालय में 25 हजार रुपये तक के सिविल वाद और दो साल तक की सजा वाले आपराधिक मामले सुने जाएंगे। इससे आम लोगों को जिला मुख्यालय तक बार-बार आने की परेशानी नहीं होगी।
जिला जज अनिल वर्मा ने कहा कि न्याय पाना हर नागरिक का मौलिक अधिकार है। यह न्यायालय लोगों को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने अधिवक्ताओं और अधिकारियों से कहा कि वे आपसी समन्वय और सहयोग के साथ न्याय प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाएं।
उद्घाटन समारोह में अपर जिला जज सत्यवान सिंह, अपर जिला जज महेंद्र सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भाव्या तिवारी, न्यायिक अधिकारी आकांक्षा अवस्थी, एसडीएम बृजेंद्र मोहन शुक्ला, सीओ संतोष कुमार सिंह, तहसीलदार साक्षी राय और कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सीनियर एडवोकेट संजीव त्रिवेदी, एडवोकेट प्रियंका अवस्थी, एडवोकेट फुजैल खान समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए। बार एसोसिएशन बांगरमऊ लंबे समय से तहसील मुख्यालय पर न्यायालय की मांग कर रही थी, जो अब पूरी हो गई। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि अब छोटे-छोटे मुकदमों के लिए उन्नाव तक जाने की जरूरत नहीं रहेगी। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। अधिवक्ताओं ने भी इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि सच में अब न्याय गांव के द्वार तक पहुंच गया है।