Wed 23 Sep 2026

ब्रेकिंग

युवक से 5.55 लाख की साइबर ठगी

बाहुबली सपा नेता समेत 62 शातिर इनामी घोषित, पोस्टर वायरल

मृतक आश्रित की रकम और संपत्ति हड़पने का आरोप, पांच पर रिपोर्ट

खाते से रकम निकलती रही, भनक तक नहीं लगी

ओपी तिवारी अध्यक्ष, निम्मी अरोड़ा को सचिव की जिम्मेदारी

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

होली-ईद से पहले प्रशासन सख्त : शहर में डीएम-एसएसपी का फ्लैग मार्च

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Mon, Mar 2, 2026
Post views : 420

रमजान के बीच त्योहारों को लेकर सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

उन्नाव। रमजान के पाक महीने के बीच होली और ईद जैसे बड़े पर्व नजदीक हैं। ऐसे में जिले का प्रशासन किसी भी तरह की चूक नहीं चाहता। इसी कड़ी में रविवार को जिला प्रशासन और पुलिस की टीम सड़कों पर उतरी। फ्लैग मार्च के जरिए साफ संदेश दिया गया कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। डीएम गौरांग राठी और एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने शहर के संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। बाजारों, मस्जिदों और प्रमुख चौराहों पर रुककर उन्होंने व्यापारियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से सीधी बातचीत की। प्रशासन की कोशिश रही कि लोगों को भरोसा दिलाया जाए कि त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन नियमों का पालन जरूरी है।
डीएम ने साफ शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और पहले प्रशासन से पुष्टि कर लें। एसएसपी ने भी स्पष्ट किया कि जिले के संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस की गश्त तेज कर दी गई है और खुफिया तंत्र को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और शरारती तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मार्च के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी साथ रहे। एडीएम सुशील कुमार, एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह, मजिस्ट्रेट राजीव राज, एसडीएम क्षितिज द्विवेदी और सीओ दीपक यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों से समयबद्ध ढंग से बाजार बंद करने और सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने की भी अपील की। प्रशासन का फोकस सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं है। त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, बिजली-पानी की आपूर्ति और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी अलग से तैयारियां की गई हैं। संबंधित विभागों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं कि किसी तरह की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई हो। जिले में हर साल होली और ईद के दौरान बड़ी संख्या में लोग एक-दूसरे के घर जाकर शुभकामनाएं देते हैं। प्रशासन की कोशिश है कि यह परंपरा बिना किसी तनाव के जारी रहे। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का संदेश देते हैं, इसलिए सभी लोग संयम और जिम्मेदारी के साथ इन्हें मनाएं। फिलहाल फ्लैग मार्च के जरिए प्रशासन ने यह संकेत दे दिया है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन