गुणवत्ता पर उठे सवाल : बारिश हुई तो गंगा एक्सप्रेस-वे की सड़कें भी उखड़ने लगीं
Thu, Jul 23, 2026
सोनिक इंटरचेंज के पास 10 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त, दो महीने पहले भी 100 मीटर सड़क हो गई थी खराब
उन्नाव। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार देश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे पर पहली मानसूनी बारिश ने निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेरठ से प्रयागराज तक बने 594 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव जिले में कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ने और दरारें पड़ने की शिकायतें सामने आई हैं। सोनिक इंटरचेंज के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद कार्यदायी संस्था ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत शुरू करा दी है। मंगलवार को हुई लगातार बारिश के बाद प्रयागराज से मेरठ की ओर जाने वाले मार्ग पर सोनिक इंटरचेंज के उतराव के पास करीब 10 मीटर हिस्से में सड़क की ऊपरी परत दरक गई। सड़क खराब होने की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को कार्यदायी संस्था की टीम मौके पर पहुंची। किसी तरह की दुर्घटना न हो, इसके लिए क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया गया। इसके बाद जेसीबी से खराब डामर को हटाने का काम शुरू कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे की मिट्टी को दोबारा दबाकर मजबूत किया जाएगा। इसके बाद गिट्टी डालकर नई बिटुमेन की परत बिछाई जाएगी। उनका कहना है कि लगातार बारिश के कारण कहीं-कहीं मिट्टी का कटाव होने से सड़क की ऊपरी परत को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे स्थानों की पहचान कर तत्काल मरम्मत कराई जा रही है।
दो महीने में दूसरी बार खराब हुई सड़क
सोनिक इंटरचेंज के आसपास सड़क खराब होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 29 मई को भी इसी क्षेत्र में 421.2 किलोमीटर बिंदु पर कानपुर-लखनऊ हाईवे से जुड़े उतराव मार्ग का करीब 100 मीटर हिस्सा खराब हो गया था। सड़क की बदहाल स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्यदायी संस्था ने मरम्मत कराई थी। अब बारिश के बाद उसी क्षेत्र के आसपास फिर सड़क क्षतिग्रस्त होने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी एक्सप्रेस-वे को शुरू हुए ज्यादा समय नहीं हुआ है और पहली ही बारिश में सड़क की परत उखड़ने और दरारें पड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में निर्माण कार्य में इस्तेमाल सामग्री और सड़क की मजबूती की जांच होनी चाहिए।
29 अप्रैल को हुआ था लोकार्पण
मेरठ से प्रयागराज तक बने गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण इसी साल 29 अप्रैल को हुआ था। इसे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे बताया जा रहा है। एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और प्रयागराज के बीच आवागमन आसान और तेज होने की उम्मीद जताई गई थी। हालांकि, बारिश के शुरुआती दौर में ही सड़क के कुछ हिस्सों में नुकसान सामने आने के बाद अब लोगों की निगाहें कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई पर हैं। कार्यदायी संस्था का कहना है कि जहां भी सड़क को नुकसान पहुंचा है, वहां मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत के बाद सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु बना दिया जाएगा।
खाकी में ड्यूटी : पुलिस की नौकरी के साथ समाजसेवा की मिसाल
Wed, Jul 22, 2026
उन्नाव पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी को लखनऊ में ‘एक पौधा जिंदगी के लिए’ कार्यक्रम में मिला सम्मान
उन्नाव। खाकी वर्दी में पुलिस की जिम्मेदारी निभाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए काम कर रहे उन्नाव पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सीनियर सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ को लखनऊ में सम्मानित किया गया। लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियान्त्रिकी एवं तकनीकी संकाय में वैदेही वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘एक पौधा जिंदगी के लिए’ सीजन-10 कार्यक्रम में उन्हें पर्यावरण और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मान मिला।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की पत्नी श्रीमती नम्रता पाठक और प्रो. रवीन्द्र पाल सिंह ने अनूप मिश्र को सम्मानित किया। मंच से उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ समाज और पर्यावरण के लिए काम करना सराहनीय है। अनूप मिश्र पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए भी प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम में नशामुक्ति अभियान, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा समाजसेविका प्रीति वार्ष्णेय समेत 51 से अधिक विभूतियों को पौधे और प्रमाणपत्र भेंट किए गए।
पौधे को पेड़ बनने तक संभालने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में सम्मानित लोगों ने पौधों को केवल लगाने तक सीमित न रखने, बल्कि उन्हें परिवार के सदस्य की तरह पालने और पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि पौधा लगाना जरूरी है, लेकिन उसे जीवित रखकर पेड़ बनाना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है। वैदेही वेलफेयर फाउंडेशन की संस्थापिका डॉ. रूबी राज सिंह शिवसुंदरी, इंजीनियर प्रशांत प्रवीण सिन्हा और खुशबू वर्मा की आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था की ओर से बताया गया कि पिछले दस वर्षों से बिना कॉर्पोरेट स्पॉन्सरशिप और व्यक्तिगत आर्थिक सहयोग के अपने संसाधनों से सामाजिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन युवा एंकर एंजेल प्रवीण ने किया।
बूथ मजबूत तो चुनावी जीत पक्की : भाजपा ने 496 अध्यक्षों को दिया जीत का मंत्र
Wed, Jul 22, 2026
मौरावां में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठन को धार देने पर जोर, विधायक अनिल सिंह ने विपक्ष पर साधा निशाना
उन्नाव। चुनावी तैयारियों को लेकर भाजपा ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। बुधवार को मौरावां नगर पंचायत के रामलीला मैदान में आयोजित पुरवा विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में 496 बूथ अध्यक्ष जुटे। सम्मेलन में साफ संदेश दिया गया कि चुनावी मैदान में जीत का रास्ता बूथ से होकर ही निकलता है। करीब एक घंटे चले कार्यक्रम में संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय रखने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई। हरदोई के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण शास्त्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पुरवा विधायक अनिल सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
हर बूथ पर सक्रिय रहें कार्यकर्ता
वक्ताओं ने कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी संगठन की सबसे अहम कड़ी हैं। इसलिए प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय टीम तैयार रहनी चाहिए। नेताओं ने सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। सम्मेलन में बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान और संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे अपने-अपने बूथ पर संगठन को मजबूत करने के साथ आम लोगों से सीधा संवाद बनाए रखें।
‘देश विरोधी गतिविधियों पर सख्ती जरूरी’
कार्यक्रम में विधायक अनिल सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ देश विरोधी ताकतें छात्रों की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रदर्शनों में ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ जैसे नारे लगाए गए। विधायक ने कहा कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश विरोधी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
ये रहे मौजूद
सम्मेलन में प्रधान संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि पुरवा अमित त्रिवेदी, चेयरमैन मौरावां कुंवर विवेक सेठ, ब्लॉक प्रमुख असोहा आनंद गुप्ता, महेन्द्र लोधी, रियाजुल हसन, पूर्व मंडल अध्यक्ष शुभम श्रीवास्तव, आशिक अली, जैनुल आब्दीन, आशीष साहू, दुधे लाल साहू, रिजवान कुरैशी समेत भाजपा पदाधिकारी और 496 बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।