बातचीत के बहाने घर पहुंचा युवक : चाकू से कारोबारी की गर्दन पर वार
Sat, Sep 26, 2026
50 हजार रुपये लेकर भागने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
उन्नाव। सिकंदरपुर सरोसी गांव में शुक्रवार रात एक बुजुर्ग डीजल कारोबारी पर चाकू से हमला कर 50 हजार रुपये ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बातचीत के लिए घर पहुंचे गांव के ही युवक ने अचानक कारोबारी की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। हमले में घायल कारोबारी के गिरने के बाद युवक गोलक में रखी नकदी लेकर वहां से निकल गया। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सिकंदरपुर सरोसी निवासी नरेश जायसवाल (70) गांव में रहकर डीजल का कारोबार करते हैं। उनका कानपुर के हूलागंज में भी मकान है, जहां उनकी पत्नी शैल रहती हैं। नरेश के मुताबिक, वह कारोबार के सिलसिले में सप्ताह में एक दिन कानपुर जाते हैं, जबकि बाकी समय गांव में ही रहते हैं। नरेश ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह घर पर थे। इसी दौरान गांव का रहने वाला शहबाज उनके घर आया। दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। करीब 20 से 25 मिनट बाद जब नरेश ने उसे घर जाने के लिए कहा तो उसने कथित तौर पर चाकू निकाल लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, युवक ने उनकी गर्दन पर वार कर दिया। चाकू लगने के बाद नरेश के गर्दन से खून निकलने लगा और वह मौके पर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद शहबाज घर में रखी गोलक से 50 हजार रुपये निकालकर वहां से भाग गया। घायल कारोबारी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ नरेश को देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सफाई के साथ बीमारी रोकने की तैयारी : सफाईकर्मियों की सुरक्षा पर जोर, बांटीं किट
Fri, Sep 25, 2026
पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने दिलाया स्वच्छता का संकल्प, 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
उन्नाव। शहर में सफाई व्यवस्था के साथ सफाईकर्मियों की सुरक्षा और संक्रामक बीमारियों से बचाव को नगर पालिका ने लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद सभागार में स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने सभासदों और नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ स्वच्छता को लेकर लोगों की भागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संचारी रोग और दस्तक नियंत्रण अभियान के तहत संवेदीकरण बैठक भी हुई। इसमें बरसात के बाद फैलने वाली बीमारियों से बचाव, साफ-सफाई और लोगों को जागरूक करने के तरीकों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्वच्छता को केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी न मानकर इसमें आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
सफाईकर्मियों को मिली सुरक्षा किट
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका में काम करने वाले सफाईकर्मियों को सुरक्षा किट वितरित की गईं। पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में सफाईकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। अभियान के तहत स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ सफाईकर्मियों को सुरक्षित तरीके से काम करने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। नगर पालिका की ओर से बताया गया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान का मकसद सफाई को लेकर लोगों की भागीदारी बढ़ाना है। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी राम आसरे कमल, वार्डों के सभासद और नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
दो लाख का लोन लिया : 48 घंटे में गिरवी जमीन बेच दी
Thu, Sep 24, 2026
बैंक का आरोप: राजस्व रिकॉर्ड में भी कराए बदलाव, कोर्ट के आदेश पर चार पर केस
उन्नाव। बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड पर दो लाख रुपये का लोन लेने के बाद गिरवी रखी गई जमीन को महज 48 घंटे के भीतर बेचने का मामला सामने आया है। बैंक की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद मामला कोर्ट पहुंचा। न्यायालय के आदेश पर हसनगंज कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में बैंक ने जमीन के दस्तावेजों में हेराफेरी और राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव कराने के भी आरोप लगाए हैं। बैंक के मुख्य प्रबंधक पंकज कुमार की ओर से कोर्ट में दिए गए प्रार्थनापत्र के मुताबिक, दाउदपुर निवासी राम गोपाल सिंह ने वर्ष 2008 में न्योतनी स्थित बैंक शाखा से किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए लोन लेने के लिए आवेदन किया था। इसके लिए उन्होंने दाउदपुर स्थित जमीन को बैंक के पक्ष में बंधक रखने की सहमति दी थी। बैंक का कहना है कि संबंधित दस्तावेज और शपथपत्र मिलने के बाद 27 फरवरी 2008 को राम गोपाल को दो लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।
लोन मिलते ही जमीन का सौदा
बैंक ने आरोप लगाया कि ऋण स्वीकृत होने के सिर्फ दो दिन बाद ही राम गोपाल ने बंधक जमीन को रामदेई पत्नी नन्हकऊ के नाम बेच दिया। बिक्री विलेख एक मार्च 2008 को हसनगंज रजिस्ट्री कार्यालय में दर्ज होने की बात शिकायत में कही गई है। बैंक के मुताबिक, ऋण लेते समय दिए गए शपथपत्र में जमीन को बैंक के अलावा कहीं और बंधक या बेचने से इनकार किया गया था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जमीन के मालिकाना हक से जुड़े राजस्व रिकॉर्ड में भी कथित तौर पर हेरफेर कराया गया। बैंक ने आरोप लगाया कि पहले तहसील स्तर से एक आदेश हासिल कर जमीन राम गोपाल के नाम दर्ज कराई गई और बाद में उसी जमीन को बैंक में बंधक रखकर ऋण लिया गया। मामले की जानकारी सामने आने पर तहसीलदार हसनगंज की कार्रवाई में संबंधित आदेश निरस्त कर भूमि पूर्व स्वामिनी प्रीती पुत्री सरवन के नाम दर्ज किए जाने का उल्लेख बैंक ने किया है।
गारंटरों पर भी मिलीभगत का आरोप
मामले में बैंक ने राम गोपाल सिंह के साथ आर्य प्रताप सिंह निवासी आदमपुर बरोठी और शंकर सिंह निवासी सत्तीदीन खेड़ा को भी आरोपी बनाया है। बैंक का आरोप है कि दोनों ने ऋण दिलाने में पैरवी और गारंटी की थी और पूरी प्रक्रिया में सहयोग किया। वहीं रामदेई पर बंधक जमीन खरीदने का आरोप है। बैंक के मुताबिक, ऋण की रकम वापस नहीं होने से खाता एनपीए हो गया। इस पर 3.26 लाख रुपये ब्याज बकाया होने की बात शिकायत में कही गई है। बैंक कर्मचारियों के गांव पहुंचने पर उनके साथ अभद्रता और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
एक साल से ज्यादा पहले दी थी शिकायत
बैंक की शाखा प्रबंधक ने मामले में 14 जून 2025 को रजिस्टर्ड डाक से एसपी उन्नाव को शिकायत भेजी थी। आरोप है कि इसके बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। बैंक की ओर से कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई। न्यायालय के आदेश के बाद हसनगंज पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि जमीन और ऋण से जुड़े दस्तावेजों की जांच के साथ पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।