इंस्टाग्राम पर लिखा, 'अब जीना नहीं चाहता : 12 मिनट में पहुंची पुलिस ने बचा ली जान
Sun, Aug 2, 2026
लोकेशन ट्रेस होते ही आसीवन पुलिस पहुंची घर, रस्सी और कीटनाशक के साथ मिला युवक
उन्नाव। सोशल मीडिया पर किया गया एक भावनात्मक पोस्ट एक युवक की जान बचाने का कारण बन गया। भाई से रुपये के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद से मानसिक तनाव में आए युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या करने की मंशा जाहिर करते हुए पोस्ट कर दिया। पोस्ट सामने आते ही मेटा की ओर से पुलिस को अलर्ट भेजा गया। सूचना मिलते ही लखनऊ पुलिस मुख्यालय सक्रिय हुआ और लोकेशन ट्रेस कर उन्नाव पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद आसीवन थाना पुलिस ने महज 12 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर युवक को आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। पुलिस के मुताबिक, घटना मियागंज क्षेत्र की है। 31 जुलाई की रात करीब 12:19 बजे मेटा की ओर से पुलिस मुख्यालय को एक इमरजेंसी अलर्ट मिला। इसमें बताया गया कि एक युवक ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर कुछ ही देर में आत्महत्या करने की बात लिखी है। अलर्ट के साथ उसका मोबाइल नंबर और लोकेशन भी साझा की गई। मुख्यालय से सूचना तत्काल उन्नाव पुलिस को भेजी गई। एसपी के निर्देश पर आसीवन थाना पुलिस बिना समय गंवाए बताए गए पते पर पहुंची। पुलिस जब युवक के घर पहुंची तो वह आत्महत्या की तैयारी कर चुका था। उसके पास फंदा लगाने के लिए रस्सी रखी थी, वहीं एक बोतल में पानी के साथ कीटनाशक भी मिला हुआ था।
पूछताछ में सामने आई तनाव की वजह
पुलिस ने युवक को सुरक्षित किया और शांत माहौल में उससे बातचीत की। पूछताछ में उसने बताया कि भाई से रुपये के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी बात से वह काफी परेशान और मानसिक तनाव में था। निराश होकर उसने अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला कर लिया था और इसकी जानकारी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी थी।
परिवार के साथ कराई काउंसिलिंग
आसीवन थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि युवक की मौके पर ही काउंसिलिंग कराई गई। उसके भाई और अन्य परिजनों को भी बुलाकर आपसी बातचीत कराई गई, ताकि विवाद का समाधान निकल सके। काफी देर तक समझाने के बाद युवक सामान्य हुआ और उसने भविष्य में ऐसा कोई कदम न उठाने का भरोसा दिया।
सोशल मीडिया अलर्ट सिस्टम बना जीवनरक्षक
इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आत्महत्या जैसे संकेतों को गंभीरता से लेने वाला अलर्ट सिस्टम समय रहते किसी की जान बचाने में कितना अहम साबित हो सकता है। पुलिस का कहना है कि यदि सूचना मिलने में थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। त्वरित समन्वय और समय पर कार्रवाई से युवक की जान बच गई।
बाबा साहब की प्रतिमा होगी स्थापित : विधायक पंकज गुप्ता ने किया ऐलान
Sat, Aug 1, 2026
संकल्प सभा में विधायक ने कहा, समाज की भावनाओं का पूरा रखा जाएगा सम्मान
उन्नाव। शुक्लागंज में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की विस्थापित प्रतिमा को दोबारा स्थापित कराने की मांग को लेकर शनिवार को संकल्प सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभा में उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा को सम्मानजनक स्थान पर स्थापित कराया जाएगा। यह केवल एक प्रतिमा का मामला नहीं, बल्कि समाज की भावनाओं, स्वाभिमान और संविधान के सम्मान से जुड़ा विषय है। सभा को संबोधित करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने हर नागरिक को समान अधिकार और न्याय का अधिकार दिलाया। उनके विचार आज भी समाज को एकता, समानता और सामाजिक न्याय का मार्ग दिखा रहे हैं। ऐसे महापुरुष की प्रतिमा का सम्मान बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि शुक्लागंज में बाबा साहब की प्रतिमा की पुनर्स्थापना को लेकर लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। जनभावनाओं का पूरा सम्मान करते हुए प्रतिमा को सम्मानजनक स्थान पर स्थापित कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस मुद्दे को सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के साथ आगे बढ़ाएं, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने भी बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके बताए संविधान और सामाजिक समरसता के रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सभा में प्रतिमा की शीघ्र स्थापना को लेकर एकजुट होकर प्रयास करने का संकल्प भी लिया गया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. बलराम, पूर्व बीडीसी हुन्नू प्रसाद, धर्मेन्द्र सोनकर, राकेश रावत, सुनील सोनवानी, मुकेश भारती, विजय रावत, रज्जन कोटेदार, अनिल सिंह कुरील, प्रदीप कोविन्द, योगेश कुमार, विनोद रावत (ररू), राजकुमारी समेत बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
एक्सप्रेसवे की खामियों पर बोले साक्षी महाराज : जांच होगी, दोषी नहीं बचेंगे
Sat, Aug 1, 2026
जनता दरबार में सुनीं समस्याएं, 2027 में भाजपा की सरकार बनने का दोहराया दावा
उन्नाव। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने शनिवार को अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं। जिले के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे लोगों ने बिजली, सड़क, पेयजल, राजस्व और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें सांसद के सामने रखीं। सांसद ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कई मामलों की जानकारी ली और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और किसी भी फरियादी को अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। जनता दरबार के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद ने स्थानीय मुद्दों से लेकर प्रदेश और देश की राजनीति तक कई सवालों के जवाब दिए। इस दौरान कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता, विपक्ष के आरोप, संसद परिसर में हुए हालिया घटनाक्रम और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव प्रमुख चर्चा का विषय रहे।
एक्सप्रेसवे पर बोले, उपयोग के बाद ही सामने आती हैं कमियां
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद सामने आई तकनीकी खामियों को लेकर पूछे गए सवाल पर साक्षी महाराज ने कहा कि किसी भी बड़े निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति उसके इस्तेमाल के बाद ही स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि कई बार निर्माण पूरा होने के बाद भी कुछ कमियां सामने आती हैं, जिन्हें समय रहते ठीक कराया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कहीं भी निर्माण की गुणवत्ता में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जहां मरम्मत की जरूरत होगी, वहां तत्काल सुधार कार्य कराया जाएगा ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
राहुल गांधी पर बोला हमला
राजनीतिक सवालों पर जवाब देते हुए सांसद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार ऐसे मुद्दों पर राजनीति कर रही है, जो देशहित में नहीं हैं। साक्षी महाराज ने दावा किया कि राहुल गांधी कभी देश के प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे और जनता उनके नेतृत्व को स्वीकार नहीं करेगी।
2027 में फिर भाजपा सरकार बनने का दावा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सांसद ने कहा कि भाजपा प्रदेश में पहले से अधिक मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी एक बार फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उनके अनुसार प्रदेश में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर जनता का भरोसा भाजपा के साथ है।
धार्मिक प्रतीकों के राजनीतिक इस्तेमाल पर जताई आपत्ति
संसद परिसर में हाल ही में हुए घटनाक्रम और सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र पहनकर किए गए प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि धार्मिक प्रतीकों का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवा केवल एक वस्त्र नहीं बल्कि आस्था और सनातन परंपरा का प्रतीक है, इसलिए उसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस आंदोलन से करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी रही हैं और इसमें अनेक लोगों ने अपना योगदान और बलिदान दिया है। ऐसे विषयों की तुलना किसी राजनीतिक प्रदर्शन से नहीं की जा सकती।
एसआईटी कर रही निष्पक्ष जांच
हालिया घटनाओं से जुड़े सवाल पर सांसद ने कहा कि यदि कहीं अपराध हुआ है तो सरकार पूरी निष्पक्षता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है और कानून के दायरे में रहकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है।
अधिकारियों को दिए साफ निर्देश
जनता दरबार के दौरान सांसद ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि लोगों की शिकायतों का समाधान तय समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देना जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की संयुक्त जिम्मेदारी है। किसी भी शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा और हर मामले की नियमित समीक्षा की जाएगी। जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादियों की मौजूदगी रही और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी कराया गया।