शस्त्र दुकानों की जांच : सीओ सिटी दीपक यादव ने की दुकानों की चेकिंग
Sun, May 3, 2026
वैध लाइसेंस पर ही बिक्री के निर्देश, रिकॉर्ड अपडेट न होने पर होगी कार्रवाई
उन्नाव। शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अब और ज्यादा सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में रविवार को सीओ सिटी दीपक यादव ने कोतवाली सदर इलाके की शस्त्र दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानों के रिकॉर्ड, स्टॉक और लाइसेंस से जुड़ी हर जरूरी जानकारी को बारीकी से परखा। जांच के दौरान कई दुकानों पर रजिस्टर और स्टॉक मिलान की प्रक्रिया को खुद देखा गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि हथियारों की खरीद-बिक्री पूरी तरह नियमों के तहत हो रही है या नहीं। साथ ही दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था भी जांची गई, ताकि किसी तरह की लापरवाही या अवैध गतिविधि की गुंजाइश न रहे। सीओ सिटी ने दुकानदारों को साफ शब्दों में निर्देश दिए कि केवल वैध लाइसेंस धारकों को ही हथियार बेचे जाएं और हर लेन-देन का रिकॉर्ड समय-समय पर अपडेट रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस निरस्त करने तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है। पुलिस की इस कार्रवाई से आम लोगों के बीच इसे सुरक्षा के लिहाज से जरूरी कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी, ताकि जिले में अवैध हथियारों की रोकथाम की जा सके और कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
रफ्तार बनी जानलेवा : 16 साल के छात्र की मौत, दोस्त अस्पताल में भर्ती
Sun, May 3, 2026
स्टेडियम के सामने हुआ हादसा, टक्कर मारकर फरार हुआ अज्ञात वाहन
उन्नाव। शुक्लागंज इलाके में रविवार को तेज रफ्तार का खौफनाक असर देखने को मिला, जब एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 16 वर्षीय छात्र की जान चली गई। हादसा गंगाघाट थाना क्षेत्र में शुक्लागंज स्टेडियम के सामने हुआ, जहां बाइक सवार दो किशोरों को तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान ऋषि नगर निवासी अंश मिश्रा के रूप में हुई है। वह कक्षा 9 का छात्र था और सरस्वती इंटर कॉलेज में पढ़ता था। बताया जा रहा है कि अंश अपने दोस्त पवन के साथ बाइक से पास के पार्क की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अंश को मृत घोषित कर दिया, जबकि पवन का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। अंश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी अचानक मौत से घर में गहरा सदमा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही गंगाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन की पहचान कर ली जाएगी। इलाके में बढ़ती तेज रफ्तार को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है और वे सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
दर्दनाक सड़क हादसा : घर लौटे युवक की सड़क हादसे में मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Sun, May 3, 2026
लुधियाना में काम करता था सुमित, 10 तारीख को लौटने की थी तैयारी
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बदरका के पास नेशनल हाईवे स्थित अंडरपास के नीचे तेज रफ्तार कार की टक्कर से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में आक्रोश भी देखने को मिला। मृतक की पहचान सिकंदरपुर करण निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का सहारा था और रोजी-रोटी के लिए पंजाब के लुधियाना शहर में एक होटल में खाना बनाने का काम करता था। कुछ दिन पहले ही वह घर आया था और परिजनों के मुताबिक 10 तारीख को वापस लौटने की तैयारी कर रहा था। लेकिन उससे पहले ही एक हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। परिजनों ने बताया कि रविवार करीब दोपहर 1 बजे सुमित किसी जरूरी काम से बाइक लेकर उन्नाव की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बदरका के पास अंडरपास के नीचे पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार टाटा सफारी ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सुमित उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से सुमित को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कार चालक गाड़ी समेत मौके से भाग निकला। खास बात यह है कि कार पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे उसकी पहचान करना और चुनौतीपूर्ण हो गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक का सुराग लगाया जा सके। उधर, सुमित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि सुमित कम उम्र में ही घर की जिम्मेदारियां उठा रहा था और परिवार की आर्थिक स्थिति संभालने में अहम भूमिका निभा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ने का दावा कर रही है।