Fri 19 Jun 2026

ब्रेकिंग

साधु हत्याकांड के आरोपी के एनकाउंटर की होगी पड़ताल

570 करोड़ की 101 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप

नयन ज्योति अभियान: 166वें निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 113 मरीजों का परीक्षण

परिवार ने लगाए हत्या के आरोप

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

घने कोहरे में सतर्कता जरूरी : उन्नाव पुलिस की एडवाइजरी, रफ्तार पर लगाम की अपील

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Thu, Dec 18, 2025
Post views : 405

नवाबगंज टोल प्लाजा पर डीएम–एसपी का निरीक्षण, मौके पर लगे रिफ्लेक्टर

उन्नाव। सर्दी के मौसम के साथ ही जिले में घना कोहरा लोगों के लिए परेशानी और खतरे की वजह बनता जा रहा है। खासकर सुबह और देर रात के समय सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उन्नाव पुलिस ने यातायात सुरक्षा को लेकर विस्तृत एडवाइजरी जारी की है और वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोहरे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए जरूरी है कि वाहन चालक नियमों का पालन करें और जल्दबाजी से बचें।

तेज रफ्तार बनी हादसों की बड़ी वजह

यातायात पुलिस के अनुसार कोहरे के दौरान सबसे बड़ा खतरा तेज रफ्तार से होता है। दृश्यता कम होने के कारण सामने चल रहे वाहन, अचानक मोड़ या खड़े वाहन समय पर दिखाई नहीं देते। ऐसे में तेज गति जानलेवा साबित हो सकती है। पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि कोहरे में वाहन की गति सीमित रखें और हालात के अनुसार ही ड्राइव करें।

फॉग लाइट और हेडलाइट का सही इस्तेमाल जरूरी

एडवाइजरी में बताया गया है कि वाहन चलाते समय फॉग लाइट का सही तरीके से प्रयोग करें। हेडलाइट को हाई बीम पर रखने से सामने से आने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती है, इसलिए लो बीम का इस्तेमाल करें। अत्यधिक कोहरे की स्थिति में इमरजेंसी इंडिकेटर का प्रयोग तभी करें जब वाहन खड़ा हो या बेहद धीमी गति से चल रहा हो।

ओवरटेकिंग से बचें, दूरी बनाकर चलें

पुलिस ने साफ कहा है कि कोहरे में बार-बार लेन बदलना और ओवरटेक करना जोखिम भरा होता है। आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें ताकि अचानक ब्रेक लगने की स्थिति में समय पर प्रतिक्रिया दी जा सके। यदि दृश्यता बहुत कम हो जाए तो जोखिम उठाने के बजाय सुरक्षित स्थान पर वाहन रोकना ही बेहतर विकल्प है।

रिफ्लेक्टर टेप पर खास जोर

कोहरे में वाहनों की पहचान के लिए रिफ्लेक्टर टेप बेहद जरूरी माना गया है। पुलिस ने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर टेप जरूर लगवाएं, जिससे अंधेरे और कोहरे में वाहन दूर से ही नजर आ सकें।

टोल प्लाजा पर अधिकारियों का औचक निरीक्षण

इसी क्रम बुधवार देर शाम को जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने क्षेत्राधिकारी हसनगंज अरविंद कुमार चौरसिया के साथ थाना अजगैन क्षेत्र के नवाबगंज टोल प्लाजा का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कोहरे के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने टोल प्रशासन और प्रभारी निरीक्षक अजगैन को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोहरे के समय किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। भारी और हल्के सभी वाहनों में रिफ्लेक्टर टेप अनिवार्य रूप से लगवाने को कहा गया। इस दौरान मौके पर मौजूद कई वाहनों में तत्काल रिफ्लेक्टर टेप भी लगवाए गए।

प्रशासन की अपील: नियम मानें, सुरक्षित रहें

जिला प्रशासन और पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि कोहरे के मौसम में संयम और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। थोड़ी सी सावधानी न सिर्फ आपकी, बल्कि दूसरों की जान भी बचा सकती है। नियमों का पालन करें, जल्दबाजी से बचें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन