इंडियन रेड क्रॉस को मिला नया नेतृत्व : अमित मिश्रा ने संभाली कमान
Thu, Jul 30, 2026
सीडीओ कृति राज ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, सेवा भावना से कार्य करने का लिया संकल्प
उन्नाव। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, उन्नाव की नई कार्यकारिणी ने गुरुवार को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। पन्नालाल सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य विकास अधिकारी कृति राज ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक समय पर मदद पहुंचाने का माध्यम है। सभी पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।समारोह में सभापति पद की जिम्मेदारी अमित मिश्रा ने संभाली। वहीं संजय सिंह चौहान ने उप सभापति, जटाशंकर तिवारी ने सचिव और हर्ष तिवारी ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ली। इसके अलावा शिव चंद्र मिश्रा, मोहम्मद सलीम समेत अन्य सदस्यों ने भी शपथ लेकर समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सेवा के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया।
नवनिर्वाचित सभापति अमित मिश्रा ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की जिम्मेदारी केवल संगठन चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि हर जरूरतमंद तक समय पर मदद पहुंचाना हमारी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पूरी टीम सेवा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ कार्य करेगी। रक्तदान को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और आपदा के समय त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे, ताकि रेड क्रॉस की सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसायटी की भूमिका और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा, सड़क हादसे, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे क्षेत्रों में रेड क्रॉस की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। नई कार्यकारिणी से भी उम्मीद है कि वह इन सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाएगी। समारोह में मौजूद लोगों ने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी जिले में रेड क्रॉस की गतिविधियों को नई ऊर्जा और बेहतर दिशा देगी। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और सभी पदाधिकारियों ने मानवता की सेवा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का भरोसा दिलाया।
उमस और गर्मी से राहत : शहर में शुरू हुई शुद्ध पेयजल की नई व्यवस्था
Thu, Jul 30, 2026
नगर पालिका ने पहले चरण में 11 स्थान किए चिन्हित
छह जगह वाटर कूलर शुरू, बाकी एक सप्ताह में होंगे चालू
उन्नाव। शहर में गर्मी और उमस के बीच लोगों को राहत देने के लिए नगर पालिका परिषद ने सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था शुरू कर दी है। इसकी शुरुआत गुरुवार को जिला अस्पताल परिसर से हुई, जहां नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा और पालिका प्रतिनिधि भानु मिश्रा ने नए वाटर कूलरों का उद्घाटन किया। अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों और आम लोगों को अब यहां आसानी से ठंडा पेयजल मिल सकेगा। पालिका की योजना के तहत सरकारी अस्पताल, महिला वार्ड और पोस्टमार्टम हाउस में लगाए गए वाटर कूलरों को चालू कर दिया गया है। उद्घाटन के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शहर में ऐसे सभी स्थानों पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है।
पहले चरण में 11 स्थानों का चयन
पालिका प्रतिनिधि श्वेता भानु मिश्रा ने बताया कि पहले चरण में शहर के 11 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को चुना गया है। इनमें जिला न्यायालय, मुख्य डाकघर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), सरकारी अस्पताल, महिला वार्ड और पोस्टमार्टम हाउस में वाटर कूलर स्थापित कर दिए गए हैं। इन सभी जगहों पर लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल मिलने लगा है।
बाकी पांच जगहों पर तेजी से चल रहा काम
उन्होंने बताया कि शेष पांच स्थानों पर भी काम अंतिम चरण में है और अगले एक सप्ताह के भीतर सभी जगहों पर वाटर कूलर शुरू कर दिए जाएंगे। कचहरी बार एसोसिएशन में स्थापना की तैयारी चल रही है, जबकि रजिस्ट्री कार्यालय में करीब आधा काम पूरा हो चुका है। वहीं रोडवेज बस स्टैंड पर भी वाटर कूलर लगाने की योजना है। इसके लिए संबंधित विभाग से स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। अनुमति मिलते ही वहां भी काम शुरू कर दिया जाएगा।
मरीजों, छात्रों और अधिवक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ
नगर पालिका का कहना है कि इस पहल का मकसद ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की बेहतर व्यवस्था करना है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में मरीज, छात्र, अधिवक्ता और आम नागरिक पहुंचते हैं। गर्मी के मौसम में लोगों को स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता में शामिल है।
नागरिक सुविधाओं का होगा और विस्तार
नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पालिका लगातार काम कर रही है। आने वाले समय में जरूरत के अनुसार अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इसी तरह की सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। उद्घाटन कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।
पालिका व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में शुरू हुई सुविधा
कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. नरेंद्र, महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार आनंद, चीफ फार्मासिस्ट दुष्यंत मोहन शुक्ला, सभासद राकेश साहू, दीपक दीक्षित 'मोनू', सभासद प्रतिनिधि मनीष शुक्ला, सोनी सिंह परिहार, गोलू मिश्रा, जितेंद्र शुक्ला, नगर पालिका और अस्पताल प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
बेटी का सपना नहीं टूटने देंगे : सपा नेता ने शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का लिया संकल्प
Thu, Jul 30, 2026
सर्पदंश से पिता की मौत के बाद शोकाकुल परिवार से मिले अंकित सिंह परिहार
छोटे बच्चों की फीस जमा कर आगे भी हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
उन्नाव
। पिता के निधन के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे एक परिवार के लिए मदद का हाथ उस समय बड़ी उम्मीद बनकर सामने आया, जब समाजसेवी अंकित सिंह परिहार शोक संवेदना व्यक्त करने उनके घर पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्हें पता चला कि परिवार की बड़ी बेटी इंटरमीडिएट की छात्रा है और आगे पढ़ाई कर बी.एड. करने के बाद शिक्षिका बनने का सपना देख रही है। लेकिन पिता के असमय निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं बची कि उसकी पढ़ाई आसानी से जारी रह सके। बीघापुर नगर पंचायत निवासी स्वर्गीय राजेश गौतम का कुछ दिन पहले सर्पदंश से निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इसी बीच अंकित सिंह परिहार परिवार से मिलने पहुंचे और हालात की जानकारी ली।परिवार की परेशानियों को सुनने के बाद उन्होंने तुरंत छोटे बच्चों की स्कूल फीस उपलब्ध कराई, ताकि उनकी पढ़ाई बीच में न रुके। साथ ही उन्होंने परिवार की बेटी की आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे के सपनों के बीच बाधा नहीं बननी चाहिए। यदि बेटी शिक्षिका बनना चाहती है तो उसकी शिक्षा हर हाल में पूरी कराई जाएगी। अंकित सिंह परिहार के इस निर्णय से परिवार को बड़ी राहत मिली। परिजनों ने भावुक होकर उनका आभार जताया और कहा कि ऐसे कठिन समय में मिला यह सहयोग उनके लिए किसी संबल से कम नहीं है। क्षेत्र के लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।