डॉक्टर का नंबर चाहिए था : खाते से साफ हो गए दो लाख
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Sep 23, 2026
व्हाट्सएप पर आई पीडीएफ बनी ठगी का जरिया, दो दिन में छह से ज्यादा बार हुआ ट्रांजेक्शन
उन्नाव। डॉक्टर का मोबाइल नंबर तलाश रही हिरन नगर की एक महिला को साइबर ठगों ने अपने जाल में फंसा लिया। महिला के पास फोन करने के बाद ठग ने व्हाट्सएप पर एक पीडीएफ फाइल भेजी। इसमें मरीज से जुड़ी जानकारी भरने के लिए कहा गया। महिला ने इसे सामान्य प्रक्रिया समझकर जानकारी भर दी। इसके बाद उसके बैंक खाते से करीब दो लाख रुपये निकल गए। मामले में कोतवाली सदर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
गूगल पर नंबर खोजते ही आ गया फोन
हिरन नगर निवासी दीपा पत्नी जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो सितंबर को वह गूगल पर डॉक्टर आलोक पांडेय का मोबाइल नंबर खोज रही थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले से डॉक्टर के संबंध में बातचीत हुई। इसके बाद उसने व्हाट्सएप पर एक पीडीएफ फाइल भेजी।
मरीज की जानकारी भरते ही शुरू हुआ खेल
महिला के अनुसार पीडीएफ खोलने पर उसमें मरीज का नाम, वजन और उम्र जैसी जानकारी मांगी गई थी। उन्होंने अपने मोबाइल से मांगी गई जानकारी भर दी। इसके बाद उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी मिली। दो सितंबर को खाते से दो अलग-अलग बार में कुल एक लाख रुपये निकल गए।
अगले दिन भी लगातार होते रहे ट्रांजेक्शन
महिला की तहरीर के मुताबिक तीन सितंबर को भी खाते से रकम निकाली गई। इस दिन छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 99,957 रुपये निकाल लिए गए। दो दिनों में खाते से कुल 1,99,957 रुपये निकलने के बाद महिला को ठगी का पता चला।
22 सितंबर को पहुंची पुलिस के पास
रुपये निकलने की जानकारी होने के बाद महिला ने मामले की शिकायत कोतवाली सदर में की। 22 सितंबर को दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब रकम किन खातों में गई और फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।
साइबर ठगी का तरीका भी जांच के दायरे में
पुलिस के लिए यह भी जांच का विषय है कि महिला के खाते से रकम निकालने के लिए ठगों ने किस तरीके का इस्तेमाल किया। फोन कॉल के बाद व्हाट्सएप पर भेजी गई पीडीएफ में जानकारी भरवाने के बाद रकम निकलने की बात सामने आई है। पुलिस फोन नंबर, बैंक लेनदेन और डिजिटल ट्रांजेक्शन से जुड़े विवरण के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन