Thu 05 Nov 2026

ब्रेकिंग

पुलिस ने लिया संज्ञान

मकान पर कब्जे का आरोप

टीम पहुंची तो भागे

सफीपुर में सपा की चुनावी तैयारी का दिखा उत्साह

आज भी नहीं मिला कब्जा

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

कलेक्ट्रेट में पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश : जमीन विवाद की शिकायत लेकर पहुंचा था युवक

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Mon, Oct 5, 2026
Post views : 128

एडीएम ने सुनी समस्या; चार सदस्यीय टीम करेगी जांच

उन्नाव। जमीन के लंबे समय से चले आ रहे विवाद की शिकायत लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे एक युवक ने अचानक खुद पर पेट्रोल डाल लिया। वह आग लगाने की कोशिश करता, इससे पहले ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। समय रहते हुई कार्रवाई से कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ देर तक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। माखी थाना क्षेत्र के अकबरपुर दबौली गांव निवासी मोहन द्विवेदी सोमवार दोपहर करीब एक बजे कलेक्ट्रेट पहुंचा था। वह अधिकारियों से अपनी जमीन से जुड़ी समस्या के समाधान की मांग कर रहा था। इसी दौरान उसने पेट्रोल निकाला और खुद पर डाल लिया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे रोककर पेट्रोल अलग कराया।

24 साल से विवाद का दावा

मोहन का कहना है कि उसके परिवार की करीब साढ़े छह बीघा जमीन थी। इसमें लगभग सवा तीन बीघा उसके चाचा और इतनी ही जमीन उसके हिस्से में थी। आरोप है कि परिवार के कुछ अन्य लोगों ने जमीन का बैनामा करा लिया। जमीन उन्नाव सदर तहसील क्षेत्र में होने की बात कही गई है। युवक ने अधिकारियों को बताया कि वह इस मामले को लेकर लंबे समय से राजस्व विभाग के चक्कर लगा रहा है। उसका आरोप है कि दाखिल-खारिज और इंतकाल से जुड़ी शिकायतों पर भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उसने लेखपाल प्रमोद पर करीब पांच साल से मामले में सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया।

18 किलो दस्तावेज होने का दावा

मोहन ने अधिकारियों के सामने दावा किया कि वह जमीन के विवाद को लेकर कई स्तरों पर शिकायत कर चुका है। उसका कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेज और शिकायतों के करीब 18 किलो कागज उसके पास हैं। उसने जेसीबी से जमीन पर चल रहे काम को रुकवाने और जमीन से संबंधित विवाद का समाधान कराने की मांग भी की।

एडीएम ने सुनी बात, जांच के निर्देश

घटना की जानकारी मिलने पर अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार ने युवक की पूरी बात सुनी। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए। एडीएम ने युवक को नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के समझाने के बाद वह शांत हुआ।प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही जमीन से जुड़े विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। संबंधित दस्तावेजों और राजस्व अभिलेखों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस ने प्रशासन पर साधा निशाना

घटना को लेकर यूपी कांग्रेस के ट्विटर अकाउंट से प्रशासन पर तंज कसा गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जमीन कब्जे और धमकियों से परेशान व्यक्ति का आत्मदाह का प्रयास प्रशासनिक व्यवस्था की संवेदनहीनता को दिखाता है। पार्टी ने मामले में निष्पक्ष जांच के साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन