बाबा साहब की प्रतिमा होगी स्थापित : विधायक पंकज गुप्ता ने किया ऐलान
Sat, Aug 1, 2026
संकल्प सभा में विधायक ने कहा, समाज की भावनाओं का पूरा रखा जाएगा सम्मान
उन्नाव। शुक्लागंज में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की विस्थापित प्रतिमा को दोबारा स्थापित कराने की मांग को लेकर शनिवार को संकल्प सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभा में उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा को सम्मानजनक स्थान पर स्थापित कराया जाएगा। यह केवल एक प्रतिमा का मामला नहीं, बल्कि समाज की भावनाओं, स्वाभिमान और संविधान के सम्मान से जुड़ा विषय है। सभा को संबोधित करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने हर नागरिक को समान अधिकार और न्याय का अधिकार दिलाया। उनके विचार आज भी समाज को एकता, समानता और सामाजिक न्याय का मार्ग दिखा रहे हैं। ऐसे महापुरुष की प्रतिमा का सम्मान बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि शुक्लागंज में बाबा साहब की प्रतिमा की पुनर्स्थापना को लेकर लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। जनभावनाओं का पूरा सम्मान करते हुए प्रतिमा को सम्मानजनक स्थान पर स्थापित कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस मुद्दे को सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के साथ आगे बढ़ाएं, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने भी बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके बताए संविधान और सामाजिक समरसता के रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सभा में प्रतिमा की शीघ्र स्थापना को लेकर एकजुट होकर प्रयास करने का संकल्प भी लिया गया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. बलराम, पूर्व बीडीसी हुन्नू प्रसाद, धर्मेन्द्र सोनकर, राकेश रावत, सुनील सोनवानी, मुकेश भारती, विजय रावत, रज्जन कोटेदार, अनिल सिंह कुरील, प्रदीप कोविन्द, योगेश कुमार, विनोद रावत (ररू), राजकुमारी समेत बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
एक्सप्रेसवे की खामियों पर बोले साक्षी महाराज : जांच होगी, दोषी नहीं बचेंगे
Sat, Aug 1, 2026
जनता दरबार में सुनीं समस्याएं, 2027 में भाजपा की सरकार बनने का दोहराया दावा
उन्नाव। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने शनिवार को अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं। जिले के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे लोगों ने बिजली, सड़क, पेयजल, राजस्व और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें सांसद के सामने रखीं। सांसद ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कई मामलों की जानकारी ली और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और किसी भी फरियादी को अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। जनता दरबार के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद ने स्थानीय मुद्दों से लेकर प्रदेश और देश की राजनीति तक कई सवालों के जवाब दिए। इस दौरान कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता, विपक्ष के आरोप, संसद परिसर में हुए हालिया घटनाक्रम और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव प्रमुख चर्चा का विषय रहे।
एक्सप्रेसवे पर बोले, उपयोग के बाद ही सामने आती हैं कमियां
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद सामने आई तकनीकी खामियों को लेकर पूछे गए सवाल पर साक्षी महाराज ने कहा कि किसी भी बड़े निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति उसके इस्तेमाल के बाद ही स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि कई बार निर्माण पूरा होने के बाद भी कुछ कमियां सामने आती हैं, जिन्हें समय रहते ठीक कराया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कहीं भी निर्माण की गुणवत्ता में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जहां मरम्मत की जरूरत होगी, वहां तत्काल सुधार कार्य कराया जाएगा ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
राहुल गांधी पर बोला हमला
राजनीतिक सवालों पर जवाब देते हुए सांसद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार ऐसे मुद्दों पर राजनीति कर रही है, जो देशहित में नहीं हैं। साक्षी महाराज ने दावा किया कि राहुल गांधी कभी देश के प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे और जनता उनके नेतृत्व को स्वीकार नहीं करेगी।
2027 में फिर भाजपा सरकार बनने का दावा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सांसद ने कहा कि भाजपा प्रदेश में पहले से अधिक मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी एक बार फिर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उनके अनुसार प्रदेश में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर जनता का भरोसा भाजपा के साथ है।
धार्मिक प्रतीकों के राजनीतिक इस्तेमाल पर जताई आपत्ति
संसद परिसर में हाल ही में हुए घटनाक्रम और सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र पहनकर किए गए प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि धार्मिक प्रतीकों का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवा केवल एक वस्त्र नहीं बल्कि आस्था और सनातन परंपरा का प्रतीक है, इसलिए उसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस आंदोलन से करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी रही हैं और इसमें अनेक लोगों ने अपना योगदान और बलिदान दिया है। ऐसे विषयों की तुलना किसी राजनीतिक प्रदर्शन से नहीं की जा सकती।
एसआईटी कर रही निष्पक्ष जांच
हालिया घटनाओं से जुड़े सवाल पर सांसद ने कहा कि यदि कहीं अपराध हुआ है तो सरकार पूरी निष्पक्षता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है और कानून के दायरे में रहकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है।
अधिकारियों को दिए साफ निर्देश
जनता दरबार के दौरान सांसद ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि लोगों की शिकायतों का समाधान तय समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देना जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की संयुक्त जिम्मेदारी है। किसी भी शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा और हर मामले की नियमित समीक्षा की जाएगी। जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादियों की मौजूदगी रही और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी कराया गया।
महिला से चेन लूटने वाले दो शातिर दबोचे : पुलिस मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली
Sat, Aug 1, 2026
पेशेवर चेन स्नैचर निकले दोनों आरोपी, कई जिलों में फैला है आपराधिक नेटवर्क
उन्नाव। आवास विकास इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन लूटने की वारदात का पुलिस ने पांच दिन के भीतर खुलासा कर दिया। शुक्रवार देर रात दही पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर चेन स्नैचर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ विनी सिंह ने बताया कि 26 जुलाई की सुबह थाना दही क्षेत्र के आवास विकास स्थित पार्क में टहल रही एक महिला से दो बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झप्पटा मार कर लूट ली थी। पीड़िता की शिकायत पर थाना दही में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जुटी थी। घटना के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था। शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे मुखबिर से सूचना मिलने पर बस्ती खेड़ा मोड़ के पास पुलिस ने वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुरवा मोड़ की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। घायल बदमाश की पहचान बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बखरिया निवासी असलम टांडा उर्फ टांडा के रूप में हुई। वहीं पकड़े गए दूसरे आरोपी की पहचान सीतापुर के रेउसा थाना क्षेत्र के भदमरा निवासी मोहम्मद अतीक उर्फ राजू उर्फ काजू के रूप में हुई। पुलिस ने असलम के कब्जे से महिला से लूटी गई सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल की गई सुपर स्प्लेंडर बाइक, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं अतीक के पास से बरामद दूसरी सोने की चेन लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में 23 जुलाई को हुई लूट की घटना से जुड़ी बताई जा रही है। घायल असलम को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुठभेड़, अवैध असलहा रखने और अन्य धाराओं में भी कार्रवाई की जा रही है।
लंबा है दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड
सीओ विनी सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पेशेवर चेन स्नैचर और लुटेरे हैं। असलम के खिलाफ बाराबंकी, लखनऊ और सीतापुर के विभिन्न थानों में लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर, एनडीपीएस, आबकारी और अन्य गंभीर धाराओं में करीब 28 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अतीक के खिलाफ भी लखनऊ, सीतापुर और बाराबंकी के अलग-अलग थानों में 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पर कई जिलों में चेन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने के आरोप हैं। थाना प्रभारी दही ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में घायल असलम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।