देश को जोड़ने वाले पटेल : समाज को दिशा देने वाले आचार्य
Sat, Oct 31, 2026
सपा कार्यालय में महापुरुषों की जयंती पर उनके योगदान को याद किया गया
उन्नाव। राजनीति में विचारों और सिद्धांतों की अहमियत बताने के लिए समाजवादी पार्टी ने शनिवार को जिला कार्यालय में दो अलग-अलग विचारधाराओं से जुड़े महापुरुषों को एक साथ याद किया। मौका था लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और समाजवादी चिंतक आचार्य नरेंद्र देव की जयंती का। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने दोनों के योगदान को याद करते हुए देश की एकता, सामाजिक न्याय और शिक्षा के महत्व पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मल्लावां विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी ब्रजेश वर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने आजादी के बाद देशी रियासतों को भारतीय गणतंत्र में शामिल कराने में बड़ी भूमिका निभाई। उनकी मजबूत इच्छाशक्ति और फैसले लेने की क्षमता ने देश को एकजुट रखने में अहम योगदान दिया। वहीं आचार्य नरेंद्र देव ने शिक्षा और समाजवादी विचारधारा के जरिए समाज में बदलाव की राह दिखाई। उनके विचार आज भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। सपा जिलाध्यक्ष जयचन्द्र विमल ने कहा कि दोनों महापुरुषों का योगदान केवल इतिहास तक सीमित नहीं है। सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता और अखंडता की सीख देता है, जबकि आचार्य नरेंद्र देव के विचार सामाजिक बराबरी और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं। मौजूदा समय में भी समाज को उनके बताए रास्ते से सीख लेने की जरूरत है।
इस मौके पर पूर्व सांसद और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव अन्नू टंडन की मौजूदगी भी रही।
अन्नू टंडन ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। वहीं आचार्य नरेंद्र देव ने शिक्षा, सामाजिक समानता और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में उनके जीवन, संघर्ष और विचारों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुंदरलाल लोधी, राधेलाल रावत, अंकित सिंह परिहार, आंचल वर्मा, गोविंद यादव, वीरेंद्र शुक्ला, रमन पटेल, मंटू कटियार, सुरेश पाल, मो. इस्माइल, मंजीत यादव, राजेश यादव उर्फ साधु, धीरेंद्र यादव, राजेश मिश्रा, सभासद मनोज यादव, विनोद पाल और अशोक सिंह चंदेल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
20 साल से लोगों के बीच : इलाज से लेकर पढ़ाई तक जरूरत पर बढ़े हांथ
Sat, Oct 31, 2026
अंकित परिहार बोले- परिवार क्षेत्र के लोगों का सुख-दुःख अपना, जरूरतमंदों की मदद करना जिम्मेदारी
उन्नाव। चुनाव हो या न हो, राजनीति में सक्रियता हो या न हो, लोगों के बीच अपनी मौजूदगी बनाए रखना नेताओं के लिए बड़ी चुनौती होती है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अंकित सिंह परिहार अपने क्षेत्र के लोगों से इसी जुड़ाव को अपनी पहचान बता रहे हैं। पहाड़पुर गांव की रहने वाली कमला देवी पटेल के ऑपरेशन के लिए आर्थिक इंतजाम कराकर उन्होंने एक बार फिर जरूरत के समय मदद का हाथ बढ़ाया है। परिवार की बीमारी और इलाज का खर्च कई बार लोगों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी कर देता है। ऐसे में कमला देवी के ऑपरेशन के लिए आर्थिक व्यवस्था कराना चर्चा में है। अंकित सिंह परिहार का कहना है कि वह पिछले 20 वर्षों से अपने परिवार क्षेत्र के लोगों की जरूरतों में साथ खड़े होते आए हैं। इसमें बच्चों की पढ़ाई से लेकर बीमार लोगों के इलाज और दूसरी जरूरी मदद शामिल है। परिहार के मुताबिक, उनके लिए भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र केवल राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र नहीं है। यहां रहने वाले लोगों से उनका पारिवारिक जुड़ाव है। इसी वजह से वह लोगों की परेशानियों को अपनी जिम्मेदारी मानते हैं। उनका कहना है कि किसी परिवार पर संकट आने पर उसके साथ खड़ा होना किसी राजनीतिक फायदे का विषय नहीं, बल्कि अपनेपन का तकाजा है। उन्होंने कहा कि लोगों के साथ बना यह रिश्ता चुनावी मौसम या किसी पद तक सीमित नहीं है। क्षेत्र के लोगों का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और वह आगे भी इसी तरह जरूरतमंद परिवारों की मदद करते रहेंगे।
एकजुटता : महापुरुषों की जयंती पर कार्यक्रमों में शामिल हुए सपा प्रदेश प्रवक्ता
Sat, Oct 31, 2026
अंकित परिहार
बोले- महापुरुषों के विचारों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि
उन्नाव। महापुरुषों की जयंती को सिर्फ एक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय उनके विचारों को लोगों तक पहुंचाने का संदेश लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अंकित सिंह परिहार शनिवार को अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए। सरदार वल्लभभाई पटेल और समाजवादी चिंतक आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर उन्होंने पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इसके बाद भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। शहर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अंकित सिंह परिहार ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की आजादी के बाद अलग-अलग रियासतों को एकजुट कर मजबूत भारत की नींव तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। उनका जीवन बताता है कि मजबूत इच्छाशक्ति और संगठन के दम पर बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है।उन्होंने आचार्य नरेंद्र देव को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन शिक्षा, सामाजिक समानता और कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित रहा। समाज में भेदभाव खत्म करने और हर व्यक्ति को बराबरी का हक दिलाने की उनकी सोच आज भी प्रासंगिक है। पार्टी कार्यालय के कार्यक्रम के बाद परिहार अपने क्षेत्र के विभिन्न आयोजनों में पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय साथियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान महापुरुषों के योगदान पर चर्चा करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने की अपील की।अंकित सिंह परिहार ने कहा कि सरदार पटेल की एकता और आचार्य नरेंद्र देव के सामाजिक न्याय के विचारों को साथ लेकर चलना आज की जरूरत है। समाज में भाईचारा बनाए रखने के साथ ही अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान और अधिकार दिलाना ही इन महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रमों में सपा के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।