Thu 05 Nov 2026

ब्रेकिंग

पुलिस ने लिया संज्ञान

मकान पर कब्जे का आरोप

टीम पहुंची तो भागे

सफीपुर में सपा की चुनावी तैयारी का दिखा उत्साह

आज भी नहीं मिला कब्जा

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

रबी की तैयारी को मिला सहारा : किसानों को बांटे सरसों के बीज

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Fri, Oct 16, 2026
Post views : 98

ट्रैक्टर और बाइक की चाबी देकर लाभार्थियों को किया प्रोत्साहित, रबी की पैदावार बढ़ाने के बताए तरीके

उन्नाव। खेती को ज्यादा फायदेमंद बनाने और किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने के लिए शुक्रवार को निराला प्रेक्षागृह में जनपद स्तरीय मिलेट्स किसान मेला एवं रबी उत्पादकता गोष्ठी आयोजित की गई। मेले में मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के साथ रबी की फसलों की पैदावार बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई। इस दौरान किसानों को सरसों के बीज बांटे गए, वहीं कृषि और मत्स्य पालन योजनाओं के लाभार्थियों को प्रोत्साहित भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पंकज गुप्ता ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने कृषि विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का जायजा लिया। यहां किसानों के लिए उपयोगी नई तकनीकों, बेहतर खेती के तरीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

लाभार्थियों को सौंपी चाबियां

कार्यक्रम में कृषि विभाग की योजना के लाभार्थी रामदेव सिंह को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। वहीं मत्स्य पालन योजना के एक लाभार्थी को बाइक की चाबी देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा किसानों को सरसों के बीज वितरित किए गए, ताकि रबी की बुवाई में उन्हें मदद मिल सके।

मोटे अनाज की खेती पर जोर

किसानों को संबोधित करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और उन्नत बीजों का इस्तेमाल जरूरी है। उन्होंने मिलेट्स यानी मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कहा कि मोटे अनाज पोषण के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं और इनकी खेती टिकाऊ कृषि को भी बढ़ावा देती है। किसानों को इनके उत्पादन और संभावनाओं के बारे में जागरूक होकर खेती में नए विकल्प अपनाने चाहिए। उन्होंने कृषि के साथ पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे सहायक व्यवसायों से जुड़ने की भी सलाह दी। इससे किसानों को कमाई के अतिरिक्त साधन मिल सकते हैं और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

अधिकारियों ने बताईं योजनाएं

गोष्ठी में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को सरकारी योजनाओं, उन्नत कृषि पद्धतियों और रबी की फसलों की उत्पादकता बढ़ाने से जुड़ी जानकारियां दीं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विधायक को पौधा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, उप कृषि निदेशक अजय कृष्ण राय, जिला कृषि अधिकारी रविप्रकाश समेत कृषि विभाग के अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन